प्रयागराज के आठ मार्गाें पर 76 ब्लैक स्पॉट चिह्नित, सड़क हादसा रोकने के लिए लगेंगे संकेतक; खर्च होंगे 1.5 करोड़ रुपये
प्रयागराज में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए 76 ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए गए हैं, जिन पर डेढ़ करोड़ रुपये खर्च कर सुधार कार्य कराए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग इन दुर्घटना संभावित स्थलों पर संकेतक, चेतावनी बोर्ड और सड़क बनावट में बदलाव कर वाहन चालकों को सतर्क करेगा।

लोक निर्माण विभाग दुर्घटना संभावित 76 स्थानों पर संकेतक आदि लगवाएगा।
HighLights
लोक निर्माण विभाग ने दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधार कार्य कराने की शुरू की कवायद
ब्लैक स्पॉट पर टेबल टॉप, थर्मो प्लास्टिक लाइन, संकेतक और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे
सड़क बनावट व यातायात व्यवस्था में बदलाव से वाहन चालकों को पहले ही खतरे का आभास होगा
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए जिले में ब्लैक स्पॉट को चिह्नित किया गया है। इनको सुरक्षित बनाने की तैयारी तेज हो गई है। शहर की आठ सड़कों पर कुल 76 ब्लैक स्पाट चिह्नित हैं। इन दुर्घटना संभावित स्थलों पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये खर्च कर सुधार कार्य कराए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग ने इसके लिए कवायद शुरू कर दी है।
स्टेनली व जीटी रोड पर आठ स्थानों पर ब्लैक स्पाट
आठ सड़कों में स्टेनली और जीटी रोड भी शामिल है। दोनों मार्गों पर सात से आठ स्थानों पर ब्लैक स्पॉट चिह्नित है। ब्लैक स्पाट पर टेबल टॉप, थर्मो प्लास्टिक लाइन, संकेतक और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे। इसके अलावा सड़क की बनावट और यातायात व्यवस्था में जरूरी बदलाव किए जाएंगे, ताकि वाहन चालकों को पहले ही खतरे का आभास हो सके और वे सतर्क होकर वाहन चला सकें। खासकर तेज रफ्तार और अचानक मोड़ वाले स्थानों पर दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के उपाय किए जाएंगे।
यमुनापार और गंगापार में ब्लैक स्पॉट हैं
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के सहायक अभियंता अरशद खान ने बताया कि प्रयागराज जनपद में यमुनापार के भारतगंज, सिरसा, मेजा रोड व गंगापार के प्रतापपुर समेत आठ सड़कों पर ब्लैक स्पाट चिह्नित किए गए हैं।