विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UPSSSC PET परीक्षा में 'समान नागरिक संहिता' और 'केरल गांधी' जैसे सवालों से उलझे अभ्यर्थी

Published: Sat, 31 Oct 2026 09:04 AM (IST)

प्रयागराज में यूपीएसएसएससी पीईटी-2026 परीक्षा दो पालियों में हुई, जिसमें समान नागरिक संहिता और केरल गांधी जैसे विविध प्रश्न पूछे ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. पीईटी-2026 में समान नागरिक संहिता, केरल गांधी पर प्रश्न।

  2. प्रयागराज में परीक्षा के दौरान लगभग 35% अनुपस्थिति रही।

  3. बारिश ने अभ्यर्थियों की परीक्षा केंद्रों तक पहुँचने में बाधा डाली।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। किस राज्य ने सबसे पहले समान नागरिक संहिता लागू की, केरल गांधी कौन हैं, संविधान सभा की दलित महिला सदस्य कौन थीं और कौन बना मराठा शासन का पहला पेशवा? जैसे प्रश्नों का उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 में शामिल अभ्यर्थियों का सामना हुआ।

दो सत्रों में हुई परीक्षा में अभ्यर्थियों की तैयारी का व्यापक परीक्षण हुआ। भारतीय संविधान, इतिहास, अर्थव्यवस्था, भूगोल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े सवालों को प्रमुखता दी गई। गणित और आंकड़ों के विश्लेषण पर आधारित प्रश्नों ने अभ्यर्थियों को उलझाया।

अंतरराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव-2025, जी-20 की अध्यक्षता, ग्लोबल इनोवेशन इंडेक्स में भारत की रैंकिंग और रामसर स्थलों से संबंधित प्रश्न पूछे गए। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के मुख्यालय, यूनेस्को विश्व धरोहर स्थलों और बैंकों की साइबर सुरक्षा के लिए शुरू किए गए विशेष इंटरनेट डोमेन से जुड़े सवाल भी शामिल रहे। ओलंपिक में व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ी, राष्ट्रीय उद्यानों, वन्यजीव अभयारण्यों, जलप्रपातों और भारत के पड़ोसी देशों से जुड़े सवाल आए। मौर्य साम्राज्य की राजधानी, मराठा शासन के प्रथम पेशवा और मेवाड़ के शासक महाराणा सांगा से संबंधित प्रश्न पूछे गए।

समुद्रगुप्त की विजयों का उल्लेख करने वाली प्रशस्ति और बौद्ध ग्रंथ ''दीपवंश'' के अर्थ पर भी सवाल आए। आधुनिक इतिहास में स्वदेशी आंदोलन, असहयोग आंदोलन, स्वतंत्रता संग्राम की प्रमुख घटनाओं के कालक्रम और सर्वेंट्स आफ इंडिया सोसाइटी की स्थापना से जुड़े प्रश्न शामिल रहे। विज्ञान में ऊर्जा की इकाई, बल की दिशा निर्धारित करने वाले नियम, रासायनिक पदार्थों के सूत्र, पौधों के ऊतक और मानव मस्तिष्क के कार्यों से जुड़े प्रश्न आए़ हिंदी में साहित्य और समाज के संबंध, सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों, साहित्यिक रचनाओं के तत्व और अंग्रेजी में ''लूसिड'' शब्द का विलोम, शब्दार्थ, व्याकरण और गद्यांश से संबंधित सवाल शामिल थे।

बारिश ने भी ली परीक्षा

पीईटी-2026 में 35 फीसद अनुपस्थित
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 शुक्रवार को प्रयागराज में दो पालियों में आयोजित हुई। दोनों पालियों में कुल 37,824 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। पहली पाली में 18,912 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 12,309 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 6,603 अनुपस्थित रहे। वहीं, दूसरी पाली में 18,912 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 12,645 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 6,267 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। पहली पाली में 34.91 और दूसरी पाली में 33.13 प्रतिशत अनुपस्थित रहे।

डीएम ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को निष्पक्ष और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने शुक्रवार को कर्नलगंज इंटरमीडिएट कालेज, डीपी गर्ल्स इंटरमीडिएट कालेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अभ्यर्थियों के प्रवेश, पहचान सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा, बैठने, पेयजल और बिजली की व्यवस्थाएं परखीं। सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर निगरानी व्यवस्था भी देखी।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज: अचानक कहां से आए करोड़ों? 3 साल में 48 जमीनें खरीदने वाले राजेश यादव की खंगाली जा रही कुंडली


बारिश ने भी ली अभ्यर्थियों की परीक्षा, केंद्रों तक पहुंचने में हुई परेशानी
यूपी पीईटी-2026 की परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों को शुक्रवार को बारिश के कारण दोहरी चुनौती का सामना करना पड़ा। दिनभर रिमझिम बारिश का सिलसिला जारी रहने से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में अभ्यर्थियों को परेशानी हुई। कई अभ्यर्थी भीगते हुए केंद्रों पर पहुंचे, जबकि रास्ते में जलभराव और यातायात की सुस्ती ने भी मुश्किलें बढ़ाईं। दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले परीक्षार्थियों को समय से केंद्र पहुंचने के लिए अतिरिक्त मशक्कत करनी पड़ी। परीक्षा की तैयारी के साथ मौसम की चुनौती ने भी अभ्यर्थियों की परीक्षा ली।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज के लाखों किसानों को मिली पीएम किसान सम्मान निधि, मतदाता सूची में भी होगा संशोधन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।