प्रयागराज में कामकाजी महिलाओं को मिलेगा सुरक्षित और किफायती ठिकाना, 69 करोड़ से बनेंगे बहुमंजिला दो नए हॉस्टल
प्रयागराज में ₹69 करोड़ की लागत से छात्रावास नंदी चौराहा और नसीरपुर सिलना के पास बनाए जाएंगे, जिनमें 620 कामकाजी महिलाएं सुरक्षित और कम किराए पर रह सकेंगी।

प्रयागराज में 69 करोड़ से अकेले रहने वाली कामकाजी महिलाओं के लिए बनने वाले हॉस्टल का मॉडल।
HighLights
नंदी चौराहा और एयरपोर्ट के पास बनेंगे हॉस्टल, 620 महिलाएं रह सकेंगी
एक को महिला विकास विभाग व दूसरे को नगर विकास विभाग से मिला बजट
मुख्यमंत्री एकल श्रमजीवी महिला छात्रावास निर्माण दिसंबर में शुरू कराने की तैयारी
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। सरकार सिर्फ महिला सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता पर जोर ही नहीं दे रही, बल्कि इस मुहिम में महिलाओं की राह भी आसान कर रही है। ऐसी कामकाजी महिलाओं के लिए शहर में दो छात्रावास बनाए जाएंगे, जो गांव व अपनों से दूर अकेले यहां रहती हैं। करीब 69 करोड़ की लागत वाले इन हॉस्टलों में 620 महिलाएं रह सकेंगी। इसमें किराया भी सीमित ही देना पड़ेगा। दिसंबर में इनका निर्माण शुरू कराने की तैयारी है।
नसीरपुर के हॉस्टल में 250 कमरों में 500 महिलाएं रहेंगी
महिला कल्याण विभाग की ओर से प्रदेश के महानगरों में मुख्यमंत्री एकल श्रमजीवी महिला छात्रावास बनाए जा रहे हैं। यहां पर भी यह छात्रावास बनाया जाएगा। इसमें करीब 48 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके सापेक्ष करीब 16 करोड़ रुपये शासन से जारी भी कर दिए गए हैं। नसीरपुर सिलना के पास इसके लिए करीब पांच हजार वर्ग मीटर जगह चिह्नित कर ली गई है। इस बहुमंजिला इमारत में करीब 250 कमरे होंगे। इनमें लगभग 500 महिलाएं रह सकेंगी। इसके निर्माण की जिम्मेदारी कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (सीएंडडीएस) को दी गई है।
नंदी चौराहे के हॉस्टल में 120 महिलाएं रह सकेंगी
इसी तरह एक अन्य महिला छात्रावास नंदी चौराहे के पास बनेगा। इसके लिए नगर विकास विभाग से करीब 18 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। इसके निर्माण की जिम्मेदारी भी सीएंडडीएस को मिली है। इस छात्रावास में 120 महिलाओं के रहने की सुविधा होगी। करीब 18 करोड़ की लागत वाले इस छात्रावास के लिए चार हजार वर्ग मीटर भूमि चिह्नित की गई है।
एक की टेंडर प्रक्रिया, दूसरी की डीपीआर तैयार
500 बेड वाले महिला छात्रावास के टेंडर प्रक्रिया लगभग पूरी होने वाली है। वहीं 120 बेड के महिला छात्रावास का दोबारा डीपीआर तैयार किया जा रहा है। पहले यह छात्रावास सिविल लाइंस इलाके में बनना था। बाद में जगह बदलनी पड़ी। इस नाते जमीन की जांच व अन्य प्रक्रियाएं फिर से करानी पड़ रही है। 120 बेड के महिला हॉस्टल को बनाने में करीब एक साल तो वहीं 500 बेड के महिला हॉस्टल के निर्माण में लगभग डेढ़ साल लगेंगे।
कितना लगेगा किराया?
जिला महिला कल्याण विभाग के जिला प्रोबेशन अधिकारी सर्वजीत सिंह का कहना है कि 500 बेड के छात्रावास में सिर्फ वही कामकाजी महिला,a रहेंगी, जो अकेले रहती हैं। शुल्क कितना देना होगा, इसके लिए शासन से अलग से आदेश जारी किए जाएंगे। माना यह जा रहा है कि किराए पर बाहर आने वाले शुल्क से यह कम ही होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।