UP परिषदीय विद्यालय: कक्षा छह से आठवीं तक की परीक्षा में बड़े बदलाव की तैयारी, प्रश्नपत्र में होगी एकरूपता
उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में कक्षा छह से आठ तक की परीक्षाओं का स्वरूप बदलने की तैयारी है। राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान, प्रयागराज में गणित और विज्ञान के लिए मॉडल प्रश्नपत्र तैयार किए जा रहे हैं ताकि पूरे प्रदेश में एकरूपता लाई जा सके।

UP परिषदीय विद्यालय: कक्षा छह से आठवीं तक की परीक्षा का स्वरूप बदलेगा, प्रश्नपत्र में होगी एकरूपता
HighLights
पहले चरण में गणित व विज्ञान की परीक्षा के लिए उठाए जा रहे कदम
राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान में विषय विशेषज्ञ तैयार कर रहे माडल पेपर
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा छह, सात और आठ के विद्यार्थियों की परीक्षा का स्वरूप बदलने की तैयारी है। राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान, प्रयागराज में इन कक्षाओं की पाठ्य पुस्तकों पर आधारित मॉडल पेपर (ब्लू-प्रिंट सहित) तैयार करने के लिए कार्यशाला चल रही है। पहले चरण में गणित और विज्ञान के प्रश्नपत्र पर काम हो रहा है।
दो चक्र में कार्यशाला होगी
समग्र शिक्षा अभियान के तहत राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद की ओर से दो चक्र में कार्यशाला होगी। पहला चक्र 23 नवंबर से शुरू हो चुका है। यह 27 नवंबर तक चलेगा। दूसरे चक्र की कार्यशाला 30 नवंबर से चार दिसंबर तक चलनी है। मॉडल पेपर तैयार करने के लिए गणित और विज्ञान के विशेषज्ञ विमर्श कर रहे हैं। गणित के आठ और विज्ञान के लिए भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान और कंप्यूटर के विशेष चार टीम बनाकर कार्य कर रहे हैं।
प्रत्येक टीम में तीन से चार सदस्य
प्रत्येक टीम में तीन से चार सदस्य हैं। कुल 16 विषय विशेषज्ञ इस कार्य में लगे हैं। इनका प्रयास है, संबंधित विषय की प्रदेशभर में होने वाली परीक्षा के लिए माडल प्रश्नपत्र बनाया जाए, जिससे परीक्षा के स्वरूप में एक रूपता रहे।
एक समान प्रश्नपत्र उपलब्ध कराना उद्देश्य
शिक्षा निदेशालय के सेवानिवृत्त सहायक शिक्षा निदेशक और गणित विशेषज्ञ सत्यनारायण चौरसिया के अनुसार कार्यशाला का उद्देश्य प्रदेश के विद्यार्थियों को एक समान प्रश्नपत्र उपलब्ध कराना है। एनसीईआरटी के अनुसार ज्ञानात्मक, बोधात्मक, अनुप्रयोगात्मक, विश्लेषण, मूल्यांकन और सृजनात्मक स्तर के प्रश्न विद्यार्थियों को आने वाले दिनों में मिलेंगे। ये प्रश्न बहुविकल्पी, अति लघु उत्तरीय, लघु उत्तरीय और दीर्घ उत्तरीय होंगे।
अगले सत्र से लागू होगा नया मॉडल
वर्तमान सत्र में मॉडल पेपर तैयार किए जा रहे हैं। प्रयास है, अगले सत्र से इस माडल पेपर के पैटर्न पर पढ़ाई हो और प्रश्नों के उत्तर देने की प्रवृत्ति विद्यार्थीयों में विकसित हो। पिछले सत्र में एनसीईआरटी की संस्था ‘परख’ के दिशानिर्देश के आधार पर कक्षा नौ, 10, 11 और 12 के अधिकांश विषयों के माडल पेपर तैयार हो चुके हैं। प्राथमिक स्तर पर कक्षा एक से पांच तक के लिए भी पिछले सत्र में कार्य हुआ है।
कक्षा छह से आठ तक सिर्फ लिखित परीक्षा होती है
कक्षा एक में सिर्फ मौखिक परीक्षा, कक्षा दो और तीन में मौखिक व लिखित दोनों तरह की परीक्षा, कक्षा चार व पांच में अपेक्षाकृत थोड़े उत्कृष्ट स्तर पर लिखित और मौखिक परीक्षा की व्यवस्था दी गई है। कक्षा छह, सात और आठ में सिर्फ लिखित परीक्षा होती है। इस परीक्षा में 10-10 अंक की दो सत्र परीक्षाएं, 30 अंक की अर्धवार्षिक परीक्षा और 50 अंक की वार्षिक परीक्षा शामिल है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।