विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UPPCS प्री परीक्षा 2025 परिणाम रद, इलाहाबाद HC का बड़ा फैसला; मुख्य परीक्षा दोबारा कराने का निर्देश

By Suresh pandey Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Fri, 27 Nov 2026 04:59 PM (GMT+05:30)

इलाहाबाद हाई कोर्ट ने UPPCS प्री परीक्षा 2025 का परिणाम रद कर दिया है। कोर्ट ने उप्र लोक सेवा आयोग को नई मेरिट सूची बनाकर मुख्य परीक्षा दोबारा कराने का निर्देश दिया है, जिससे हजारों परीक्षार्थी प्रभावित होंगे।

इलाहाबाद हाई कोर्ट।

इलाहाबाद हाई कोर्ट।

HighLights

  1. कोर्ट ने उप्र लोक सेवा आयोग को नए सिरे से मेरिट सूची बनाने, चयन प्रक्रिया का आदेश दिया

  2. हजारों परीक्षार्थियों के प्रभावित होने के आसार, 1 दिसंबर 2025 में घोषित हुआ था रिजल्ट

विधि संवाददाता, जागरण, प्रयागराज। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण निर्णय में सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) प्रारंभिक (प्री) परीक्षा-2025 का पहली दिसंबर 2025 को घोषित प्रारंभिक परीक्षा परिणाम रद कर दिया है। कोर्ट ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग को नए सिरे से मेरिट सूची बनाने और उसके आधार पर दोबारा मुख्य परीक्षा कराने तथा आगे की चयन प्रक्रिया पूरी करने का आदेश दिया है। इस निर्णय से हजारों परीक्षार्थियों के प्रभावित होने के आसार हैं।

न्यायमूर्ति मनीष कुमार निगम की एकल पीठ ने यह फैसला संजय कुमार व तीन अन्य की याचिका पर सुनाया है। याचियों का कहना था कि सामान्य वर्ग के अंतिम चयनित अभ्यर्थी से अधिक अंक पाने वाले आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को अनारक्षित सूची में शामिल नहीं किया गया। आयोग के हलफनामे के अनुसार प्रारंभिक परीक्षा में ऐसे अभ्यर्थियों में 2,993 ओबीसी, 464 एससी, 155 एसटी और 921 ईडब्ल्यूएस वर्ग के थे।

मुख्य परीक्षा में यह संख्या क्रमशः 579, 158, 5 और 168 रही। आयोग व राज्य सरकार की दलील थी कि प्रारंभिक परीक्षा केवल छंटनी परीक्षा है और मेधावी आरक्षित अभ्यर्थियों का अनारक्षित श्रेणी में समायोजन अंतिम चयन के समय ही हो सकता है।

कोर्ट ने इसे अस्वीकार करते हुए कहा कि अनारक्षित श्रेणी हर चरण में सभी के लिए खुली है। इसे केवल आरक्षण का दावा न करने वालों तक सीमित करना मनमाना और असंवैधानिक है। कोर्ट ने निर्देश दिया कि हर चरण में पहले विशुद्ध मेरिट से अनारक्षित सूची और उसके बाद आरक्षित वर्गों की सूचियां बनें। विज्ञापन की शर्त संख्या 19 भी रद कर दी गई। इसका आधार बना नौ जनवरी 2020 का आयोग का कार्यालय ज्ञाप पंकज वर्मा मामले में पहले ही निरस्त किया जा चुका है।

प्रारंभिक परीक्षा 12 अक्तूबर 2025 को हुई थी और 11,727 अभ्यर्थी सफल घोषित हुए थे। लगभग 200 पदों की इस भर्ती के साक्षात्कार सितंबर 2026 में शुरू हुए थे, लेकिन कोर्ट ने अंतिम परिणाम घोषित करने पर रोक लगा रखी थी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।