विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Cervical Cancer : महिलाएं HPV किट से ले सकेंगी सैंपल, जांच से अगले पांच साल तक बच्चेदानी के मुंह के खतरे का पता चल सकेगा

By Surya Prakash Tiwari Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Fri, 20 Nov 2026 12:49 PM (IST)

Cervical Cancer महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर की शुरुआती पहचान के लिए अब वे घर पर ही एचपीवी किट से सैंपल ले सकेंगी। प्रयागराज मेडिकल कॉलेज 100 महिलाओं पर अध्ययन कर इस तकनीक की सटीकता का आकलन करेगा।

Cervical Cancer महिलाओं में गर्भाशय के कैंसर की रोकथाम के लिए प्रयागराज मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ जुटे हैं।

Cervical Cancer महिलाओं में गर्भाशय के कैंसर की रोकथाम के लिए प्रयागराज मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ जुटे हैं।

HighLights

  1. प्रयागराज मेडिकल कॉलेज टीम 100 महिलाओं पर करेगी अध्ययन

  2. महिलाओं में बच्चेदानी के मुंह (गर्भाशय ग्रीवा) में होता है सर्वाइकल कैंसर

  3. प्रयागराज मेडिकल कॉलेज 100 महिलाओं पर करेगा अध्ययन।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। Cervical Cancer कैंसर की पहचान तब हो, जब बीमारी शरीर में अपने पैर जमा चुकी हो, इससे बेहतर है कि खतरे को बीमारी बनने से पहले ही पकड़ लिया जाए। महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर को लेकर अब इसी दिशा में तैयारी शुरू हो गई है।

स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की तैयारी

आने वाले समय में महिलाएं अपनी जांच के लिए अस्पतालों के चक्कर लगाने के बजाय घर पर ही एचपीवी किट से अपना सैंपल ले सकेंगी। इसकी जांच से अगले पांच साल तक सर्वाइकल कैंसर के खतरे का आकलन करने में मदद मिलेगी। मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज का स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग इस संभावना को परखने के लिए अध्ययन करने जा रहा है।

क्या है सर्वाइकल कैंसर?

सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में गर्भाशय के निचले हिस्से यानी बच्चेदानी के मुंह (गर्भाशय ग्रीवा) में होने वाला कैंसर है। इसकी शुरुआत कोशिकाओं में असामान्य बदलाव से होती है। शुरुआती अवस्था में अक्सर इसके लक्षण स्पष्ट नहीं होते। यही वजह है कि कई बार बीमारी का पता तब चलता है, जब वह गंभीर रूप ले चुकी होती है।

सर्वाइकल कैंसर के खतरे को नियंत्रित हो सकेगा

चिकित्सकों के अनुसार, समय पर स्क्रीनिंग और एचपीवी संक्रमण की पहचान से इस कैंसर के खतरे को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। अभी एचपीवी जांच के लिए अस्पताल में चिकित्सकों या प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा ही सैंपल लिया जाता है। एसआरएन समेत अन्य सरकारी अस्पतालों में एचपीवी किट की नियमित उपलब्धता भी नहीं है। जरूरत पड़ने पर बाहर से किट मंगानी पड़ती है। ऐसे में जांच की सुविधा सीमित रह जाती है।

चिकित्सकों की टीम करेगी अध्ययन

मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज का स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की अध्यक्ष डॉ. अमृता चौरसिया के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम इस विषय पर अध्ययन करेगी। असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. विधि सिंह ने बताया कि सर्वे का प्रस्ताव तैयार कर कॉलेज की संस्थागत नैतिकता समिति से स्वीकृति ले ली गई है।

100 महिलाओं पर होगा प्रयोग

Cervical Cancer अध्ययन में 100 महिलाओं को शामिल किया जाएगा। पहले उन्हें एचपीवी किट से सैंपल लेने का तरीका समझाया जाएगा। इसके बाद महिलाएं स्वयं अपना सैंपल लेंगी। साथ ही चिकित्सक भी उनका अलग सैंपल लेंगे। दोनों नमूनों की जांच रिपोर्ट का मिलान किया जाएगा। इससे पता चलेगा कि महिलाओं द्वारा खुद लिए गए सैंपल की रिपोर्ट कितनी सटीक है।

पैप स्मीयर जांच से होती है इस कैंसर की पहचान 

प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में सर्वाइकल कैंसर की शुरुआती पहचान के लिए पैप स्मीयर जांच की जाती है। यहां हर महीने 25 से 30 ऐसी महिलाएं पहुंचती हैं, जिनमें सर्वाइकल कैंसर के शुरुआती लक्षण दिखाई देते हैं। इसके अलावा चार से पांच महिलाएं ऐसी भी आती हैं, जो इस बीमारी से पीड़ित होती हैं। विशेषज्ञों का मानना है सेल्फ सैंपलिंग की तकनीक सफल होती है तो कैंसर के खिलाफ लड़ाई में यह महिलाओं के लिए एक बड़ी राहत साबित हो सकती है।

यह भी पढ़ें- यूपी न्यायिक सेवा परीक्षा-2026: सिविल जज के 365 पदों पर होगी भर्ती, 20 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन करें अभ्यर्थी

यह भी पढ़ें- महानगरी एक्सप्रेस सुपरफास्ट बनकर दौड़ेगी, एक जनवरी 2027 से 18 सुपरफास्ट ट्रेनों को नियमित एक्सप्रेस बनकर चलेंगी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।