UP प्रवक्ता लाइब्रेरियन भर्ती की नियमावली तैयार, कैबिनेट से मंजूरी का इंतजार; राजकीय व एडेड डिग्री कॉलेजों में होगी नियुक्ति
उत्तर प्रदेश के राजकीय और एडेड डिग्री कॉलेजों में प्रवक्ता लाइब्रेरियन भर्ती की नियमावली तैयार हो गई है, जिसे अब कैबिनेट की मंजूरी का इंतजार है। मंजूरी मिलते ही उच्च शिक्षा निदेशालय संबंधित चयन आयोगों को रिक्त पदों का अधियाचन भेजेगा।

UP प्रवक्ता लाइब्रेरियन भर्ती को कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद उच्च शिक्षा निदेशालय से संबंधित चयन आयोगों को अधियाचन भेजा जाएगा।
HighLights
मंजूरी के बाद भर्ती के लिए उच्च शिक्षा निदेशालय से संबंधित चयन आयोगों को अधियाचन भेजा जाएगा
216 राजकीय व 330 अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में काफी समय से नहीं हुई नियुक्ति
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। प्रदेश के राजकीय और अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) महाविद्यालयों में लंबे समय से प्रवक्ता लाइब्रेरियन की नियुक्ति नहीं हुई है। अब इसके लिए भर्ती संबंधी नियमावली शासन स्तर पर तैयार कर ली गई है। इसे कैबिनेट की मंजूरी मिलने का इंतजार है।
इसके बाद ही भर्ती के लिए उच्च शिक्षा निदेशालय से संबंधित चयन आयोगों को अधियाचन भेजा जाएगा। अधिकांश राजकीय और एडेड महाविद्यालयों में पुस्तकालयाध्यक्ष के पद खली चल रहे हैं। नियमावली तैयार होने से नई नियुक्ति संबंधी राह आसान होने की उम्मीद लगाई जा रही है।
नई नियमावली में प्रवक्ता लाइब्रेरियन के पद को गैर शैक्षणिक संवर्ग के समूह ख में रखा गया है। इस पद पर नियुक्त होने वाले कर्मचारियों को महाविद्यालयों के प्रवक्ताओं के बराबर वेतनमान मिलने की व्यवस्था दी गई है। इसका सीधा अर्थ है कि पद की संवर्गीय स्थिति गैर शैक्षणिक होगी लेकिन वेतनमान शिक्षण संवर्ग के समान रहेगा।
प्रदेश में 216 राजकीय और 330 अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालय हैं। इन दोनों श्रेणियों के महाविद्यालयों में पुस्तकालयाध्यक्षों के अधिकांश पद रिक्त हैं। इसकी वजह नियमित नियुक्तियां न होना है। इस उदासीना के कारण कई जगहों पर पुस्तकालय की व्यवस्था भी पटरी से उतरी हुई है। वर्तमान में कुल खाली पदों की संख्या का विवरण सामने नहीं आया है।
अधियाचन भेजे जाने के बाद ही रिक्त पदों की वास्तविक संख्या का पता चलेगा। राजकीय महाविद्यालयों में प्रवक्ता लाइब्रेरियन का चयन लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) के माध्यम से होगा, जबकि वित्त पोषित महाविद्यालयों में भर्ती शिक्षा सेवा चयन आयोग के जरिए की जाएगी। कैबिनेट से नियमावली को मंजूरी मिलने के बाद उच्च शिक्षा विभाग रिक्त पदों का विवरण जुटाकर संबंधित आयोगों को अधियाचन भेजेगा। उसके बाद ही विज्ञापन और चयन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।