TGT Bharti 2026 : दो वर्ष का एकल विषय डिग्री कोर्स वाले भी टीजीटी में कर सकेंगे आवेदन, UPESSC ने दी अभ्यर्थियों को राहत
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने हाई कोर्ट के आदेश पर टीजीटी भर्ती 2026 में अभ्यर्थियों को राहत दी है। दो वर्ष का एकल विषय डिग्री कोर्स करने वाले भी 28 नवंबर तक अनंतिम रूप से आवेदन कर सकेंगे।

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज।
HighLights
हाई कोर्ट के आदेश के अनुपालन में उप्र शिक्षा सेवा चयन आयोग ने अभ्यर्थियों को दी राहत
टीजीटी भर्ती विज्ञापन 23 अक्टूबर को प्रकाशित किया था, 28 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन होंगे
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। TGT Bharti 2026 उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने सहायक अध्यापक (स्नातक वेतनक्रम/टीजीटी) भर्ती-2026 में अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। आयोग ने हाई कोर्ट के आदेश के अनुपालन में ऐसे अभ्यर्थियों को भी आवेदन करने की अनुमति दे दी है, जो स्नातक परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद एक विषय में न्यूनतम दो वर्ष की अवधि का ऐसा डिग्री पाठ्यक्रम पूरा किया है, जिसे स्नातक डिग्री के समकक्ष मान्यता प्राप्त है। साथ ही स्नातक स्तर पर न्यूनतम 50 प्रतिशत अथवा स्नातकोत्तर स्तर पर न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हों।
आयोग की ओर से 26 नवंबर को जारी पत्र के अनुसार टीजीटी भर्ती का विज्ञापन 23 अक्टूबर को प्रकाशित किया गया था। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के उप सचिव डॉ. संजय कुमार सिंह के अनुसार हाई कोर्ट में आशुतोष मिश्रा एवं 156 अन्य बनाम उत्तर प्रदेश राज्य एवं अन्य तथा उससे संबद्ध रिट याचिकाओं में गुरुवार को पारित आदेश के अनुपालन में ऐसे अभ्यर्थियों को विज्ञापन के सापेक्ष अनंतिम रूप से आवेदन करने तथा चयन प्रक्रिया में प्रतिभाग करने की अनुमति प्रदान की गई है।
TGT Bharti 2026 इसी आदेश के अनुपालन में आयोग ने संबंधित अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर देने का निर्णय लिया है। अभ्यर्थी 28 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। हालांकि उनका आवेदन और चयन अनंतिम (प्रोविजनल) रहेगा। शैक्षिक प्रमाणपत्रों और निर्धारित योग्यताओं के सत्यापन के बाद ही उनकी पात्रता अंतिम रूप से तय होगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि हाई कोर्ट से मिली यह अनुमति केवल आवेदन करने और चयन प्रक्रिया में अनंतिम रूप से प्रतिभाग करने तक सीमित है।