UP की 25500 मेधावी छात्राओं को मिलेगी स्कूटी, विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों की शीर्ष पांच मेधावियों को मिलेगा लाभ
उत्तर प्रदेश सरकार की रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत 25,500 मेधावी छात्राओं को गुलाबी रंग की स्कूटी मिलेगी। दिसंबर में वितरण शुरू होने की उम्मीद है।

उप्र में रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत पहले चरण में दिसंबर में छात्राओं को मुफ्त स्कूटी मिलने की उम्मीद है।
HighLights
रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत गुलाबी रंग की दी जाएगी स्कूटी
जिला स्तरीय समिति कर रही सत्यापन, 320 करोड़ का बजट निर्धारित
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। प्रदेश सरकार की रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के लाभार्थियों का चयन लगभग पूरा हो चुका है। उनके सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है। प्रदेश के सभी जिलों में इसे लेकर डीएम की निगरानी में समिति गठित की गई है। पहले चरण में 25,500 छात्राओं को योजना का लाभ मिलेगा। जो छात्राएं अपने विश्वविद्यालय या महाविद्यालय में स्नातक स्तर पर शीर्ष पांच में शामिल होंगी, उन्हें ही यह गुलाबी रंग की स्कूटी दी जाएगी।
दिसंबर में स्कूटी वितरण की उम्मीद
माना जा रहा है कि दिसंबर में स्कूटी वितरण की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। उच्च शिक्षा निदेशालय से पात्र छात्राओं के चयन की प्रक्रिया पूरी करते हुए जिलाधिकारी स्तर पर सत्यापन चल रहा है। स्कूटी वितरण मंडल स्तर पर समारोह आयोजित कर किया जाएगा। उच्च शिक्षा निदेशालय की ओर से 320 करोड़ रुपये का टेंडर पहले ही हो चुका है।
विश्वविद्यालय व कॉलेज तक आवागमन में होगी सुविधा
योजना का उद्देश्य छात्राओं के कॉलेज और विश्वविद्यालय तक आवागमन को सुगम बनाना, उच्च शिक्षा में ड्राप आउट दर को कम करना और उनमें आत्मविश्वास व आत्मनिर्भरता जगाना है। सामान्य मेधावी छात्राओं के लिए निर्धारित मेरिट से 10 प्रतिशत कम अंक पाने वाली शहीद परिवारों की मेधावी बेटियां, दिव्यांग छात्राएं और निराश्रित छात्राएं (जिनके माता-पिता में से किसी एक की मृत्यु हो गई हो) भी इसके लिए पात्र होंगी।
परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से अधिक न हो
योजना का लाभ उन्हीं छात्राओं को मिलेगा जिनके परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से अधिक न हो। दिव्यांग छात्राओं को स्कूटी के साथ रेट्रोफिटेड स्टेबलाइजर किट भी दी जाएगी। छात्राओं को मिलने वाली स्कूटी का पंजीकरण और पांच साल का बीमा प्रदेश सरकार की ओर से कराया जाएगा। आईएसआई मार्का हेलमेट और चार लीटर पेट्रोल भी दिया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।