UP पीएमश्री स्कूलों के विद्यार्थी फर्राटेदार बोलेंगे अंग्रेजी, इसके लिए 300 विद्यालयों के शिक्षक सीखेंगे आंग्ल भाषा
उत्तर प्रदेश के 300 पीएमश्री स्कूलों के अंग्रेजी शिक्षकों को आंग्ल भाषा शिक्षण संस्थान, प्रयागराज में विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। ...और पढ़ें

पीएमश्री स्कूलों के शिक्षक अंग्रेजी पढ़ाने का तरीका सीखेंगे।
HighLights
आंग्ल भाषा शिक्षण संस्थान में 300 विद्यालयों के शिक्षकों का प्रशिक्षण
अंग्रेजी सुनने, बोलने और शिक्षण के तरीके का अभ्यास कराया जाएगा
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। प्रदेश के 300 पीएमश्री स्कूलों के अंग्रेजी विषय के शिक्षकों को प्रशिक्षण देकर मास्टर ट्रेनर बनाया जाएगा। ये सभी अपने जिलों में अन्य शिक्षकों को प्रशिक्षण देंगे साथ ही अपने विद्यालय के विद्यार्थियों को आंग्रेजी लिखने, बोलने और पढ़ने में पारंगत करेंगे। अंग्रेजी विषय के डर को समाप्त करने में सहयोगी बनेंगे। यह प्रशिक्षण चरणबद्ध तरीके से आंग्ल भाषा शिक्षण संस्थान प्रयागराज में पूरा किया जाएगा। प्रत्येक चक्र में 50 शिक्षक शामिल होंगे। कुल छह चक्र में कार्यक्रम को पूरा करना है।
शिक्षकों को विद्यार्थियों की अंग्रेजी बढ़ाने को प्रशिक्षण
आंग्ल भाषा शिक्षण संस्थान के प्रभारी विपेंद्र सिंह के अनुसार प्रशिक्षण के लिए आने वाले शिक्षकों को अंग्रेजी भाषा सुनने, बोलने और शिक्षण के तरीके का अभ्यास कराया जाएगा। इनका प्रयोग अपने विद्यालयों में करेंगे। विद्यार्थी पुस्तक किस तरह पढ़ें, उनमें स्वर लहर, उच्चारण संबंधी तकनीकी पक्ष के विकास का प्रयास किया जाएगा।
लेखन कौशल विकसित कराया जाएगा
अंग्रेजी में महत्वपूर्ण शब्दों पर जोर देना, कम महत्व के शब्द को तेजी से और धीमी आवाज में बोलना, उच्चारित शब्दों पर ध्यान केंद्रित कराने जैसे बिंदु की ओर शिक्षकों का ध्यानाकर्षण कराया जाएगा। विद्यार्थी जब इसे समझेंगे तब उच्चारण सुधार के साथ भाषा आसान लगेगी। लेखन कौशल विकसित कराने संबंधी अभ्यास भी इस कार्यशाला में कराया जाएगा।
कार्यशाला की तिथियां अभी घोषित नहीं
विशेष गद्यांश का सारांश लिखना और कविताओं को पढ़ाने के तरीके बताए जाएंगे। जिस दिन छात्र छात्राएं विद्यालय बिना बस्ता के आएंगे उस दिन अंग्रेजी सिखाने संबंधी रोचक गतिविधियां हो सकती हैं जिससे शब्द ज्ञान और व्याकरण से बच्चों को जोड़ा जा सके। इसे लेकर प्रशिक्षण में सुझाव दिए जाएंगे। एक दिन में कुल छह सत्र आयोजित किए जाएंगे, हालांकि अभी कार्यशाला की तिथियां नहीं घोषित हैं।
