यूपी न्यायिक सेवा परीक्षा-2026: सिविल जज के 365 पदों पर होगी भर्ती, 20 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन करें अभ्यर्थी
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने न्यायिक सेवा सिविल जज (जूनियर डिवीजन) परीक्षा-2026 का संक्षिप्त विज्ञापन जारी किया है। इसके तहत 365 सिविल जज पदों पर भर्ती होगी।

UPPSC न्यायिक सेवा परीक्षा-2026 के तहत: सिविल जज के 365 पदों पर भर्ती करेगा।
HighLights
28 दिसंबर तक संशोधन और शुल्क समाधान का मिलेगा मौका
अभ्यर्थियों को न्यूनतम आयु 22 और अधिकतम 35 वर्ष निर्धारित
एक जुलाई 2027 को आधार मानकर की जाएगी आयु की गणना
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) उत्तर प्रदेश न्यायिक सेवा सिविल जज (जूनियर डिवीजन) परीक्षा-2026 यानी पीसीएस-जे का संक्षिप्त विज्ञापन जारी कर दिया है। दो वर्ष बाद आई इस भर्ती के लिए सिविल जज के 365 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
आवेदन पत्र में संशोधन, सुधार 28 दिसंबर तक
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 20 नवंबर से शुरू होगी। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने और ऑनलाइन परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 21 दिसंबर निर्धारित की गई है। आवेदन पत्र में संशोधन अथवा सुधार और शुल्क समाधान (फीस रिकन्सिलिएशन) की अंतिम तिथि 28 दिसंबर रखी गई है।
PCS-J के तहत 365 रिक्तियां प्रस्तावित
आयोग के अनुसार पीसीएस-जे-2026 के तहत वर्तमान में कुल 365 रिक्तियां प्रस्तावित हैं। हालांकि परिस्थितियों और आवश्यकताओं के अनुसार पदों की संख्या घटाई या बढ़ाई जा सकती है। आरक्षण और आयु सीमा में छूट से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश आयोग के विस्तृत विज्ञापन में उपलब्ध होंगे। परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों की आयु एक जुलाई 2027 को न्यूनतम 22 वर्ष और अधिकतम 35 वर्ष होनी चाहिए। अभ्यर्थी का जन्म दो जुलाई 1992 से पहले तथा एक जुलाई 2005 के बाद का नहीं होना चाहिए।
दिव्यांग अभ्यर्थियों को आयु सीमा में छूट मिलेगी
दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। इसके अलावा उत्तर प्रदेश की विभिन्न आरक्षित श्रेणियों के अभ्यर्थियों को शासन के नियमों के अनुसार आरक्षण और अधिकतम आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा।
कल जारी होगा विस्तृति विज्ञापन
आयोग के अनुसार, परीक्षा से संबंधित विस्तृत विज्ञापन 20 नवंबर से आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगा। इसमें शैक्षिक योग्यता, आवेदन की प्रक्रिया, परीक्षा शुल्क, चयन प्रक्रिया, आरक्षण और आयु सीमा में छूट से जुड़े विस्तृत निर्देश दिए जाएंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।