UP परिषदीय विद्यालयों में शिक्षक पदोन्नति: 'पहले आओ पहले पाओं' के तर्ज पर विद्यालय आवंटन की उठी मांग
उप्र के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षक पदोन्नति प्रक्रिया में विद्यालय आवंटन पर सवाल उठ रहे हैं। शिक्षक संघ ने वरिष्ठता के आधार पर 'पहले आओ, पहले पाओ' की तर्ज पर ऑनलाइन या काउंसलिंग के माध्यम से सभी रिक्त विद्यालयों के आवंटन की मांग की है।

UP परिषदीय विद्यालयों में शिक्षक पदोन्नति को लेकर शिक्षक संगठनों ने मांग की है।
HighLights
शिक्षक संगठन के लोग बोले- ऑनलाइन या काउंसलिंग के माध्यम से सभी रिक्त विद्यालय प्रदर्शित करें
शिक्षक पदोन्नति प्रक्रिया में विद्यालय आवंटन व्यवस्था पर उठी उंगली, धन उगाही के भी लग रहे आरोप
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में चल रही शिक्षक पदोन्नति प्रक्रिया में विद्यालय आवंटन व्यवस्था को संदेह से देखा जा रहा है। कई जनपदों में धन उगाही के भी आरोप लग रहे हैं। इससे निपटने के लिए उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ का कहना है कि पदोन्नति के बाद विद्यालय आवंटन की प्रक्रिया वरिष्ठता क्रम के आधार पर 'पहले आओ, पहले पाओ' की तर्ज पर पूरी की जाए। इससे सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को सुविधानुसार विद्यालय चुनने का अवसर मिलेगा।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने बेसिक शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव से मांग की है कि सभी रिक्त विद्यालयों को विकल्प में शामिल किया जाए। पदोन्नति प्रत्येक शिक्षक के सेवाकाल का महत्वपूर्ण और सम्मानजनक पड़ाव होता है। ऐसे में विद्यालय आवंटन के समय जनपद के समस्त रिक्त पदों और विद्यालयों की सूची सार्वजनिक की जानी चाहिए। इसके बाद वरिष्ठता सूची में ऊपर से नीचे के क्रम में प्रत्येक शिक्षक को अपनी पसंद का विद्यालय चुनने का विकल्प दिया जाना न्यायसंगत होगा।
उन्होंने कहा कि यदि सीमित विद्यालयों का विकल्प दिया जाता है या रैंडम प्रणाली अपनाई जाती है, तो इससे वरिष्ठ शिक्षकों के साथ अन्याय होने की आशंका बनी रहती है। यदि वरिष्ठता क्रम के अनुसार पहले विद्यालय चुनने का अवसर मिलता है तो शिक्षकों को उनके अनुभव और सेवाकाल का उचित सम्मान मिलेगा। ऑनलाइन या काउंसलिंग के माध्यम से सभी रिक्त विद्यालय प्रदर्शित होने पर किसी भी प्रकार के पक्षपात, मनमानी या मानवीय हस्तक्षेप की गुंजाइश समाप्त हो जाएगी। वर्षों से दूरस्थ क्षेत्रों में सेवा दे रहे शिक्षकों, विशेषकर महिला एवं दिव्यांग शिक्षक-शिक्षिकाओं को अपने निवास के नजदीकी या सुगम विद्यालय चुनने का मौका मिल जाएगा।