अब नहीं लगानी होगी कुली-कुली की आवाज, ट्रेन टिकट के PNR नंबर से ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे यात्री
रेलवे जल्द ही यात्रियों को PNR नंबर के ज़रिए कुली और ह्वीलचेयर की ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा देगा। यह सुविधा ...और पढ़ें

ट्रेन टिकट के PNR नंबर से कुली और ह्वीलचेयर की ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा रेलवे देगा। जागरण आर्काइव
HighLights
कुली के अलावा ह्वीलचेयर की भी मिलगी ऑनलाइन बुकिंग सुविधा
बुजुर्गों, दिव्यांगों व भारी सामान संग यात्रा करने वालों को मिलेगी राहत
रेलवे के आधिकारिक मोबाइल ऐप और वेबसाइट के माध्यम से कर सकेंगे
राजेंद्र यादव, प्रयागराज। यात्रियों को बड़ी राहत देने की तैयारी रेलवे ने की है। यात्री अब रेलवे के आधिकारिक मोबाइल ऐप और वेबसाइट के माध्यम से अपने ट्रेन टिकट के पीएनआर नंबर का उपयोग करके कुली व व्हीलचेयर की ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे। दिसंबर से यह व्यवस्था शुरू होने की उम्मीद है। इस सुविधा से यात्रियों को मनमाने पैसे मांगने (ओवरचार्जिंग) की समस्या से राहत मिलेगी और किराए की जानकारी पहले ही स्पष्ट होगी।
हेल्पलाइन 139 पर फोन कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं
इस पहल से बुजुर्गों, दिव्यांगों और भारी सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा सहूलियत होगी। साथ ही यदि किसी यात्री को कुली से संबंधित कोई शिकायत है या अतिरिक्त पैसों की मांग होती है, तो वे तत्काल रेलवे के आल-इन-वन हेल्पलाइन नंबर 139 पर फोन कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
ओवरचार्जिंग की समस्या से भी निजात मिल जाएगी
रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के आते ही उसमें सवार यात्रियों द्वारा कुली-कुली की आवाज लगाई जाती है। कुलियों के पहुंचने पर रेट को लेकर मोलभाव किया जाता है। इसे लेकर उत्तर मध्य रेलवे का प्रयागराज मंडल पहली बार कुलियों की ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा शुरू करने जा रहा है। इस पहल से यात्रियों को ओवरचार्जिंग की समस्या से भी निजात मिल जाएगी।
कुली को पहले से ही बुक कर सकेंगे
नई व्यवस्था के लागू होने के बाद यात्री रेलवे के अधिकृत एप या वेबसाइट के माध्यम से अपनी ट्रेन के आगमन या प्रस्थान के समय के अनुसार कुली को पहले से ही बुक कर सकेंगे। जैसे ही यात्री स्टेशन पहुंचेगा, बुक किया गया कुली निर्धारित स्थान पर मौजूद रहेगा। इस सेवा के लिए एक पारदर्शी डिजिटल भुगतान प्रणाली विकसित की जा रही है, जिससे यात्रियों को पहले से पता होगा कि उन्हें कितना शुल्क देना है।
आदेश जारी होने के बाद मिलेगी सुविधा
प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित सिंह का कहना है कि लंबे समय से इस पर विचार किया जा रहा था। कुली और ह्वीलचेयर की ऑनलाइन बुकिंग का आदेश जैसे ही जारी होगा, इसे लागू किया जाएगा।
कुलीवाला मोबाइल एप से होगी बुकिंग
कुलीवाला मोबाइल एप के माध्यम से यह व्यवस्था लागू की जाएगी। सफर के दौरान या घर बैठे आप मोबाइल फोन से ही कुली की बुकिंग करा सकेंगे। यह एप प्लेस्टोर पर उपलब्ध होगा। एप में स्टेशनों पर तैनात कुली की संख्या, नाम, मोबाइल नंबर और किराया आदि विवरण फीड रहेगा। यात्री एप के माध्यम से पीएनआर/टिकट नंबर, मोबाइल नंबर, नाम, सामान, स्टेशन और स्थल आदि विवरण दर्ज करते हुए कुली की बुकिंग कर सकेंगे। इसका भुगतान गूगल पे, फोन पे, पेटीएम, डेबिट, क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग से किया जा सकेगा। साथ ही नकद देने की भी सुविधा होगी।
कुली के पास आटोमेटिकट एसएमएस और फोन जाएगा
बुकिंग होते ही कुली के पास आटोमेटिकट एसएमएस और फोन जाएगा। स्टेशन से प्लेटफाार्म तक जाना हो या फिर ट्रेन से लगेज लेकर सर्कुलेटिंग एरिया तक आना हो, सभी कुली तय स्थल मिलेंगे। यही व्यवस्था व्हीलचेयर को भी लेकर रहेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।