'गाली को गोल्ड मेडल मानने वाला ही करता है राज', UP के मंत्री डॉ. संजय निषाद ने प्रयागराज में कही बड़ी बात
डॉ. संजय निषाद ने प्रयागराज में सपा, बसपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए विधानसभा चुनाव की रणनीति साझा की। ...और पढ़ें

प्रयागराज के जिला पंचायत सभागार में कार्यकर्ता शपथ ग्रहण समारोह में बोलते यूपी के मत्स्य विभाग मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद। जागरण
HighLights
कार्यकर्ताओं से साझा की विधानसभा चुनाव की रणनीति, सपा, बसपा और कांग्रेस पर साधा निशाना
जिला पंचायत सभागार में आयोजित कार्यकर्ताओं के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए मत्स्य विभाग मंत्री
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश के मत्स्य विभाग मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद सोमवार को प्रयागराज में रहे। उन्होंने विपक्षियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि गाली को गोल्ड मेडल मानने वाला ही राज करता है। सपा, बसपा और कांग्रेस ने हमेशा दलाल बनाए। जिन्होंने निषाद समाज के हितों की हमेशा अनदेखी की, उनका हक मारा। किसी सरकार में यादव, किसी में ठाकुर, किसी में मौर्या आबाद हुए। निषादों के हिस्से सिर्फ बर्बादी ही आई।
पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से चुनावी रणनीति साझा की
डॉ. संजय कुमार निषाद बतौर मुख्य अतिथि जिला पंचायत सभागार में आयोजित कार्यकर्ताओं के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशांबी और फतेहपुर से आए पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से चुनावी रणनीति साझा की और जोश भी भरा। कहा कि पूर्व पीएम इंदिरा गांधी ने शृंगवेरपुरधाम स्थित निषादराज किले को खोदवा डाला और किसी को किले की जानकारी तक नहीं हो पाई। तीन साल पहले जब वह पहुंचे तो लोगों को पता चला।
दल न अदलो-बदलो, बल्कि सोच बदलो
विरोधियों पर तंज कसते हुए मंत्री ने कहा कि शेर कभी सड़क पर नहीं मरते, क्योंकि वह खुद को जंगल का राजा मानते हैं। इसलिए दल न अदलो-बदलो, बल्कि सोच बदलो। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सावधान करते हुए कहा, विरोधी दलों की सिर्फ यही नीति है कि झोपड़ी वाले कमाएंगे और खोपड़ी वाले खाएंगे। हाथी, साइकिल, पंजा जीरो है जबकि निषाद पार्टी हीरो है। यह गरीबों की पार्टी है। इसी तरह पूर्व प्रधान मंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बाबू जगजीवन राम, पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव भी उनके निशाने पर रहे।
प्रयागराज की 5 सीटों से चुनाव लड़ने की घोषणा की
निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विधानसभा चुनाव में बारा, हंडिया, करछना, मेजा और कोरांव विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी उतारने की घोषणा की और जीत दर्ज करने का दावा किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।