विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP परिवहन निगम: प्रयागराज में 7-8 बसें रोज खराब, कुछ बसें इंजन में खराबी लंबे समय से वर्कशाप से बाहर नहीं निकलतीं

By Surya Prakash Tiwari Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Fri, 20 Nov 2026 04:47 PM (IST)

प्रयागराज में यूपी परिवहन निगम की बसें प्रतिदिन खराब हो रही हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। निजी फर्म को मरम्मत की जिम्मेदारी देने के बावजूद, जीरो रोड डिपो में 7-8 बसें रोज खराब रहती हैं और कुछ इंजन खराबी के कारण लंबे समय से खड़ी हैं।

प्रयागराज में जीरो रोड डिपो की कार्यशाला में खड़ी बसें। जागरण

प्रयागराज में जीरो रोड डिपो की कार्यशाला में खड़ी बसें। जागरण

HighLights

  1. परिवहन निगम का पायलट प्रोजेक्ट संगम नगरी में पहले ही कदम पर लड़खड़ा गई हैं

  2. प्राइवेट फर्म को दी गई है जीरो रोड डिपो की कार्यशाला में बसों की मरम्मत की जिम्मेदारी

  3. बदली व्यवस्था के बाद भी सात से आठ महीने हर रोज रहती आफ रोड, कुछ लंबे समय से खड़ी हैं

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। परिवहन निगम की कार्यशालाओं में बसों की मरम्मत की जिम्मेदारी प्राइवेट फर्मों को देने की व्यवस्था पहले ही कदम पर लड़खड़ाती दिख रही है। इस अभिनव प्रयोग में शामिल जीरो रोड बस अड्डे की कार्यशाला का ही उदाहरण देख लें। यहां अब भी लगभग सात से आठ बसें प्रतिदिन आफ रोड रहती हैं। कुछ बसें तो खराबी के कारण लंबे समय से सड़क पर नहीं निकलीं।

रोडवेज के बस अड्डों व बसों की दशा में सुधार के लगातार प्रयास हो रहे हैं। नई-नई व्यवस्थाएं बनाई जा रहीं हैं। कार्यशालाओं की जिम्मेदारी प्राइवेट फर्मों को देने का पिछले साल उठाया कदम भी इसी का हिस्सा था। प्रदेश के 19 रीजनों में यह प्रयोग हुआ था। हर रीजन के एक-एक डिपो में यह व्यवस्था लागू की गई थी।

जीरो रोड बस स्टेशन की कार्यशाला भी इसी में शामिल थी। इस डिपो में करीब 70 बसें हैं। इनमें से 15 बसों की देखरेख अब भी पुरानी व्यवस्था से हो रही है। निगम के नियमित व संविदा कर्मी ही इनकी मरम्मत आदि करते हैं। जबकि, शेष 55 बसें की देखरेख की जिम्मेदारी प्राइवेट फर्म एसडीएल स्क्रैल वेंजर जेबी को दी गई है।

इंजन, टायर, बिजली, बाडी की मरम्मत के लिए फर्म ने करीब 41 कुशल व अकुशल कर्मचारी लगा रखे हैं। मैनपावर के साथ मरम्मत में लगने वाले पार्ट्स की उपलब्धता भी फर्म के जिम्मे है। उम्मीद थी कि यह व्यवस्था बसों की स्थिति में सुधार लाएगी। हालांकि हालात अब भी जस के तस हैं। सात से आठ बसें तो यहां रोज खराब ही रहती हैं। इसके अलावा कुछ बसें इंजन में खराबी लंबे समय से वर्कशाप से बाहर नहीं निकलीं। डिपो के कर्मचारी दबी जुबान में फर्म को जिम्मेदार बताते हैं। वहीं फर्म के संचालक डिपो के कर्मचारियों को। हालांकि निगम के आलाधिकारी इस पर कुछ बोलने को तैयार नहीं।

कार्यशाला के कर्मचारी बताते हैं कि पांच बसों में टायर की समस्या है। लगभग इतनी ही बसें बैटरी की खराबी से जूझ रहीं हैं। कभी बैटरी काम करती है तो कभी नहीं। आठ से 10 बसों में सीट कवर फट गए हैं। अन्य छिटपुट गड़बड़ी तो आम बात है।

त्योहारी सीजन के कारण कुछ वर्कर छुट्टी पर चले गए थे। इसलिए, कुछ बसों का काम नहीं हो पाया। अन्यथा, ज्यादातर बसें तत्काल दुरुस्त की जाती हैं। डिपो के कर्मचारियों की जब मर्जी होती है तो बसे आफरोड बता देते हैं।
- ए. रहमान, निदेशक, एसडीएल स्क्रैप वेंजर जेबी।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज में घर-घर कूड़ा उठाने के दावे हवा-हवाई, सिर्फ शुल्क वसूली की जा रही; व्यवस्था के नाम पर कुछ नहीं

यह भी पढ़ें- बेटी पर हुई ज्यादगी को करते समय बुजुर्ग की भर आई आंखें, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की अध्यक्ष बोलीं- तत्काल FIR लिखो


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।