UPPCS-J : सिविल जज के 365 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, अभ्यर्थियों को 21 दिसंबर तक मिलेगा अवसर
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने सिविल जज (जूनियर डिवीजन) के 365 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 21 दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं।

सिविल जज भर्ती 2026 के 365 पदों लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गया है।
HighLights
UPPSC कराएगा उप्र न्यायिक सेवा सिविल जज (जूनियर डिवीजन) परीक्षा-2026
आरक्षित श्रेणियों के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी
आवेदन करने से कम से कम 72 घंटे पहले पंजीकरण अभ्यर्थियों को कराना होगा
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने उत्तर प्रदेश न्यायिक सेवा सिविल जज (जूनियर डिवीजन) परीक्षा-2026 यानी पीसीएस-जे का विज्ञापन जारी कर दिया है। इसके तहत सिविल जज के कुल 365 पदों पर भर्ती की जाएगी।
आवेदन में संशोधन, शुल्क समाधान की 28 दिसंबर तक
इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 20 नवंबर से शुरू हो गई है। आवेदन और आवेदन शुल्क जमा करने और ऑनलाइन आवेदन सबमिट करने की अंतिम तिथि 21 दिसंबर निर्धारित की गई है। आवेदन में संशोधन और शुल्क समाधान (फीस रिकंसिलिएशन) की अंतिम तिथि 28 दिसंबर है। इस भर्ती के लिए आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) कराना अनिवार्य होगा। आवेदन करने से कम से कम 72 घंटे पहले पंजीकरण कराना होगा।
आयु 22 वर्ष से कम और 35 वर्ष से अधिक नहीं हो
एक जुलाई 2027 को अभ्यर्थी की आयु 22 वर्ष से कम और 35 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। आरक्षित श्रेणियों के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी। अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट का प्रावधान है। दिव्यांगजन और अन्य पात्र श्रेणियों को भी शासन के नियमानुसार लाभ मिलेगा।
अनारक्षित व अन्य वर्गों के लिए शुल्क
अनारक्षित, आर्थिक रूप से कमजोर और अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए प्रारंभिक परीक्षा शुल्क 100 रुपये और आनलाइन प्रक्रिया शुल्क 25 रुपये सहित कुल 125 रुपये निर्धारित किया गया है। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों को कुल 65 रुपये तथा दिव्यांग अभ्यर्थियों को केवल 25 रुपये आनलाइन प्रक्रिया शुल्क देना होगा।
प्रारंभिक परीक्षा 450, मुख्य परीक्षा 1000 अंकों की होगी
पीसीएस-जे भर्ती परीक्षा के लिए आयोग ने परीक्षा का विस्तृत पाठ्यक्रम जारी किया है। विज्ञापन के परिशिष्ट-3 में प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा के विषयों, प्रश्नपत्रों, समय और अंकों का विवरण दिया गया है। प्रारंभिक परीक्षा में दो प्रश्नपत्र होंगे। दोनों प्रश्नपत्र वस्तुनिष्ठ एवं बहुविकल्पीय प्रकृति के होंगे। पहला प्रश्नपत्र सामान्य ज्ञान का होगा, जिसके लिए दो घंटे निर्धारित किए गए हैं। इसमें 150 अंक के प्रश्न पूछे जाएंगे। दूसरा प्रश्नपत्र कानून का होगा। इसके लिए दो घंटे का समय और 300 अंक निर्धारित हैं।
मुख्य परीक्षा का कैसा होगा प्रारूप?
मुख्य परीक्षा पारंपरिक लिखित प्रारूप में होगी। इसमें छह प्रश्नपत्र निर्धारित किए गए हैं। सामान्य ज्ञान का प्रश्नपत्र 200 अंकों का होगा। हिंदी और अंग्रेजी के प्रश्नपत्र 100-100 अंकों के होंगे। इनके लिए तीन-तीन घंटे का समय मिलेगा। हिंदी के प्रश्नपत्र में निबंध लेखन के लिए 50 अंक, सारांश लेखन के लिए 30 अंक और अंग्रेजी गद्यांश के हिंदी अनुवाद के लिए 20 अंक निर्धारित हैं। कानून के तीन प्रश्नपत्र होंगे और प्रत्येक 200 अंकों का होगा। साक्षात्कार के 100 अंक होंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।