विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज में घर-घर कूड़ा उठाने के दावे हवा-हवाई, सिर्फ शुल्क वसूली की जा रही; व्यवस्था के नाम पर कुछ नहीं

By Amardeep Bhatt Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Fri, 20 Nov 2026 04:19 PM (IST)

प्रयागराज में घर-घर कूड़ा उठाने के दावे खोखले साबित हो रहे हैं, जहां शुल्क वसूली के बावजूद कर्मचारी अनियमित रहते हैं। निवासियों को कूड़े के ढेर और दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है, नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

प्रयागराज के राजरूपपुर कब्रिस्तान रोड पर लगा कूड़े का ढ़ेर। जागरण

प्रयागराज के राजरूपपुर कब्रिस्तान रोड पर लगा कूड़े का ढ़ेर। जागरण

HighLights

  1. शिवकुटी से लेकर राजापुर, मीरापट्टी और राजरूपपुर तक एक जैसा हाल

  2. कहीं पहुंचते हैं दोपहर बाद, कहीं-कहीं कई दिनों तक कर्मचारी रहते लापता

अमरदीप भट्ट, प्रयागराज। स्वच्छता के दावे तो खूब हो रहे हैं, जबकि धरातल पर मनमानी है। घर-घर से कूड़ा उठाने के बदले किसी मुहल्ले में 70 तो कहीं 100 रुपये प्रतिमाह भी लिए जा रहे हैं। लोडर लेकर पहुंचने वाले कर्मचारी महीने में 10 से 12 दिनों तक लापता रहते हैं।

मुख्य रास्तों पर कूड़े के ढेर

गलियों और कालोनियों के मुख्य रास्तों पर कई दिनों तक कूड़े के ढेर पड़े रहते हैं क्योंकि लोग कर्मचारियों के नियमित न आने पर कूड़ा बाहर किसी खाली जगह पर फेंकते हैं। इससे दुर्गंध होती है, वातावरण दूषित होता है। नगर क्षेत्र के हालात बता रहे हैं कि घर-घर कूड़ा उठाने की योजना में भी एजेंसियां बजट का हेरफेर कर रही हैं।

कोई सुनवाई नहीं

शिवकुटी निवासी हिमांशु द्विवेदी और सुरेश कुमार, समस्या बताते हुए कहने लगे कि बड़ी मनमानी हो रही है कोई सुनवाई नहीं है। कूड़ेदान दिखाते हुए कहा कि देखिए...दो दिनों से रखा है। कोई आया ही नहीं, इसे या तो बाहर फेंक दें और गंदगी फैलाएं या घर में दरवाजे के पास अथवा सीढ़ी के नीचे रखे रहें। कहा कि 100 रुपये दे रहे हैं तो कूड़ा उठाने वाले कर्मचारी भी नियमित आने चाहिए।

कूड़ा उठाने वाले कर्मचारियों के आने का समय निश्चित नहीं

शिवकुटी के ही सुंदरबाग में राशन की दुकानदार शिव दुलारी की समस्या रही कि कूड़ा उठाने वाले कर्मचारियों के आने का समय निश्चित नहीं है। कभी आठ बजे कभी 10 बजे आते हैं। आठ या 10 दिन में बीच-बीच में लापता रहते हैं। ऐसा ही हाल राजरूपपुर के 60 फीट रोड और चकिया कब्रस्तान के पास का है। कब्रस्तान के पास रहने वाले सलामत अली और मोहम्मद आजम ने बताया कि कूड़ा फैला रहता है, घर में कूड़ेदान भरे रहते हैं, इन्हें उठाने के लिए कर्मचारी मनमर्जी से आते हैं।

दोपहर बाद आते हैं कर्मचारी

मीरापट्टी में मुख्य सड़क और जगह-जगह गलियों में कूड़े के ढेर दिखे। ओपी गौड़ के घर और इनके आसपास कूड़ा उठाने वाले कर्मचारी तीन दिनों से नहीं पहुंचे। कूड़ेदान स्वयं ही लेकर घर से 30 मीटर दूर फेंकने के लिए जाना पड़ रहा है। ओपी गौड़ ने बताया कि सभी जगह 50 रुपए महीने लगते हैं उनके मुहल्ले में कर्मचारी 70 रुपए महीने मांगते हैं, कर्मचारी आते भी हैं तो दिन में 12 बजे के बाद। महीने के पहले सप्ताह में कर्मचारी मासिक शुल्क लेने के लिए पहुंच जाते हैं। मीरापट्टी में ही रहने वाले मनोज कुमार सिंह का कहना है कि कभी 10 बजे, कभी 12 बजे के बाद कर्मचारी आते हैं। महीने में 10 या 12 दिन तो आते ही नहीं।

नगर निगम की अनदेखी पर आक्रोश

राजापुर के गंगा नगर कछार में राजेश यादव अपने घर के पास मिले, नगर निगम की अनदेखी पर उनका आक्रोश था। कहा कि गृहकर दें, जल-कर दें और कूड़ा ले जाने का शुल्क भी दें। इसके बाद भी मनमानी होती है। कर्मचारी तीन-चार दिन के अंतर पर आते हैं कहने सुनने का कोई फायदा ही नहीं रह गया है।

नंबर गेम

2 एजेंसियों को नगर निगम से मिला है टेंडर
750 छोटे-बड़े लोडर हैं कूड़ा उठाने के लिए
100 वार्डों में है कूड़ा उठाने की व्यवस्था
1 लाख 27 हजार घरों से रोज कूड़ा उठाने का है दावा
650 मीट्रिक टन कूड़ा प्रत्येक दिन शहर में निकलता है
250 मीट्रिक टन गीला कूड़ा होता है।

डोर टू डोर कूड़ा उठाने के लिए जिन मुहल्लों से शिकायत है वहां से संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जनता शुल्क दे रही है तो लापरवाही नहीं होनी चाहिए। तीन या चार दिनों तक कर्मचारियों के न पहुंचने की जांच भी कराएंगे। संतोषजनक जवाब न मिलने पर एजेंसी पर जुर्माना लगाया जाएगा।
- शादाब असलम, अपर नगर आयुक्त।

यह भी पढ़ें- जनसुनवाई में बरस पड़ीं बुजुर्ग की आंखें,, अध्यक्ष बोलीं...तत्काल लिखो एफआइआर

यह भी पढ़ें- DElEd 2025 और 2024 बैच की कॉपियों का मूल्यांकन शुरू, एक अनुक्रमांक की दो उत्तर पुस्तिकाएं मिलीं तो नहीं की जाएगी चेक


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।