वाराणसी-साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस प्रयागराज होकर अब रोज चलेगी, यूपी-राजस्थान व गुजरात को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी
रेलवे ने वाराणसी से साबरमती के बीच प्रयागराज होकर चलने वाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस का प्रतिदिन संचालन होगा। इससे यूपी, राजस्थान और गुजरात के बीच रेल कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

वाराणसी-साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस दो नवंबर से वाराणसी और चार नवंबर से साबरमती से नियमित चलेगी।
HighLights
दो नवंबर से वाराणसी और चार नवंबर से साबरमती से नियमित चलेगी
प्रयागराज के सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन पर पांच मिनट का स्टापेज होगा
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। वाराणसी से गुजरात के साबरमती तक रेल यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे ने वाराणसी–साबरमती–वाराणसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस का नियमित संचालन प्रतिदिन शुरू करने का निर्णय लिया है। इस ट्रेन के चलने से उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के कई प्रमुख शहरों के बीच रेल कनेक्टिविटी बेहतर होगी। खास बात यह है कि ट्रेन प्रयागराज के सूबेदारगंज स्टेशन पर भी ठहराव करेगी।
वाराणसी से दो नवंबर को नियमित चलेगी
रेल प्रशासन के अनुसार गाड़ी संख्या 12206 वाराणसी–साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस दो नवंबर 2026 से प्रतिदिन चलेगी। वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 12205 साबरमती–वाराणसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस का नियमित संचालन चार नवंबर से शुरू होगा। इस ट्रेन सेवा का उद्घाटन 30 अक्टूबर को विशेष ट्रेन के रूप में किया गया था।
सूबेदारगंज में रात 8:35 पर पहुंचेगी
गाड़ी संख्या 12206 वाराणसी से प्रतिदिन शाम 5:30 बजे रवाना होगी। यह मीरजापुर में शाम 7:08 बजे और सूबेदारगंज में रात 8:35 बजे पहुंचेगी। यहां पांच मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन आगे बढ़ेगी। गोविंदपुरी, टुंडला, आगरा, भरतपुर और जयपुर होते हुए अगले दिन दोपहर 12:22 बजे अजमेर पहुंचेगी। इसके बाद ब्यावर, मारवाड़ जंक्शन, फालना, आबू रोड, पालनपुर और मेहसाणा होते हुए रात 8:15 बजे साबरमती पहुंचेगी।
साबरमती से सुबह 5:20 बजे वापसी
वापसी में गाड़ी संख्या 12205 साबरमती से सुबह 5:20 बजे रवाना होगी। मेहसाणा, पालनपुर, आबू रोड और मारवाड़ जंक्शन होते हुए दोपहर 12:40 बजे अजमेर पहुंचेगी। जयपुर, बांदीकुई, भरतपुर, आगरा और टुंडला होते हुए रात 11:53 बजे गोविंदपुरी पहुंचेगी। इसके बाद अगले दिन रात 2:15 बजे सूबेदारगंज और सुबह 3:48 बजे मीरजापुर पहुंचेगी। ट्रेन सुबह 6:30 बजे वाराणसी पहुंचेगी।
21 कोच के साथ चलेगी ट्रेन
इस सुपरफास्ट एक्सप्रेस में कुल 21 कोच होंगे। इनमें छह एसी तृतीय श्रेणी, दो एसी द्वितीय श्रेणी, छह स्लीपर, पांच सामान्य और दो एसएलआर कोच शामिल हैं। ट्रेन के नियमित संचालन से प्रयागराज के यात्रियों को राजस्थान और गुजरात की ओर जाने के लिए एक और सीधा विकल्प मिलेगा। खासकर सूबेदारगंज स्टेशन पर ठहराव होने से प्रयागराज के यात्रियों को वाराणसी या अन्य स्टेशनों तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।