विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP PCS 2026 : प्रदेश के 1978 केंद्रों पर 6 दिसंबर को होगी पीसीएस की प्रारंभिक परीक्षा, एक दिसंबर से प्रवेशपत्र करें डाउनलोड

By Mritunjay Mishra Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Fri, 27 Nov 2026 07:07 PM (IST)

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की पीसीएस-2026 प्रारंभिक परीक्षा 6 दिसंबर को 1978 केंद्रों पर होगी, जिसके लिए प्रवेश पत्र 1 दिसंबर से डाउनलोड किए जा सकेंगे। 728 पदों के लिए 8.90 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे।

PCS 2026 की प्रारंभिक परीक्षा उत्तर प्रदेश के 1978 केंद्रों पर 6 दिसंबर को होगी।

PCS 2026 की प्रारंभिक परीक्षा उत्तर प्रदेश के 1978 केंद्रों पर 6 दिसंबर को होगी।

HighLights

  1. 728 पदों के सापेक्ष 8.90 लाख अभ्यर्थी प्रारंभिक परीक्षा में होंगे शामिल

  2. केंद्रों के जनपद की सूचना उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने किया जारी

  3. परीक्षा के लिए एग्जाम सिटी इंटीमेशन स्लिप डाउनलोड होनी शुरू हो गई

राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। UP PCS 2026 उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (सामान्य/विशेष चयन) प्रारंभिक परीक्षा यानी पीसीएस-2026 छह दिसंबर को प्रदेश के 75 जिलों में 1,978 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। दो पालियों में आयोजित परीक्षा के लिए जिला सूचना पर्ची (एग्जाम सिटी इंटीमेशन स्लिप) शुक्रवार 27 नवंबर से डाउनलोड होनी शुरू हो गई है। प्रवेशपत्र परीक्षा से पांच दिन पूर्व एक दिसंबर से डाउनलोड किए जा सकेंगे।

पहले 500 फिर 728 पद हुए

आयोग ने पीसीएस-2026 के लिए 500 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया था, बाद में पदों की संख्या बढ़कर 728 हो गई थी। इन पदों के सापेक्ष करीब 8.90 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। आवेदनों की यह संख्या पीसीएस परीक्षा के इतिहास में अब तक का रिकार्ड है।

दो पालियों में होगी परीक्षा

परीक्षा नियंत्रक हर्ष देव पांडेय के अनुसार, परीक्षा एक ही दिन दो पालियों में संपन्न होगी। पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक चलेगी। परीक्षा को नकल विहीन बनाने के लिए प्रत्येक केंद्र की एआई से लैस सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। केंद्रों पर इलेक्ट्रानिक उपकरणों को निष्क्रिय करने के लिए हर कक्ष में जैमर लगाए जाएंगे।

परीक्षा केंद्र का पूरा विवरण प्रवेश पत्र में मिलेगा

UP PCS 2026 आयोग के अनुसार शुक्रवार से उपलब्ध कराई गई जिला सूचना पर्ची से अभ्यर्थियों को केवल यह जानकारी मिलेगी कि उनकी परीक्षा किस जनपद में आवंटित की गई है। परीक्षा केंद्र का पूरा विवरण प्रवेश पत्र में दिया जाएगा। एक दिसंबर से प्रवेश पत्र डाउनलोड किए जा सकेंगे।

परीक्षा केंद्र के लिए एडवाइजरी 

परीक्षा केंद्र में प्रवेश परीक्षा शुरू होने से 1 घंटा 30 मिनट पहले शुरू होगा और परीक्षा समय से 45 मिनट पहले गेट बंद कर दिए जाएंगे। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के प्रिंटआउट के साथ मूल फोटो पहचान पत्र (और उसकी छायाप्रति) तथा पासपोर्ट आकार के फोटो साथ ले जाने होंगे। 

दो फोटो और पहचान पत्र ले जाना अनिवार्य

परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ दो नवीनतम पासपोर्ट आकार के फोटो और एक वैध पहचान पत्र की मूल प्रति तथा उसकी छायाप्रति लेकर परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित समय से डेढ़ घंटे पहले अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। वहीं, परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले केंद्र का प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा। निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं मिलेगा। 

नकल करने पर जुर्माना, आजीवन कारावास सजा

UP PCS 2026 आयोग ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 के प्रावधानों के प्रति भी आगाह किया है। अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार, ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने पर एक करोड़ रुपये तक का जुर्माना और आजीवन कारावास तक की सजा हो सकती है।

यह भी पढ़ें- UPPCS प्री परीक्षा 2025 परिणाम रद, इलाहाबाद HC का बड़ा फैसला; मुख्य परीक्षा दोबारा कराने का निर्देश

यह भी पढ़ें- TGT Bharti 2026 : दो वर्ष का एकल विषय डिग्री कोर्स वाले भी टीजीटी में कर सकेंगे आवेदन, UPESSC ने दी अभ्यर्थियों को राहत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।