किसानों के हित में तीनों बिल सरकार को वापस लेने चाहिए: अखिलेश
चित्रकूट से लखनऊ जाते समय गुरुबक्शगंज में रुके पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार पर किया कटाक्ष

रायबरेली : सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि सपा किसानों के आंदोलन का समर्थन करती है। सरकार को किसानों की मांग को मान लेना चाहिए। तीनों बिल किसान के हित में नहीं हैं। मौजूदा सरकारों ने पूरे देश में किसानों, नौजवानों, गरीब, मजदूरों व व्यापारियों के सामने अनेक समस्याएं खड़ी कर दी हैं।
शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री चित्रकूट से लखनऊ जा रहे थे। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार की योजनाओं के नाम बदल कर भाजपा वाहवाही लूटने की कोशिश कर रही है। भाजपा सरकार में सबसे ज्यादा असुरक्षित महिलाएं और बेटियां हैं। कहा कि सुनने में आया है कि इधर जब से भाजपा की सरकार बनी है, कई गुना अपराध का ग्राफ बढ़ गया है। सपा सरकार बनेगी तो पत्रकारों के क्लब को सुविधाएं देंगे। कहा कि चिन्हित लोगों पर बुलडोजर चला रही है भाजपा, ऐसी परंपरा डालना महंगा पड़ेगा।
गेगासो बॉर्डर पर सरेनी के पूर्व विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने स्वागत किया। लालगंज में नगर पंचायत अध्यक्ष रामबाबू गुप्ता ने चाय का आग्रह किया तो अखिलेश रुककर कुल्हड़ में चाय भी पी। इस दौरान कार्यकर्ताओं में उनके साथ सेल्फी लेने और फोटो खिचवाने की होड़ लगी रही। सुरक्षा कर्मियों ने सख्ती की तो पूर्व सीएम ने खुद आगे आकर अपने फोटोग्राफर से उनके साथ तस्वीर खिचवाई। ब्लॉक अध्यक्ष सरयू प्रसाद कोरी, खीरों अध्यक्ष डॉ. संत लाल यादव, लालगंज के गांधी चौराहे पर रामनाथ यादव ने स्वागत किया। बछरावां में जगह-जगह स्वागत हुआ। कहा कि जब तक हर गरीब को वैक्सीन नहीं लग जाती तब तक समाजवादी कार्यकर्ता वैक्सीन नहीं लगवाएगा। पूर्व विधायक रामलाल अकेला, श्यामसुंदर भारती, नगर पंचायत अध्यक्ष शिवेंद्र सिंह मौजूद रहे।
प्रियंका से पूछा लैपटाप मिला या नहीं
सरेनी के गंगागंज में पूर्व सीएम ने प्रियंका यादव से पूछा कि मेरी सरकार में लैपटॉप मिला था कि नहीं। इस पर प्रियंका ने बताया मिला था और चल भी रहा है। अब अपने भाई बहनों को भी सिखाया है। इस पर उन्होंने प्रियंका को शाबाशी दी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।