Magh Mela 2027 : संगम पर '12 ज्योतिर्लिंगों' के दर्शन होंगे, पहली बार चलेगी ट्वाय ट्रेन, ग्रेविटी राइड का रोमांच भी ले सकेंगे
माघ मेला 2027 को दिव्य और भव्य बनाने की तैयारियां तेज हैं, जिसमें पहली बार 12 ज्योतिर्लिंगों की प्रतिकृतियां स्थापित होंगी। मेला क्षेत्र का विस्तार किया जाएगा और ट्वाय ट्रेन, ग्रेविटी राइड जैसी नई सुविधाएं भी होंगी।

Magh Mela 2027 प्रयागराज माघ मेला में 12 ज्योतिर्लिंगों की प्रतिकृतियों का श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे।
HighLights
मध्य प्रदेश और राजस्थान से प्रयागराज माघ मेला में लाई जाएंगी 12 ज्योतिर्लिंगों की प्रतिकृतियां
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर बढ़ाई जा रही मेला में सुविधाएं, क्षेत्रफल भी होगा बड़ा
गंगा पर पांटून पुलों का निर्माण शुरू, दिसंबर तक सभी कार्यों को पूरा कराने के दिए गए निर्देश
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। Magh Mela 2027 पवित्र त्रिवेणी के पावन तट पर हर वर्ष आयोजित होने वाले माघ मेला को दिव्य और भव्य बनाने के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार मेला में 12 ज्योतिर्लिंगों की प्रतिकृतियां भी स्थापना होंगी। इसके लिए शासन से से स्वीकृति भी मिल गई है। ये प्रतिकृतियां मध्य प्रदेश और राजस्थान से आएंगी। इसके लिए सभी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसके अलावा मेला का आकर्षण बढ़ाने के लिए कई आयोजन होंगे।
मध्य प्रदेश और राजस्थान की एजेंसियों से वार्ता शुरू
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर ही प्रयागराज मेला प्राधिकरण की ओर से ज्योतिर्लिंगों की प्रतिकृतियां लगाने की तैयारी शुरू हुई है। इसके लिए मुख्यमंत्री ने प्रयागराज मेला प्राधिकरण के चेयरमैन तथा मंडलायुक्त को निर्देश दिए थे, जिसके क्रम में प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, जिस पर संस्तुति मिलने के बाद अब प्रतिकृतियां लगाने के लिए मध्य प्रदेश और राजस्थान की एजेंसियों से वार्ता शुरू हुई है।
शिवालय पार्क में सभी ज्योतिर्लिंगों की प्रतिकृतियां बनेंगी
संगम के पास अरैल स्थित शिवालय पार्क में सभी ज्योतिर्लिंगों की प्रतिकृतियां बनाई जाएंगी। अरैल क्षेत्र में ही वेलनेस-योगा सेंटर भी चलेगा। थीमेटिकल-कांप्सेप्ट लाइटिंग से मेला क्षेत्र रोशन होगा। संगम समेत 12 स्नान घाटों तथा महत्वपूर्ण स्थलों पर पौराणिक-धार्मिक प्रतीकात्मक चिन्हों पर आधारित संरचनाओं के रूप में सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। परेड क्षेत्र में पहली बार ट्वाय ट्रेन चलेगी तो ग्रेविटी राइड भी होगी। इन सब के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
पहली बार मेला 20% अधिक क्षेत्रफल में विस्तारित होगा
गंगा और यमुना के तटों पर सैंड आर्ट बनेंगे। इसके लिए इलाहाबाद विश्वविद्यालय एवं अन्य महाविद्यालय के फाइन आर्ट संकाय के प्रमुख से वार्ता हो चुकी है। पौराणिक कथाओं पर आधारित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, क्विज प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी, जिनमें शहर तथा आसपास के स्कूल-कालेज के छात्र-छात्राओं की सहभागिता होगी। पहली बार मेला 20 प्रतिशत अधिक क्षेत्रफल में विस्तारित होगा। परेड क्षेत्र में कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
कई विभागों के कार्य तेजी शुरू हो चुके हैं
मेलाधिकारी ऋषि राज ने बताया लोक निर्माण विभाग, जल निगम, सिंचाई, विद्युत विभाग, मेला प्राधिकरण, स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की निविदाएं लगभग पूरी हो चुकी हैं। कई विभागों के कार्य तेजी शुरू हो चुके हैं। गंगा पर पांटून पुलों का निर्माण तेजी से चल रहा है। विद्युत पोल गाड़ने का काम भी शुरू हो गया है।
माघ मेला 2027 के प्रमुख स्नान पर्व
14 व 15 जनवरी - मकर संक्रांति
22 जनवरी - पौष पूर्णिमा
6 फरवरी - मौनी अमावस्या
11 फरवरी - वसंत पंचमी
20 फरवरी - माघी पूर्णिमा
6 मार्च - महाशिवरात्रि।
माघ मेला 2027 में बढ़ाई गईं सुविधाएं
माघ मेला 2026 की तुलना में वर्ष 2027 में क्षेत्र एवं विभिन्न व्यवस्थाओं के विस्तार का प्रस्ताव है। मेला क्षेत्रफल 844 हेक्टेयर से बढ़कर 950 हेक्टेयर किया जा रहा है। पिछले वर्ष सात सेक्टर में मेला था तो इस दफा आठ सेक्टर में होगा। घाटों की लंबाई 3.60 किमी से अधिक 4.00 प्रस्तावित है। पांटून पुलों की संख्या नौ रहेगी। पार्किंग व्यवस्था में पार्किंग स्थलों की संख्या 42 से बढ़कर 48, पार्किंग क्षेत्र 250 हेक्टेयर से बढ़कर 320 हेक्टेयर तथा पार्किंग क्षमता 1.30 लाख से बढ़कर 1.45 लाख से अधिक वाहनों की प्रस्तावित है।
फायर स्टेशनों की संख्या 20 से बढ़ाकर 22 प्रस्तावित
Magh Mela 2027 यातायात लाइन की संख्या एक से बढ़ाकर दो किए जाने का प्रस्ताव है। सुरक्षा एवं अग्निशमन व्यवस्था को और सुदृढ़ करते हुए थानों की संख्या 17 से बढ़ाकर 19, चौकियों की संख्या 42 से बढ़ाकर 50 तथा फायर स्टेशनों की संख्या 20 से बढ़ाकर 22 प्रस्तावित है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।