रायबरेली में भूमि विवाद में खूनी संघर्ष, महिला की हत्या और चार की हालत नाजुक
रायबरेली के चंदापुर में भूमि विवाद में एक महिला की हत्या हो गई और चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। लामी चौराहे के पास होशिला प्रसाद पाल और रवींद्र यादव के बीच पांच साल से भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चले जिसमें सुनीता नामक महिला की मौत हो गई। घायलों का इलाज चल रहा है।

संवादसूत्र, जागरण महराजगंज (रायबरेली)। चंदापुर के लामी चौराहे के पास मनबढ़ों ने एक परिवारजन पर हमला कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी डंडे चलने लगे। घटना में मनबढ़ों की पिटाई से एक महिला की मौत हो गई, जबकि दोनों पक्षों के अन्य चार लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक लामी मजरे ज्योना चौराहे पर होशिला प्रसाद पाल व रवींद्र यादव की अगल-बगल भूमि है। इसी भूमि के कुछ हिस्से को लेकर दोनों पक्षों के बीच करीब पांच साल से विवाद चल रहा है, जिसको लेकर आए दिन दोनों पक्षों के बीच झड़प होती रहती है। रविंद्र के परिवारजन का कहना है कि करीब छह महीने पहले रवींद्र ने इस भूमि पर निर्माण शुरू कराया।
आरोप है कि हौसिला जबरन निर्माण को रोक रहे है। इसी को लेकर शनिवार की देर रात भी आरोपितों ने मारपीट की थी, जिसमें रवींद्र घायल हो गए। उनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। रविवार को रवींद्र के भाई राजेंद्र, सुरेंद्र, रामू अपने साथियों के साथ निर्माणाधीन मकान की छत डालने की तैयारी कर रहे थे। जिसमें छत की शटरिंग भी लग गई।
परिवारजन का आरोप है कि इसी बीच हौसिला की ओर से जनई निवासी शैलेंद्र सिंह, अभिषेक सिंह समेत 20 से 25 मनबढ़ वहां पहुंचे और काम बंद करने के लिए कहा। विरोध करने पर मनबढ़ों ने गाली गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस पर दोनों पक्षों में जमकर लाठी चली। घटना रवींद्र की बहन सुनीता, भाई राजेंद्र, रामू व दूसरे पक्ष से शैलेंद्र, अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर पहुंची डायल 112 ने सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया, जहां हालत नाजुक होने के चलते सुनीता, शैलेंद्र व अभिषेक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही सुनीता की मौत हो गई, जबकि दूसरे पक्ष के शैलेंद्र व अभिषेक का जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
थानाध्यक्ष प्रशांत द्विवेदी ने बताया कि शनिवार की रात दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी, जिसका मुकदमा दर्ज है। दर्ज मुकदमे धाराएं बढ़ाई जाएंगी।
एस डी एम ने कराई थी भूमि चिन्हांकन
बताया जा रहा है कि भूमि विवाद को लेकर दोनों पक्ष उपजिलाधिकारी के पास भी गए थे। करीब एक वर्ष से मामला सिविल कोर्ट में विचाराधीन है। एसडीएम सचिन यादव का कहना है कि कुछ दिन पूर्व दोनों पक्षों की मांग पर भूमि का चिन्हांकन कराया गया था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।