UPSSSC लेखाकार व लेखा परीक्षक मुख्य परीक्षा: त्रुटिपूर्ण मूल्यांकन पर विरोध दर्ज करा कर अभ्यर्थी पहुंचे न्यायालय
यूपीएसएसएससी सहायक लेखाकार व लेखा परीक्षक मुख्य परीक्षा में त्रुटिपूर्ण मूल्यांकन और आपत्तियों की अनदेखी के खिलाफ अभ्यर्थी उच्च न्यायालय पहुंच गए हैं। उनका आरोप है कि गलत उत्तर कुंजी और अपात्रों के चयन से योग्य अभ्यर्थियों का भविष्य दांव पर लग गया है।

यूपीएसएसएससी लेखाकार परीक्षा में मूल्यांकन त्रुटि का आरोप लगाकर अभ्यर्थियों ने हाई कोर्ट की शरण ली है।
HighLights
मुख्य परीक्षा के कुल पद 1828, विशेष चयन 950 में मनमानी के साथ त्रुटिपूर्ण मूल्यांकन का आरोप
उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से विज्ञापित है सहायक लेखाकार व लेखा परीक्षक मुख्य परीक्षा
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की सहायक लेखाकार व लेखा परीक्षक मुख्य परीक्षा में आपत्तियों की अनदेखी व त्रुटिपूर्ण परिणाम के विरुद्ध अभ्यर्थी उच्च न्यायालय पहुंच गए हैं। अभ्यर्थियों ने कहा, उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से विज्ञापित सहायक लेखाकार व लेखा परीक्षक मुख्य परीक्षा के कुल पद 1828, विशेष चयन 950 में मनमानी के साथ त्रुटिपूर्ण मूल्यांकन हुआ है।
अनंतिम उत्तर कुंजी जारी होने के बाद आयोग से आपत्तियां मांगे जाने पर अभ्यर्थियों ने साक्ष्यों के साथ चार से पांच गलत प्रश्नों की जानकारी दी लेकिन आयोग ने इन आपत्तियों पर ध्यान नहीं दिया। बिना संशोधन के अंतिम उत्तर कुंजी जारी कर दी। भर्ती पहले से ही लंबे समय से लटकी होने के कारण अभ्यर्थियों ने तब न्यायालय का सहारा नहीं लिया।
आरोप है कि आयोग ने कई महीनो की देरी के बाद परिणाम जारी किया। इसमें गलत उत्तर कुंजी और लंबी डीवी प्रक्रिया के बाद भी अपात्रों के चयन से सैकड़ों अभ्यर्थियों का भविष्य दांव पर लग गया। अब अभ्यर्थियों ने उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल की है। स्पष्ट किया है कि उनकी लड़ाई पद बढ़वाने की नहीं, बल्कि गलत उत्तर कुंजी से छीने गए योग्य अभ्यर्थियों के हक की है।