विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UPPCS Pre Exam 2026 : पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा की एग्जाम सिटी इंटीमेशन स्लिप करें डाउनलोड, परीक्षा जनपद की जानकारी लें

By Mritunjay Mishra Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Fri, 27 Nov 2026 12:38 PM (IST)

यूपीपीएससी पीसीएस-2026 प्रारंभिक परीक्षा की जिला सूचना पर्ची आज से डाउनलोड होगी। परीक्षा 6 दिसंबर को 75 जिलों में दो पालियों में होगी, प्रवेश पत्र 1 दिसंबर से मिलेंगे।

UPPCS Pre Exam 2026 : अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जिला सूचना पर्ची आज से डाउनलोड कर सकेंगे।

UPPCS Pre Exam 2026 : अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जिला सूचना पर्ची आज से डाउनलोड कर सकेंगे।

HighLights

  1. 75 जिलों में छह दिसंबर को दो पालियों में होगी परीक्षा, 8.90 लाख अभ्यर्थियों ने किया है आवेदन

  2. एक दिसंबर से जारी होंगे प्रवेश पत्र, नकल करने पर आजीवन कारावास तक की सजा का प्रावधान

राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। UPPCS Pre Exam 2026 उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (सामान्य एवं विशेष चयन) प्रारंभिक परीक्षा यानी पीसीएस-2026 की जिला सूचना पर्ची (एग्जाम सिटी इंटीमेशन स्लिप) शुक्रवार से डाउनलोड होगी। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपने वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) नंबर के माध्यम से लागिन कर आवंटित परीक्षा जनपद की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

75 जनपदों में होगी पीसीएस-प्री परीक्षा

पीसीएस-2026 की प्रारंभिक परीक्षा छह दिसंबर को प्रदेश के सभी 75 जनपदों में आयोजित की जाएगी। आयोग ने इसके लिए 500 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया था, बाद में पदों की संख्या बढ़कर 728 कर दी गई थी। इन पदों के सापेक्ष करीब 8.90 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। आवेदनों की यह संख्या पीसीएस परीक्षा के इतिहास में अब तक का रिकार्ड है। बड़ी संख्या में आवेदन आने के कारण सभी 75 जनपदों में परीक्षा हो रही है। परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक निर्धारित की गई है।

एक दिसंबर से डाउनलोड होंगे प्रवेशपत्र

आयोग के अनुसार 27 नवंबर से उपलब्ध होने वाली जिला सूचना पर्ची प्रवेश पत्र नहीं है। इसमें अभ्यर्थियों को केवल यह जानकारी मिलेगी कि उनकी परीक्षा किस जनपद में आवंटित की गई है। परीक्षा केंद्र का पूरा विवरण प्रवेशपत्र में दिया जाएगा। इसके लिए अभ्यर्थियों को एक दिसंबर तक इंतजार करना होगा। आयोग की वेबसाइट पर इसी दिन से प्रवेश पत्र डाउनलोड किए जा सकेंगे। अभ्यर्थी अपने ओटीआर नंबर के माध्यम से लागिन कर प्रवेश पत्र प्राप्त कर सकेंगे।

दो फोटो और पहचान पत्र ले जाना अनिवार्य

परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ दो नवीनतम पासपोर्ट आकार के फोटो और एक वैध पहचान पत्र की मूल प्रति तथा उसकी छायाप्रति लेकर परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। पहचान पत्र के अभाव में अभ्यर्थियों को परेशानी हो सकती है। इसलिए आयोग ने परीक्षा से पहले सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने की सलाह दी है। परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित समय से डेढ़ घंटे पहले अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। वहीं, परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले केंद्र का प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा।

निर्धारित समय के बाद परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं होगा  

UPPCS Pre Exam 2026 पहली पाली के लिए प्रवेश सुबह आठ बजे से शुरू होगा और 8:45 बजे बंद हो जाएगा। इसी प्रकार दूसरी पाली के लिए प्रवेश दोपहर एक बजे से शुरू होगा और 1:45 बजे बंद कर दिया जाएगा। निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं मिलेगा। ऐसे में अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए पर्याप्त समय लेकर घर से निकलने की जरूरत है।

नकल करने पर एक करोड़ जुर्माना और आजीवन कारावास

आयोग ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 के प्रावधानों के प्रति भी आगाह किया है। इसके तहत परीक्षा में नकल करना, अनुचित साधनों का प्रयोग करना, प्रश्नपत्र का प्रतिरूपण करना अथवा प्रश्नपत्र को प्रकट करने की साजिश में शामिल होना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार, ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने पर एक करोड़ रुपये तक का जुर्माना और आजीवन कारावास तक की सजा हो सकती है।

दलालों के संपर्क में न आएं अभ्यर्थी

UPPCS Pre Exam 2026 आयोग ने अभ्यर्थियों को चेतावनी दी है कि वे किसी भी प्रकार के अनुचित साधन, दलालों या परीक्षा में सफलता दिलाने का झांसा देने वाले लोगों के संपर्क में न आएं। परीक्षा की तैयारी और नियमों का पालन करते हुए ही इसमें शामिल हों।

यह भी पढ़ें- UP Board Exam 2027 : 8113 केंद्रों पर होंगी हाईस्कूल व इंटर की बोर्ड परीक्षाएं, एग्जाम सेंटरों की अंतिम सूची जारी

यह भी पढ़ें- APO Pre Exam 2025 का परिणाम रद करने के फैसले के खिलाफ UPPSC अपील की तैयारी कर रहा, इलाहाबाद HC ने दिया था आदेश

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।