इंदिरा मैराथन: खींच कर, भागे रहो बस थोड़ा और बचा है...के साथ लोगों की तालियों ने दी धावकों को ऊर्जा
प्रयागराज में 41वीं इंदिरा मैराथन के दौरान धावकों को शहरवासियों का जबरदस्त उत्साहवर्धन मिला, जहां तालियों, ड्रम और फूलों से उनका स्वागत किया गया।

इंदिरा मैराथन में धावकों का ड्रम बजाकर उत्साह बढ़ाते प्रयागराज के लोग। जागरण
HighLights
प्रतिभागी खिलाड़ियों ने एक दूसरे को सहारा देकर दिखाई खेल भावना
कहीं ड्रम बजाकर तो कहीं फूल बरसाकर किया गया धावकों का स्वागत
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। संगम नगरी में गुरुवार सुबह कुछ अलग नजर आई, वजह थी 41 इंदिरा मैराथन। देशभर से धावक आए, उनके स्वागत और उत्साहवर्धन के लिए मानो पूरा शहर खड़ा हो गया। लोग तालियां बजाकर धावकों का स्वागत और उत्साहवर्धन कर रहे थे।
धावकों में भरा जोश
कहीं, खींच कर तो कहीं, भागे रहो या फिर बस थोड़ा और बचा है... जैसे शब्द बोलकर प्रतिभागियों को हिम्मत देने की कोशिश की गई। तेलियरगंज मोड़ पर स्कूली बच्चों ने ड्रम बजाकर मैराथन और हाफ मैराथन के प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। बिशप जानशन स्कूल के पास भी बड़ी संख्या में विद्यार्थी धावकों में जोश भरते नजर आए।
जगह-जगह पुष्पवर्षा की गई
महाराणा प्रताप चौराहा, हाई कोर्ट, सिविल लाइंस चौराहा, मेडिकल चौराहा, मधवापुर, नैनी पुल, डांडी आदि क्षेत्रों में तो लोगों ने पुष्प वर्षा की। कुछ जगहों पर साउंड सिस्टम के साथ उत्साहवर्धन हुआ। हम हैं हिंदुस्तानी..., जय हो..., वंदेमातरम़ वंदेमातरम़..., झूम बराबर झूम... जैसे गीतों की धुन जब धावकों के कानों में पड़ी तो थकते कदम मानों फिर ऊर्जावान हो चले।
रास्ते भर धावकों को शहरवासी उत्साहित करते रहे
नैनी पुल पर तो आम शहरी सड़क के किनारे धावकों के साथ दौड़ लगाकर ऊर्जा देने की कोशिश करते रहे। कई स्वयंसेवी संगठन के लोगों ने भी इस दौड़ में प्रतिभागिता कर स्वस्थ भारत बनाने के लिए नई पीढ़ी को प्रेरित किया। स्केटिंग एसोसिएशन के खिलाड़ियों ने भी अपने कौशल से ध्यान खींचा। कटरा के सुधीर मिश्र तिरंगा के साथ धावकों के साथ चल रहे थे तो डॉ. केडी त्रिपाठी भी इसी दौड़ का हिस्सा बने। धावक जब मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में लौटे तो बड़ी संख्या में लोगों ने अभिनंदन किया।
ट्रैक पर गिरे लेकिन फिनिश प्वाइंट तक पहुंचे
कई प्रतिभागी पैर में खिंचाव के कारण ट्रैक पर गिर पड़े लेकिन आम जन की तालियों की ऊर्जा ने उन्हें फिनिश प्वाइंट तक पहुंचा ही दिया। सरोली की शिप्रा और इटावा की पूनम ने मैराथन पूरी की लेकिन कुछ मीटर पहले वे ट्रैक पर लडखड़ा कर गिर गई। उन्होंने दौड़ छोड़ने का निर्णय लिया लेकिन साथी धावकों और वहां मौजूद लोगों ने बस पहुंच गई..., शाबास खड़ी हो जाओ, प्लेस पड़ गई है... जैसी बातें कहकर जोश बढ़ाया, पीछे से आ रहे अन्य धावकों ने भी कंधे का सहारा दिया और फिनिश प्वाइंट तक पहुंचने में मदद कर खेल भावन का परिचय दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।