प्रयागराज के मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में MBBS की 50 सीटें बढ़ेंगी, हाल ही में PG की 16 बढ़ाई गईं
मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, प्रयागराज में एमबीबीएस की 50 सीटें बढ़ाने की तैयारी चल रही है, जिसके लिए कॉलेज प्रशासन ...और पढ़ें

प्रयागराज के मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 50 सीटें बढ़ाने की तैयारी है।
HighLights
बैचलर ऑफ मेडिसिन एंड बैचलर ऑफ सर्जरी (एमबीबीएस) की सीटें भी बढ़ाने की तैयारी
वर्ष 1961 में 50 सीटों से हुई थी शुरुआत, इस समय 200 सीटों पर हर साल होते दाखिले
यूपी ही नहीं देश के अन्य प्रदेशों के भी चिकित्सा शिक्षा के छात्र-छात्राएं यहां लेते हैं दाखिला
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। मोतीलाल नेहरू (MLN) मेडिकल कॉलेज में पोस्ट ग्रेजुएशन (पीजी) की 16 सीटें हाल ही में बढ़ाई गईं हैं। अगले शिक्षण सत्र से इनमें दाखिले भी शुरू हो जाएंगे। इसी के साथ अब बैचलर ऑफ मेडिसिन एंड बैचलर ऑफ सर्जरी (एमबीबीएस) की 50 सीटें भी बढ़ाने की तैयारी है। कॉलेज प्रशासन ने इसके लिए विभागीय कार्यवाही शुरू कर दी है।
वर्तमान में यहां एमबीबीएस की 200 सीटें
वर्ष 1961 में एमबीबीएस की महज 50 सीटों के साथ मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज की शुरुआत हुई थी। इसके बाद समय-समय पर यहां 150 सीटें और बढ़ गईं। वर्तमान में यहां एमबीबीएस की 200 सीटें हैं। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के अलावा देश के अन्य प्रदेशों व शहरों के 200 विद्यार्थी हर साल यहां एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए दाखिला लेते हैं। वहीं तमाम विद्यार्थी सीट न मिलने के कारण मायूस भी हो जाते हैं।
नेशनल मेडिकल काउंसिल इस प्रस्ताव की जांच करेगा
प्राचार्य डॉ. एके वर्मा ने बताया कि पीजी की 16 सीटें हाल ही में बढ़ गईं हैं। यह कॉलेज के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। अब जल्द ही एमबीबीएस की 50 सीटें और बढ़ जाएंगी। इसके लिए कवायद शुरू हो गई है। सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसे नेशनल मेडिकल काउंसिल को भेजा जाएगा। नेशनल मेडिकल काउंसिल इस प्रस्ताव की जांच करेगा। सब कुछ ठीक रहा तो जल्द ही सीटें बढ़ जाएंगी।
16 चिकित्सक मिलने से मरीजों को सहूलियत
पोस्ट ग्रेजुएशन की सबसे अधिक पांच सीटें पैथालाजी विभाग में बढ़ाई गईं हैं। पहले इसमें आठ सीटें थीं, जो अब 13 हो गईं हैं। रेडियोलोजी के एक्स-रे में पहले चार सीटें थीं। चार सीट और बढ़ने से इनकी संख्या आठ हो गई है। इसी तरह आर्थो में पीजी की सीटें 11 से बढ़कर 15, रेडियो थिरेपी में दो से बढ़कर पांच, और रेडियो डायग्नोसिस में पीजी की सीटें चार से बढ़कर आठ हो गई हैं। इस तरह पोस्ट ग्रेजुएशन के लिए एमबीबीएस कर चुके 16 और चिकित्सक यहां दाखिला लेंगे। इससे अस्पताल में व्यवस्था बेहतर होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।