'जौहर यूनिवर्सिटी की जांच का दायरा बढ़ना चाहिए', उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने अखिलेश यादव पर कटाक्ष किया
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर कटाक्ष करते हुए जौहर यूनिवर्सिटी की जांच का दायरा बढ़ाने की ...और पढ़ें

प्रयागराज के एनसीजेडसीसी में आयोजित दिव्यांग समागम में कलाकारों के साथ उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य। सौ.आयोजक
HighLights
केशव बोले- दिल्ली में विपक्ष की रैली फेल हो गई,अब राहुल जंतर-मंतर पर जाकर जादू-मंतर करेंगे
डिप्टी सीएम ने एनसीजेडसीसी परिसर में आयोजित समारोह में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत की
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। दिल्ली में विपक्ष की रैली फेल हो गई। उन्हें जनता का समर्थन नहीं है। अब राहुल गांधी जंतर-मंतर पर जाकर जादू-मंतर करेंगे। यह कटाक्ष उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने संगम नगरी में ली। उन्होेंने एनसीजेडसीसी परिसर में आयोजित एक समारोह में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत की।
आजम की गिरफ्तारी पर अखिलेश की प्रतिक्रिया का जवाब
इस दौरान केशव मौर्य ने सपा नेता आजम खां की दोबारा गिरफ्तारी पर सपा मुखिया अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया, हुक्मरानों को याद रहे तख्त बदल जाता है ताज बदल जाता है... पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, कोई भ्रष्टाचार करें, अपराध करे या गलत काम करे तो जांच होती है। जांच में दोषी पाया जाए तो कार्रवाई भी होती है। मैं तो कहता हूं, अखिलेश यादव के शासन में जौहर यूनिर्विटी बनी है। उसमें कोई गड़बड़ी हुई है तो जितने जिम्मेदार आजम खान हैं उतने ही जिम्मेदार अखिलेश यादव भी हैं। इस जांच का दायरा बढ़ना चाहिए।
सपा-कांग्रेस बांटने व राज करने की नीति पर चल रही
उप मुख्यमंत्री ने कहा, सपा और कांग्रेस बांटने और राज करने की नीति पर चल रही। ऐसे में समाज की एकजुटता जरूरी है। प्रबुद्ध समाज को इसके लिए निरंतर कार्य करना चाहिए। यह भी दावा किया कि 2027 और 2029 में प्रदेश व केंद्र में फिर भाजपा सरकार बनाएगी। भले विपक्ष रिजीम चेंज ओर वोट चोरी के झूंठे आरोप मढ़ता रहे। प्रश्न किया कि सरदार पटेल का वोट किसने चोरी किया। कांग्रेस ने किया। पंडित नेहरू को प्रधानमंत्री बनाकर वोट चोरी किया। राजनारायण जी चुनाव जीते तो इंदिराजी ने उन्हें हरवाया।
भाजपा वोट चोरी नहीं, जनता के आशीर्वाद से जीतती है
भाजपा कभी वोट चोरी नही करती। जनता के सहयोग और आशीर्वाद से हमेशा जीतती है। अगले तीस साल भाजपा जाने वाली नहीं और सपा आने वाली नहीं है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बड़े हनुमानजी मंदिर के पास भैया जी दाल भात परिवार की ओर से आयोजित आठवें वार्षिक समारोह में भी शामिल हुए। इस आयोजन में स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती ने भी आशीर्वाद दिया।
सांसद, महापौर आदि उपस्थित रहे
उप मुख्यमंत्री ने समाज के गरीब वर्ग के लिए वर्षभर चलने वाले आयोजन को सराहा। प्रसाद विवरण की शुरुआत की। कहा, यह हमारे समाज की संवेदनाओं का प्रतीक है। इस मौके पर सांसद प्रवीण पटेल, महापौर गणेश केसरवानी, भाजपा के जिलाध्यक्ष संजय गुप्त, निर्मला पासवान, राजेश मिश्र, विवेक मिश्र, सुबोध सिंह, गुड्डू मिश्र, अन्नू सिंह, पंकज गुप्त आदि मौजूद रहे।
दिव्यांग समागम व संस्कृति महोत्सव
दिव्यांगजनों की प्रतिभा, आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र व समदृष्टि, क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल (सक्षम) के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को दिव्यांग समागम व संस्कृति महोत्सव का आयोजन किया गया। एनसीजेडसीसी परिसर में आयोजित इस महोत्सव में विभिन्न जनपदों से आए दिव्यांग कलाकारों ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समारोह में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी शामिल हुए।
दिव्यांगजनों की क्षमताओं को अवसर देना समाज का दायित्व : न्यायमूर्ति पीके गिरि
उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति पीके गिरि रहे। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन अपनी प्रतिभा, परिश्रम, संकल्प और सकारात्मक दृष्टिकोण से राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उनकी क्षमताओं को पहचानना, उन्हें सम्मानजनक अवसर उपलब्ध कराना और समाज की मुख्यधारा में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना हम सब का दायित्व है।
ऐसी शक्तियों से सतर्क रहने की आवश्यकता
मुख्य वक्ता वरिष्ठ प्रचारक मनोज ने भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक विरासत के महत्व को बताया। कहा, वर्तमान में ऐसी शक्तियों से सतर्क रहने की आवश्यकता है, जो देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता को विभाजित करने का प्रयास करती हैं। इलाहाबाद विश्वविद्यालय मीडिया स्टडीज के प्रभारी डॉ. धनंजय चोपड़ा ने मीडिया की भूमिका और सामाजिक संवेदनशीलता के बिंदुओं पर विचार रखे। कहा, संवेदनाओं की थाती कमजोर हो रही l प्रयास होना चाहिए कि दिव्यांगता मीडिया की दृष्टि में कोई असामान्य स्थिति न रहकर मानवीय विविधता का स्वाभाविक हिस्सा बने।
दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए संचालित योजनाएं बताईं
महोत्सव के द्वितीय सत्र में मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं को बताया। दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया को सरल बनाने, आवास योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने, मासिक भत्ता, विवाह निधि सहित विभिन्न सरकारी सुविधाओं तक दिव्यांगजनों की आसान पहुंच सुनिश्चित करने पर जानकारी दी। कार्यक्रम समन्वयक काशी प्रांत अध्यक्ष योगेंद्र वाजपेयी ने कहा, दिव्यांगता के संबंध में सम्यक दृष्टिकोण के साथ काम किया जाना चाहिए। अध्यक्षता सक्षम के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कमलाकांत पांडेय ने की। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीके सिंह, यमुनापुरी महराज ने भी विचार रखे।
दिव्यांग कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियां
महोत्सव का आकर्षक पक्ष विभिन्न जनपदों से आए दिव्यांग कलाकारों की प्रस्तुतियां रहीं। गुनगुन ने शास्त्रीय गायन, नीरज शुक्ल और दीपक पांडेय ने भजनों की प्रस्तुति दे कर हर किसी को प्रभावित किया। इस दौरान प्रयाग दत्त तिवारी, राजेश मिश्र, डा. मणि शंकर द्विवेदी, दीपांशु शुक्ल, अरविन्द मिश्र, धीरज आहूजा, अचिंत्य मिश्र, डा. अपराजिता चौधरी आदि मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।