रोडवेज बस अड्डे प्रयागराज शहर के बाहर होंगे, शहरवासियों को जाम की समस्या से मिलेगी निजात
प्रयागराज शहर में यातायात जाम कम करने को रोडवेज बस अड्डों को शहर के बाहर स्थानांतरित करने की तैयारी है। वाराणसी, चित्रकूट-रीवा और लखनऊ मार्गों के लिए कनिहार, लेप्रोसी चौराहा और फाफामऊ में नए बस अड्डे बनाए जाएंगे।

शहर को जाममुक्त व यातायात सुगम बनाने को हुई बैठक को संबोधित करते मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. साथ मे पीडीए वीसी व नगर आयुक्त। सौ. सूचना विभाग
HighLights
वाराणसी का कनिहार, चित्रकूट-रीवा का लेप्रोसी चौराहा व लखनऊ मार्ग का फाफामऊ में बनेगा बस अड्डा
तीनों जगह भूमि चिह्नित, परिवहन निगम को भेजा जाएगा प्रस्ताव, मंडलायुक्त की बैठक में लिया गया निर्णय
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। शहर का पाश इलाका सिविल लाइंस हो या संगम की राह पर पड़ने वाला तिनकोनिया और अलोपीबाग चुंगी चौराहा। लगभग हर प्रमुख मार्ग ट्रैफिक के बोझ तले दबा हुआ है। कुछ स्थान ऐसे हैं, जहां पूरे दिन जाम लगता है। इसकी एक वजह शहर के अंदर बसों का आवागमन भी है।
वाराणसी रूट की बसें कनिहार से चलेंगी
सब कुछ ठीक रहा तो आने वाले दिनों में इस समस्या से काफी राहत मिल जाएगी। क्योंकि बसें शहर के अंदर आएंगी ही नहीं, बल्कि शहर के बाहर से ही इनका संचालन होगा। वाराणसी रूट की बसें कनिहार, चित्रकूट-रीवां रूट की बसें लेप्रोसी चौराहा और लखनऊ रोड की बसें फाफामऊ से चलेंगी। इन स्थानों पर बस अड्डों का निर्माण होगा।
शहर को जाम से मुक्त कराने के लिए कई अहम निर्णय
मंडलायुक्त कार्यालय में शुक्रवार को मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने पीडीए के उपाध्यक्ष ऋषिराज और नगर आयुक्त साईं तेजा के साथ बैठक की। इसमें शहर को जाम से मुक्त कराने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए। शहर के बाहर अलग-अलग दिशाओं में बस अड्डे बनाने का फैसला भी इसमें लिया गया। बाहर से आने वाली बसों के लिए यह बस अड्डे होंगे।
सिटी बसें यात्रियों को बस अड्डे तक पहुंचाएगी
बसों की आवाजाही कम होने से ट्रैफिक का भार भी घटेगा। यात्रियों को बस स्टेशन तक पहुंचाने में सिटी बसें मदद करेंगी। नगर निगम ने तीनों बस अड्डों के लिए जमीन चिन्हित कर ली है। अब आगे की कार्रवाई परिवहन निगम को करनी है। इसके लिए परिवहन निगम को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
मालवीय पार्क के सुंदरीकरण की योजना पर भी मुहर
इसके अलावा पं. मदन मोहन मालवीय पार्क के सुंदरीकरण की योजना पर भी मुहर लगी। वन विभाग से समन्वय स्थापित करके नगर निगम इस पार्क का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कराएगा। यह नहीं पार्क के रखरखाव व प्रबंधन की जिम्मेदारी भी नगर निगम उठाएगा। श्रमिकों की सुविधा के लिए राजापुर, नैनी और रामबाग में लेबर अड्डे विकसित किए जा रहे हैं। राजापुर में लेबर अड्डे का निर्माण चल भी रहा है। नवंबर के अंत तक यह तैयार हो जाएगा।
प्रदूषण से छुटकारे पर भी हुआ मंथन
बैठक के दौरान शहर को प्रदूषण से मुक्ति दिलाने पर भी मंथन किया। कमिश्नर ने एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआइ) में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने पर जोर दिया। नगर निगम सड़कों के किनारे जमा कूड़े एवं मिट्टी को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। संबंधित स्थानों पर नियमित सफाई एवं कूड़े का उठान कराने की व्यवस्था की जाएगी। ताकि, धूल के कणों को कम करने के साथ ही शहर की वायु गुणवत्ता में सुधार लाया जा सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।