41वीं अखिल भारतीय प्राइजमनी इंदिरा मैराथन: 19 नवंबर को इतिहास रचने को होगी देशभर के धावकों में जंग
प्रयागराज में 19 नवंबर को 41वीं अखिल भारतीय प्राइजमनी इंदिरा मैराथन का आयोजन होगा, जिसमें देशभर के धावक ₹2 लाख ...और पढ़ें

इंदिरा मैराथन की प्रेस वार्ता में बोलते जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा
HighLights
इंदिरा मैराथन के पुरुष और महिला वर्ग की विजेता को दो लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा
पूर्व पीएम इंदिरा गांधी की जयंती पर प्रयागराज में मैराथन, सड़कों पर होगा शक्ति प्रदर्शन
आनंद भवन से मदन मोहन मालवीय स्टेडियम तक 42.195 किमी की आयोजित होगा मैराथन
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। 19 नवंबर को संगम नगरी की सड़कों पर एक बार फिर हजारों कदम इतिहास रचने के इरादे से दौड़ेंगे। 41वीं अखिल भारतीय प्राइजमनी इंदिरा मैराथन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। देशभर के धावकों को आकर्षित करने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में इस बार पुरुष और महिला वर्ग में फुल मैराथन के साथ हाफ मैराथन भी आयोजित होगी। मैराथन के विजेता को दो लाख रुपये का पुरस्कार मिलेगा।
डीएम ने की पत्रकार वार्ता
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि फुल मैराथन की शुरुआत ऐतिहासिक आनंद भवन से होगी और समापन मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में होगा। 42.195 किलोमीटर की मैराथन होगी।
इंदिरा मैराथन का रूट
धावक तेलियरगंज, म्योहाल, हाईकोर्ट, हनुमान मंदिर, सीएवी डिग्री कॉलेज, बेहराना, नया पुल, महेवा रोड और मामा भांजा चौराहा होते हुए दादूपुर पहुंचेंगे। भारत पेट्रोलियम पंप से लगभग 20 मीटर आगे निर्धारित वापसी स्थल से लौटकर धावक स्टेडियम में अपनी दौड़ पूरी करेंगे। हाफ मैराथन की दूरी 21.097 किलोमीटर होगी। दोनों प्रतियोगिताओं में पुरुष और महिला वर्ग के लिए अलग-अलग मुकाबले होंगे।
दो लाख रुपये के लिए होगी कड़ी प्रतिस्पर्धा
प्रतियोगिता में पुरस्कार राशि भी धावकों के आकर्षण का बड़ा केंद्र रहेगी। फुल मैराथन के पुरुष और महिला वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को दो-दो लाख रुपये दिए जाएंगे। दूसरे स्थान पर रहने वाले को एक लाख और तीसरे स्थान पर आने वाले को 75-75 हजार रुपये मिलेंगे। दोनों वर्गों में 11-11 सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे, जिनमें प्रत्येक पुरस्कार 10 हजार रुपये का होगा। हाफ मैराथन में भी विजेताओं पर पुरस्कारों की बरसात होगी। पुरुष और महिला वर्ग में प्रथम पुरस्कार 51 हजार, द्वितीय 21 हजार और तृतीय 11 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अलावा तीन सांत्वना पुरस्कार के रूप में 5100-5100 रुपये दिए जाएंगे।
तकनीक बताएगी हर धावक की रफ्तार
इस बार मैराथन में आधुनिक तकनीक की भी अहम भूमिका होगी। प्रत्येक धावक को आरएफआईडी ट्रैकिंग चिप युक्त बिब नंबर दिया जाएगा। इससे दौड़ के दौरान उसकी प्रगति पर नजर रखी जा सकेगी। टाइमिंग सिस्टम के जरिए समय का सटीक रिकार्ड तैयार होगा। धावकों की सुविधा के लिए पूरे मार्ग में पेयजल, जलपान और हाइड्रेशन की व्यवस्था की जाएगी। चिकित्सा टीम और एंबुलेंस तैनात रहेंगी। इसके साथ ही चेंजिंग रूम, स्वयंसेवकों और दौड़ पूरी करने के बाद रिकवरी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
18 नवंबर तक करा सकेंगे पंजीकरण
मैराथन में शामिल होने के इच्छुक धावक 18 नवंबर तक पंजीकरण करा सकते हैं। आनलाइन पंजीकरण के लिए www.indiramarathon.co.in की सुविधा उपलब्ध है। ऑफलाइन पंजीकरण मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक कराया जा सकेगा। प्रतिभागी की आयु 19 नवंबर 2026 को कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए।
चार दशक से कायम है मैराथन का गौरव
इंदिरा मैराथन की शुरुआत वर्ष 1985 में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की स्मृति में उनके जन्मदिवस पर हुई थी। तत्कालीन खेल विभाग ने 19 नवंबर को पुरुष और महिला वर्ग में मैराथन आयोजित करने का निर्णय लिया था। पहली प्रतियोगिता में पुरस्कार तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी के करकमलों से वितरित किए गए थे। चार दशक से अधिक समय में यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना चुका है। इसमें देश के प्रतिष्ठित धावकों के अलावा पुलिस, पीएसी, सीआरपीएफ, रेलवे और अर्धसैनिक बलों के खिलाड़ी भी हिस्सा लेते रहे हैं।
मैराथन के दौरान बदलेगी शहर की यातायात व्यवस्था
प्रतियोगिता के मद्देनजर शहर के कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। आनंद भवन से तेलियरगंज, म्योहाल, धोबी घाट, हीरा हलवाई चौराहा, हाईकोर्ट, हनुमान मंदिर, सुभाष चौराहा, बिग बाजार और सर्किट हाउस तक सुबह छह बजे से 8:15 बजे तक यातायात प्रभावित रहेगा। दूसरे चरण में सीएवी पीजी कॉलेज, पन्नालाल रोड, स्वरूपरानी मार्ग, मेडिकल चौराहा, केपी कॉलेज गेट, नए पुल, महेवा, चाका, उमरगंज, मलाका और दादूपुर रीवा रोड तक सुबह छह बजे से 11 बजे तक यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।