'कांग्रेस अगले 30 साल तक सत्ता का सपना छोड़ दे', मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने प्रयागराज में विपक्षी दलों पर कटाक्ष किया
कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने प्रयागराज में कांग्रेस पर निशाना साधा। कहा कि परिवारवाद के कारण कांग्रेस अगले 30 साल तक सत्ता में आने का सपना छोड़ दे।

प्रयागराज के सिविल लाइंस में सरदार पटेल की प्रतिमा के अनावरण करते यूपी के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह व अन्य विशिष्टजन। जागरण
HighLights
यूपी के कैबिनेट मंत्री ने सिविल लाइंस में सरदार पटेल की प्रतिमा का अनावरण किया
स्वतंत्रदेव सिंह ने किया दावा- 2027 में तीसरी बार उत्तर प्रदेश में बनेगी भाजपा सरकार
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। कांग्रेस की राजनीति परिवारवाद तक सिमटकर रह गई है। उसे राष्ट्रहित, सनातन संस्कृति और देश के विकास से कोई सरोकार नहीं है। कांग्रेस ने भगवान राम, रामसेतु और राम मंदिर को नकारा है। यह बातें प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और प्रयागराज के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने प्रयागराज में कहीं।
इनकी रैली का कोई फर्म नहीं पडेगा
प्रयागराज के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने शनिवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर उनकी प्रतिमा के अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि गोभक्तों पर लाठी चार्ज कराना और शंकराचार्य को गिरफ्तार कराना कांग्रेेस का काम है। विदेश जाकर पिकनिक मनाएंगे और भारत आकर रैली करेंगे। इनकी रैली का कोई फर्म नहीं पडेगा।
अखिलेश यादव पर किया कटाक्ष
उन्होंने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार विकास और राष्ट्रवाद के एजेंडे पर काम कर रही है। ऐसे में कांग्रेस अगले 30 साल तक सत्ता में आने का सपना छोड़ दे। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के 2027 के चुनाव को लेकर किए जा रहे दावों पर कहा कि चुनाव के बाद उन्हें जनता का फैसला पता चल जाएगा।
बोले- जनता अंतर देख चुकी है
प्रभारी मंत्री बोले कि प्रदेश की जनता 2017 से पहले की कानून व्यवस्था और आज की स्थिति में अंतर देख चुकी है। अब बेटियां सुरक्षित हैं और रात में भी यात्रा कर सकती हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता सपा के शासनकाल की अराजकता को दोबारा स्वीकार नहीं करेगी। भाजपा विकास, सुरक्षा और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर दावा किया कि 2027 में फिर सरकार बनाएगी। लखनऊ में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे पर स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि उन्होंने कार्यकर्ताओं को परिश्रम से चुनाव जीतने का मंत्र दिया है।
लौहपुरुष की 12 फीट ऊंची प्रतिमा का लोकार्पण
सिविल लाइंस स्थित सरदार पटेल मार्ग के हाट स्टफ चौराहे पर करीब 18 लाख रुपये की लागत से 12 फीट ऊंची और 956 किलोग्राम वजनी लौहपुरुष की प्रतिमा स्थापित कराई गई है। प्रतिमा का लोकार्पण करते हुए जनपद के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सरदार पटेल ने आजादी के बाद देश की 562 रियासतों का एकीकरण कर राष्ट्रीय एकता की मजबूत नींव रखी।
पटेल का त्याग-राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी प्रेरणादायी
प्रधानमंत्री पद का अवसर होने के बावजूद महात्मा गांधी के आग्रह पर उन्होंने गृह मंत्री का दायित्व स्वीकार किया। उनका त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी प्रेरणा देता है। विधायक दीपक पटेल ने कहा सरदार पटेल ने देश को एकता के सूत्र में पिरोया। वहीं, विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी ने कहा कि देश को अखंड बनाने में पटेल की भूमिका महत्वपूर्ण रही।
महापौर ने पटेल के जीवन को प्रेरणादायी बताया
महापौर गणेश केसरवानी ने सरदार पटेल के जीवन को प्रेरणादायी बताया। एमएलसी सुरेंद्र चौधरी ने भी विचार रखे। पार्षद आनंद घड़ियाल, शिव सेवक सिंह, बबलू रघुवंशी, गुलाब सिंह, रुद्रसेन और अपर नगर आयुक्त शादाब असलम, ,अधिशासी अभियंता अनिल मौर्या, सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
एमएलसी चुनाव में हार की बताई वजह
शिक्षक और स्नातक एमएलसी की 11 सीटों पर हुए चुनाव में प्रयागराज-झांसी और वाराणसी की सीटों पर हार के सवाल पर उन्होंने कहा कि पहले एमएलसी चुनाव पार्टी के चुनाव चिह्न पर नहीं लड़े जाते थे, लेकिन अब राजनीतिक दल भी पूरी ताकत से मैदान में उतर रहे हैं। प्रयागराज-झांसी स्नातक सीट पर भाजपा का प्रत्याशी देर से घोषित हुआ, जिससे नुकसान हुआ। लखनऊ में भी एक सीट गंवानी पड़ी, लेकिन पार्टी ने अपनी अन्य सीटें बरकरार रखीं।
पार्षद के बड़बोलेपन पर नाराजगी
प्रतिमा के लोकार्पण के दौरान आयोजित सभा में भाजपा की एक महिला पार्षद के बडबोलेपन से माहौल खराब होता दिखा लेकिन भाजपा के वरिष्ठ पार्षदों ने मामला का शांत करा लिया। कई पार्षदों ने बताया कि महिला पार्षद में विधायकों को अपने संबोधन के दौरान निम्न बताने का प्रयास किया था, जिसका पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।