Vidhan Sabha Chunav 2027 : चुनावी रण में पहली लड़ाई प्रयागराज में भाजपा की अपने आप से होगी, क्या है कारण?
प्रयागराज में 2027 विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की तैयारियां तेज हैं। प्रयागराज में भाजपा और सहयोगी दल के पास ...और पढ़ें

विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर प्रयागराज: में भाजपा की तैयारियों के बीच चुनौतियां भी हैं।
HighLights
प्रयागराज में भाजपा और सहयोगी दल के पास 12 में से आठ सीटें
जनपद में चार सीटें सपा के पास, उन्हें बचाने की होगी बड़ी चुनौती
अमलेन्दु त्रिपाठी, प्रयागराज। Vidhan Sabha Chunav 2027 वर्ष 2022 से बड़ी जीत का दावा करके 2027 के रण में उतरने वाली भाजपा संगठन के कील-कांटे दुरुस्त करने में जुटी है। प्रदेश के साथ जनपदों के प्रभारी घोषित हो चुके हैं। प्रभारियों ने दायित्वाधीन जिलों में परिचय बैठक के साथ बूथ जीतने के लिए रणनीतिक विमर्श शुरू कर दिया है।
भितरघात की स्थिति बन सकती है?
उधर, सभी विधानसभा सीटों पर टिकट के दावेदार गुणा गणित में लगे हैं। कई जगहों पर ऐसी परिस्थितियां हैं यदि टिकट के आवेदकों को अवसर न मिला तो वे पाला बदल सकते हैं या भितरघात की स्थिति बन सकती है। कहना गलत न होगा कि पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र में जिस तरह का वातावरण बना था, वही घटनाक्रम दोहराया जा सकता है अर्थात भाजपा की पहली लड़ाई अपने आप से है।
प्रयागराज की किस सीट पर किसका है कब्जा
Vidhan Sabha Chunav 2027 पिछले दो विधानसभा चुनाव के नतीजों पर नजर दौड़ाएं तो प्रयागराज की 12 विधानसभा सीटों में से आठ पर भाजपा और उसके सहयोगी दलों ने जीत दर्ज की। इस बार यह आंकड़ा क्या होगा कहना कठिन है लेकिन समीकरण उलझाऊ हैं। शहर उत्तरी विधानसभा भाजपा का गढ़ मानी जाती है। लगातार दो बार से विधायक हर्षवर्धन वाजपेई जीत दर्ज कर रहे हैं। तीसरी बार भी वह स्वयं को मजबूत दावेदार बताने में पीछे नहीं हैं।
केशव मौर्य की शहर उत्तरी में बढ़ी गतिविधियां
संगठन के सूत्रों के अनुसार उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य इसी शहर उत्तरी सीट से मैदान में आ सकते हैं। चाय पर चर्चा, प्रबुद्धजनों से संवाद के साथ यहां उनकी बढ़ी गतिविधियां इसी ओर इशारा कर रही हैं। ऐसे में वर्तमान विधायक का रुख क्या होगा कहना कठिन है। कई और नाम हैं जो इस सीट से दावेदारी में पीछे नहीं हैं। इलाहाबाद दक्षिणी सीट पर कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्त नन्दी प्रभावी हैं। महापौर गणेश केसरवानी के साथ पूर्व राज्यपाल स्व. पं. केशरीनाथ त्रिपाठी के पुत्र व इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवार रहे नीरज त्रिपाठी और मंत्री नन्दी से चुनाव हारने के बाद भाजपा में शामिल हुए रईस चंद्र शुक्ल भी दौड़ का हिस्सा माने जा रहे हैं।
पश्चिमी सीट पर इनकी भी दावेदारी
इलाहाबाद पश्चिमी सीट कभी माफिया अतीक के प्रभाव वाली थी। दो बार से पूर्व मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह यहां कमल खिला रहे हैं। सपा से भाजपा में आई ऋचा सिंह और विधायक पूजा पाल की दावेदारी के भी इस सीट से कयास लगाए जा रहे हैं। इन सब से हट कर महानगर अध्यक्ष संजय गुप्त का कहना है कि टिकट के संदर्भ में शीर्ष नेतृत्व निर्णय लेगा। हम सब एकजुट हैं। पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी के लिए कमल उम्मीदवार है उसे ही जिताना है।
गंगापार में भाजपा की तीन सीटें सहयोगी दलों के पास
जनपद की सोरांव विधानसभा सीट (एससी) सुरक्षित है। समझौते के तहत भाजपा ने इसे अपना दल एस को दे रखी है। 2022 में भाजपा गठबंधन के उम्मीदवार डॉ. जमुना प्रसाद सरोज मैदान में थे लेकिन सपा की गीता शास्त्री ने जीत दर्ज की। इस सीट पर भाजपा गंगापार की जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान और एमएलसी सुरेन्द्र चौधरी जोर लगा रहे हैं। हंडिया विधानसभा सीट पर सपा के हाकिमलाल बिंद काबिज हैं। स्थानीय समीकरणों के आधार पर भाजपा के सहयोगी दल निषाद पार्टी के प्रशांत कुमार सिंह की दावेदारी है। पिछले चुनाव में उन्हें दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा था। यहां से डीसीएफ चेयरमैन अजय पांडेय भी प्रयासरत हैं। इस विधानसभा में ब्राह्मण, बिंद, पटेल और मौर्य मतदाताओं की बड़ी संख्या है।
प्रतापपुर सीट पर सपा का है कब्जा
Vidhan Sabha Chunav 2027 प्रतापपुर विधानसभा सीट अभी सपा के पास है, विजमा यादव विधायक हैं। पिछली बार भाजपा के सहयोगी दल अपना दल एस के टिकट पर राकेशधर त्रिपाठी मैदान में थे, इस बार की स्थिति साफ नहीं है। फूलपुर सीट पर विधायक दीपक पटेल के साथ जिला महामंत्री अनिरुद्ध पटेल, ब्लाक प्रमुख जितेंद्र पटेल और फाफामऊ विधानसभा में विधायक गुरु प्रसाद मौर्य की दीपा मौर्य, पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल पांडेय, विधायक प्रभाशंकर पांडेय के साथ रस्साकसी चल रही है।
यमुनापार में सीटों को बचाने की बड़ी चुनौती
यमुनापार की चार में से तीन सीटें भाजपा और सहयोगी दलों के पास हैं। मेजा विधानसभा सीट पर सपा के संदीप पटेल विधायक हैं। यहां भाजपा की ओर से पूर्व विधायक स्व. नीलम करवरिया के परिवार व राजू शुक्ल, सुशील मिश्र के साथ बीएसपी से भाजपा में आए कई नाम के लिए कोशिश करते दिख रहे हैं। करछना में विधायक पीयूष रंजन निषाद को पार्टी उपाध्यक्ष पुष्पराज सिंह पटेल, ज्ञान सिंह पटेल के साथ टिकट के लिए खींचतान करनी पड़ सकती है। बारा सीट भाजपा ने अपना दल एस के खाते में दी है। डॉ. वाचस्पति विधायक हैं। यहां पूर्व जिलाध्यक्ष विभवनाथ भारती ने जोर लगा रखा है। कोरांव में भाजपा विधायक राजमणि कोल को टिकट के लिए शिवसेना से आई आरती कोल और दो बार बसपा से विधायक रहे राजबलि जैसल से चुनौती मिलने की उम्मीद है। राजबलि जैसल अब भाजपा के साथ आ चुके हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।