विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जनसुनवाई में बरस पड़ीं बुजुर्ग की आंखें,, अध्यक्ष बोलीं...तत्काल लिखो एफआइआर

By Surya Prakash Tiwari Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Fri, 20 Nov 2026 03:59 PM (IST)

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने प्रयागराज में 50 महिलाओं की शिकायतें सुनीं, जिसमें एक बुजुर्ग की बेटी के दुष्कर्म मामले में तत्काल FIR दर्ज करने का आदेश दिया।

सर्किट हाउस में जनसुनवाई करतीं राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर व अन्य अधिकारी। जागरण

सर्किट हाउस में जनसुनवाई करतीं राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर व अन्य अधिकारी। जागरण

HighLights

  1. राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने प्रयागराज में सुनी 50 महिलाओं की फरियाद

  2. संबंधित थानों के विवेचकों को फरियादी के सामने बैठाया, की मामलों की सुनवाई

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। मैडम, जनवरी में बेटी का अपहरण करके गांव के कुछ दबंगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। कई बार थाने के चक्कर लगाए। उच्चाधिकारियों से मिले लेकिन न्याय नहीं मिला। न मुकदमा दर्ज हुआ और न ही बेटी का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इतना कहते ही बुजुर्ग की आंखें बरस पड़ीं। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल एफआईआर दर्ज करने और कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

महिला आयोग अध्यक्ष विजया रहाटकर ने सुनी समस्याएं

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर गुरुवार को सर्किट हाउस में महिलाओं की समस्याएं सुन रहीं थीं। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान और सदस्य गीता विश्वकर्मा भी मौजूद रहीं। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने 50 महिलाओं की फरियाद सुनीं। इनमें से 30 मामले ऐसे थे, जिनकी शिकायत पूर्व में राष्ट्रीय महिला आयोग तक पहुंची थी। शेष 20 मामले वह रहे, जिनके फरियादी सीधे जनसुनवाई में पहुंचे थे।

ज्यादा मामले घरेलू हिंसा व महिलाओं के उत्पीड़न के

पूर्व से दर्ज मामलों में संबंधित थाने से विवेचक को भी बुलाया गया था। विवेचक को फरियादी के बगल में बैठाकर अध्यक्ष ने सभी की फरियाद सुनीं। मौके पर ही विवेचकों से सवाल-जवाब भी हुआ। इनमें सबसे ज्यादा मामले घरेलू हिंसा व महिलाओं के उत्पीड़न से संबंधित रहे। एक नाबालिग से दुष्कर्म और एक अपहरण सहित दो मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज और आरोपियों पर कार्रवाई करने के निर्देश अध्यक्ष ने दिए। अन्य मामलों में भी महिलाओं को न्याय दिलाने के निर्देश संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए गए।

आयोग महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के प्रति प्रतिबद्ध 

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि आयोग महिलाओं के अधिकारों की रक्षा, उनकी सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस तरह की जनसुनवाई के कार्यक्रम आगे भी लगातार होते रहेंगे। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनीता सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी सर्वजीत सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश सिंह मौजूद रहे।

एआई से जुड़ेगी बेटियां तो बनेगा विकसित भारत

नेहरू ग्राम भारती मानित विश्वविद्यालय हनुमानगंज में राष्ट्रीय महिला आयोग की ओर से यशाेदा एआई जागरूकता कार्यक्रम किया गया। मुख्य अतिथि रहीं आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर शामिल हुईं। कहा कि बेटियां एआई से जुड़ेगी तो भारत विकसित होगा। यशोदा एआइ भारत की बेटियाें के भविष्य को टेक्नोलाजी से जोड़ने का सबसे बड़ा प्रयास है। देश की हर बेटी को एआई को समझना होगा, ताकि वह साइबर ठगी से बच सके। कुलपति प्रो. बीबी तिवारी ने कहा कि यह अभियान छात्रों की तकनीक की बेहतर समझ विकसित करेगा। प्रति कुलपति डॉ. एससी तिवारी ने भी अपने विचार रखे। संचालन रामांगी पांडेय ने किया।

यौन शोषण, बाल तस्करी के प्रति किया जागरूक

सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पडिला स्थित मेंस क्लब में मानव तस्करी विरोधी जागरूकता कार्यक्रम हुआ। राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य अर्चना मिश्रा ने लोगों को मानव तस्करी के विभिन्न पहलुओं के प्रति जागरूक किया। यौन शोषण, जबरन मजदूरी और बाल तस्करी जैसी गंभीर समस्याओं की जानकारी देते हुए इनसे बचाव के उपाय बताए। रिटायर्ड आइपीएस उमापति, एटीसी कमांडेंट राजेश कुमार सिंह, आरपीएफ अधिकारी दीपक कुमार आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- डिजिटल अरेस्ट: बैंक अधिकारियों की सूझबूझ से 76.60 लाख रुपये गंवाने से बचे, आप भी साइबर अपराधियों से सतर्क रहें

यह भी पढ़ें- Cervical Cancer : महिलाएं HPV किट से ले सकेंगी सैंपल, जांच से अगले पांच साल तक बच्चेदानी के मुंह के खतरे का पता चल सकेगा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।