बिजली विभाग के लिए क्यों सिरदर्द बने प्रयागराज मंडल में 4 जिलों के 2.54 लाख उपभोक्ता? खोजे नहीं मिल रहे
प्रयागराज मंडल में 2.54 लाख बिजली उपभोक्ता कनेक्शन लेने के बाद से बिल जमा नहीं कर रहे हैं, जिससे बिजली ...और पढ़ें

प्रयागराज मंडल में बिजली बिल नहीं चुकाने वाले 2 लाख 54 हजार उपभोक्ताओं का विभाग पता नहीं लगा पा रहा है।
HighLights
कनेक्शन लेने के बाद एक बार भी नहीं जमा किया बिल
नेवर पैड सूची में किया गया शामिल, काटे जाएंगी लाइनें
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। मंडल के करीब 2.54 लाख उपभोक्ताओं को बिजली विभाग खोज रहा है। यह ऐसे उपभोक्ता हैं, जिन्होंने कनेक्शन लेने के बाद एक भी बार बिजली का बिल नहीं जमा किया है। इनको नेवर पैड सूची में शामिल कर लिया गया है। इनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, इसमें से अधिकांश उपभोक्ता बिजली विभाग के अधिकारियों को खोजे नहीं मिल रहे हैं।
बिजली विभाग के शीर्ष स्तर से सभी अधीक्षण, अधिशासी अभियंताओं के साथ ही उपखंड अधिकारियों को पिछले दिनों निर्देश दिया गया कि वह ऐसे उपभोक्ताओं की सूची बनाएं, जिन्होंने आठ वर्ष के भीतर कनेक्शन तो लिया, लेकिन बिजली के बिल का एक भी बार भुगतान नहीं किया।
इसके बाद मंडल के प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशांबी और फतेहपुर जनपद के अधिकारियों ने ऐसे उपभोक्ताओं को खंगालना शुरू किया तो पता चला इनकी संख्या 2.54 लाख है। प्रयागराज में करीब 1.05 लाख, प्रतापगढ़ में 60 हजार, कौशांबी में 42 हजार और फतेहपुर में 43 हजार हैं। इन सभी को नेवर पैड सूची में शामिल करने के निर्देश दिए गए।
कहा गया कि इनका पता लगाकर बकाया बिजली का बिल का भुगतान कराया जाए। भुगतान न करने वालों की लाइन काट दी जाए। नोटिस के बाद आरसी जारी किया जाए। अधिकारियों ने इन उपभोक्ताओं की तलाश शुरू की तो करीब 30 प्रतिशत के बारे में अभी तक जानकारी ही नहीं मिल सकी है। इसके लिए पार्षद, प्रधान की मदद ली जा रही है।
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के मुख्य अभियंता प्रथम राजेश कुमार का कहना है कि नेवर पैड सूची में शामिल उपभोक्ताओं से बकाए का भुगतान कराया जा रहा है। जिन उपभोक्ताओं का अभी पता नहीं चला है, उसके लिए टीमें लगी हैं। तय समय में सभी का पता लगा लिया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।