विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज के सिक्स लेन पुल का नाम 'अशोक सिंहल सेतु' होगा, लगेगी 14 फीट की प्रतिमा; इसी माह एक लेन पर आवागमन शुरू होगा

By Birendra Dwivedi Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sat, 21 Nov 2026 07:05 AM (GMT+05:30)

प्रयागराज में गंगा पर बन रहे फाफामऊ सिक्स लेन पुल का नाम विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अध्यक्ष अशोक सिंहल के नाम पर 'अशोक सिंहल सेतु' रखा जाएगा। इस पुल पर अशोक सिंहल की 14 फीट ऊंची प्रतिमा भी स्थापित होगी।

प्रयागराज के फाफामऊ में गंगा पर सिक्स लेन पुल। जागरण आर्काइव

प्रयागराज के फाफामऊ में गंगा पर सिक्स लेन पुल। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. प्रधानमंत्री के हाथों हो सकता है लोकार्पण, 25 दिसंबर से दोनों लेन पर शुरू होगा आवागमन

  2. लगभग 2000 हजार करोड़ रुपये की लागत से 9.8 किमी लंबा गंगा पर बन रहा है यह सेतु 

  3. लगभग 2000 हजार करोड़ रुपये की लागत से 9.8 किमी लंबा गंगा पर बन रहा है यह सेतु

वीरेंद्र द्विवेदी, प्रयागराज। संगम नगरी में गंगा पर बन रहे बहुप्रतीक्षित फाफामऊ सिक्स लेन पुल को अब एक नई पहचान देने की तैयारी है। विश्व हिंदू परिषद के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंहल के नाम पर इस पुल का नामकरण करने का सुझाव प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से दिया गया है। इसके साथ ही पुल पर अशोक सिंहल की 14 फीट ऊंची प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी।

नगर निगम ने इस दिशा में पहल शुरू कर दी है। नामकरण का प्रस्ताव तैयार कर सदन में रखा जाएगा। वहां से संकल्प पारित होने के बाद नामकरण और प्रतिमा स्थापना की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। प्रतिमा शहर की ओर लगेगी या फिर मालक हर हर की ओर इस पर अंतिम निर्णय पुल  पर आवागमन की शुरुआत के दौरान ही लिया जाएगा।

शहर के स्टेनली रोड से मालाक हरहर तक करीब 9.8 किलोमीटर लंबे इस सिक्सलेन पुल का निर्माण लगभग पांच वर्षों से चल रहा है। करीब 2000 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस पुल का निर्माण अब अंतिम चरण में है। योजना के अनुसार, 25 से 30 नवंबर के बीच एक लेन पर आवागमन शुरू कराया जाएगा। वहीं पुल की दूसरी लेन पर 25 दिसंबर से यातायात चालू करने की तैयारी है। इसी दिन पुल का औपचारिक उद्घाटन भी प्रस्तावित है।

पुल का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों कराने की तैयारी शासन और प्रशासन स्तर पर चल रही है। इस दौरान प्रयागराज की कई बड़ी परियोजनाएं भी जनता को समर्पित की जा सकती हैं। इनमें करीब 3300 करोड़ रुपये की लागत से बन रही रिंग रोड, गंगा पर निर्माणाधीन दूसरा पुल और लगभग 4500 करोड़ रुपये की लागत वाला राम वनगमन मार्ग शामिल है। इसके अलावा करीब 20 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी प्रस्तावित है।

लखनऊ, अयोध्या व प्रतापगढ़ की राह होगी आसान

सिक्सलेन पुल शुरू होने से प्रयागराज से लखनऊ, अयोध्या, सुलतानपुर, रायबरेली, उन्नाव, कानपुर, फतेहपुर और प्रतापगढ़ की ओर आवागमन अधिक सुगम होगा। खासतौर पर तेलियरगंज व फाफामऊ क्षेत्र में लगने वाले जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। शहर के यातायात का दबाव कम होने के साथ ही गंगा के दोनों छोर के बीच संपर्क भी बेहतर होगा। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि पल के नामकरण के संबंध में पीएमओ ने भी सुझाव मांगा है।

विश्व हिंदू परिषद के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंहल के नाम पर पुल का नामकरण करने का विचार है। इसके लिए नगर निगम सदन में संकल्प पारित कराया जाएगा। अशोक सिंहल की प्रतिमा स्थापित होने से प्रयागराज के गौरव और पहचान में एक और अध्याय जुड़ेगा।
- गणेश केसरवानी, महापौर प्रयागराज।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज शहर की 20 सड़कें 24 करोड़ रुपये से चमकेंगी, जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त व बिजली तार भूमिगत होंगे

यह भी पढ़ें- UP परिवहन निगम: प्रयागराज में 7-8 बसें रोज खराब, कुछ बसें इंजन में खराबी लंबे समय से वर्कशाप से बाहर नहीं निकलतीं


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।