महामंडलेश्वर करौली शंकर श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण से निष्कासित; परंपरा के विरुद्ध काम करने पर कार्रवाई
श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण ने महामंडलेश्वर करौली शंकर को परंपरा के विरुद्ध काम करने और झाड़-फूंक को बढ़ावा देने के आरोप में निष्कासित कर दिया है। यह निर्णय प्रयागराज में अखाड़े के सचिव जगतार मुनि की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया।

नया उदासीन अखाड़ा के आश्रम में आयोजित बैठक को संबोधित करते श्रीमहंत जगतार मुनि, साथ हैं मुखिया महंत दुर्गा दास, संत ज्ञान सिंह व अन्य। सौ. आयोजक
HighLights
अखाड़े की परंपरा के विरुद्ध झाड़-फूंक की गतिविधि में थे लिप्त : जगतार मुनि
कानपुर के रहने वाले हैं महामंडलेश्वर करौली, आठ माह पहले दी गई थी उपाधि
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। परंपरा के विरुद्ध काम करने पर श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण ने महामंडलेश्वर करौली शंकर को निष्कासित कर दिया है। करौली शंकर पर अखाड़े के पंचों का अपमान करने, अपनी पूजा कराने, झाड़-फूंक को बढ़ावा देने का आरोप लगा था। भविष्य में ऐसा कोई न करने पाए उसको लेकर जांच कमेटी गठित की जाएगी।
प्रयागराज में अखाड़े के सचिव ने बैठक कर दी जानकारी
इसको लेकर मंगलवार को अखाड़े के मुट्ठीगंज स्थित आश्रम में सचिव श्रीमहंत जगतार मुनि की अध्यक्षता में बैठक हुई। उन्होंने बताया, कानपुर निवासी करौली शंकर ने अखाड़े के प्रति श्रद्धा और समर्पण दिखाई थी। इसके चलते उन्हें हरिद्वार में आठ माह पहले सूक्ष्म रूप से महामंडलेश्वर की उपाधि प्रदान की गई। हरिद्वार कुंभ में उनका विधिवत पट्टाभिषेक किया जाना था, लेकिन उसके पहले उनकी गतिविधि अखाड़े की परंपरा के विरुद्ध हो गई।
बिना अखाड़े की अनुमति हरिद्वार में दंडवत यात्रा निकाली
उन्होंने बताया कि करौली शंकर ने बिना अखाड़े की अनुमति से हरिद्वार में दंडवत यात्रा निकाली। अखाड़े के पंचों की अनदेखी करके स्वयं की पूजा कराने लगे, झाड़-फूंक शुरू करके पाखंड को बढ़ावा दिया। साथ ही अखाड़े के विरुद्ध बयानबाजी शुरू कर दी। इसे देखते हुए उन्हें निष्कासित करने का निर्णय लिया गया है। नया उदासीन अखाड़ा ध्यान, पूजन और समाजहित की गतिविधि को बढ़ावा देता है। पाखंड करने वालों का अखाड़े में स्थान नहीं है।
बड़ा उदासीन अखाड़ा के मुखिया महंत दुर्गा दास ने कहा...
बड़ा उदासीन अखाड़ा के मुखिया महंत दुर्गा दास ने कहा, अखाड़ों का त्याग और समर्पण सनातन धर्म के प्रति है। हर महामंडलेश्वर और संतों की गतिविधियों की जांच की जाएगी, जो पाखंड को बढ़ावा देने में लिप्त मिलेगा उसे बाहर कर दिया जाएगा। निर्मल अखाड़ा के संत ज्ञान सिंह ने कहा, हर संत अखाड़े की परंपरा से बंधा है। संचालन राजेश केसरवानी ने किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।