विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 17, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कांग्रेस ने मुसलमानों का सबसे ज्यादा किया नुकसान : जव्वाद

By Edited By:
Published: Tue, 17 Sep 2013 01:09 AM (GMT+05:30)Updated: Tue, 17 Sep 2013 01:10 AM (GMT+05:30)

News Article Hero Image

कार्यालय संवाददाता, रायबरेली : दिल्ली के महरौली स्थित गौसिया मस्जिद को गिराने के विरोध में सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र में सोमवार को आयोजित रोड शो में शिया धर्म गुरु मौलाना कल्बे जव्वाद ने कहा कि कांग्रेस ने मुसलमानों का सबसे ज्यादा नुकसान किया है। उन्होंने कहा कि दंगे नहीं रुके तो सपा को सत्ता से हटा दिया जायेगा।

उन्होंने कहारों के अड्डे पर सभा करने के बाद डिग्री कालेज चौराहे तक रोड शो किया और एडीएम प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। रोड शो में हजारों की संख्या में शिया और सुन्नी समुदाय के लोग शामिल हुए। दोपहर बाद बड़े काफिले के साथ शहर आए मौलाना ने कहा कि तबियत ठीक नहीं है। टायफाइड से पीड़ित हूं, लेकिन अल्लाह के आदेश पर रायबरेली आया हूं। मुसलमान दुनिया भर में निशाने पर हैं। यमन, सीरिया, अफगानिस्तान और पाकिस्तान में मुसलमान-मुसलमान को मार रहा। अन्य जगह भी मुसलमान मारे जा रहे। अब समय आ गया कि शिया और सुन्नी दोनों समुदाय एकजुट होकर धर्म, अल्लाह और मस्जिद के लिए एत्हाद (एकता) करें। राजनीतिक दलों ने अपने हित के लिए मुसलमानों को लड़ाया है। मुजफ्फरनगर, मेरठ , दिल्ली हर जगह मुसलमानों का नुकसान हो रहा है।

मौलाना ने कहा कि 65 साल पहले हिंदुस्तान आजाद हुआ था, लेकिन मुसलमान आजाद नहीं हुआ। राजनीतिक दलों ने वोट के लिए गुलाम बनाकर रखा। मैं किसी पार्टी का वफादार नहीं हूं। आजादी के बाद से कांग्रेस ने सबसे ज्यादा समय तक हुकूमत की है। कांग्रेस ने मुसलमानों का सबसे ज्यादा नुकसान किया। भाजपा ने बीस साल पहले एक बाबरी मस्जिद गिराई थी। कांग्रेस ने दिल्ली में गौसिया मस्जिद सहित पांच मस्जिदें शहीद कराई हैं। कांग्रेस भाजपा से पांच गुना अधिक मुसलमान विरोधी है। रायबरेली के मुसलमान ये समझें कि कांग्रेस की राजनीति से अब तक कोई भला नहीं हुआ। मुसलमानों ने यूपी की सरकार को सत्ता तक पहुंचाया है। प्रदेश में दंगे न रुके तो सपा को सत्ता से हटा दिया जाएगा। सभा के बाद मौलाना रोड शो करते हुए कलेक्ट्रेट के निकट डिग्री कालेज चौराहे पहुंचे। एडीएम प्रशासन ओपी चौबे ने मौलाना से चार सूत्रीय ज्ञापन लिया।

प्रमुख मांगें

-नई दिल्ली के महरौली क्षेत्र में गौसिया मस्जिद शहीद करने वाले डीडीए के वाइस चेयरमैन और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाए।

-छोटी करबला जोरबाग को झूठा शपथ पत्र देकर सरकारी जमीन बताने वाले महमूद अहमद के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए, जांच में महमूद अहमद की ओर से दस्तावेजों में जालसाजी की गई है।

-चेहल्लुम के मौके पर 15 जनवरी 2012 को शाहे मर्दा नई दिल्ली में भू-माफियाओं के इशारे पर पुलिस द्वारा जायरीन पर की गई फायरिंग प्रकरण की न्यायिक जांच कराई जाए।

-करबला जोरबाग में दिल्ली उच्च न्यायालय के अनुसार लाइसेंस एग्रीमेंट का पालन कराया जाए और दोषियों के विरुद्ध एफआईआर नंबर 18/2012, 144/2012 व 147/2012 पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर