राज्यपाल आनंदी बेन पटेल प्रयागराज में पूर्वांचल स्टार्टअप संवाद में होंगी शामिल, 17 विश्वविद्यालयों के कुलपति भी जुटेंगे
प्रयागराज में 4 नवंबर को 'पूर्वांचल स्टार्टअप संवाद-2026' का आयोजन होगा, जिसमें राज्यपाल आनंदी बेन पटेल शामिल होंगी। यह आयोजन ...और पढ़ें

राज्यपाल आनंदी बेन पटेल। जागरण आर्काइव
HighLights
प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय में 'पूर्वांचल स्टार्टअप संवाद-2026'
पीआरएसयू और एकेटीयू लखनऊ के आयोजन में जुटेंगे काफी संख्या में प्रतिनिधि
युवाओं को नौकरी की तलाश करने नहीं, रोजगार देने वाला उद्यमी बनाने की पहल
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। युवाओं को नौकरी की तलाश करने वाले के बजाय रोजगार देने वाला उद्यमी बनाने की पहल के तहत प्रयागराज में चार नवंबर को 'पूर्वांचल स्टार्टअप संवाद-2026' का आयोजन किया जाएगा। प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय (पीआरएसयू) और डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन में पूर्वांचल के विश्वविद्यालयों, तकनीकी संस्थानों, महाविद्यालयों और स्टार्टअप जगत से जुड़े प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
राज्यपाल विश्वविद्यालय परिसर में लोकार्पण भी करेंगी
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल करेंगी। इस आयोजन में स्टार्टअप और नवाचार के साथ विश्वविद्यालय की नई शैक्षणिक सुविधाएं भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। राज्यपाल विश्वविद्यालय परिसर में नवनिर्मित दो कॉन्फ्रेंस कक्ष, दो सेमिनार कक्ष, फिटनेस स्टूडियो और आयुष संग्रहालय का लोकार्पण करेंगी।
50 से अधिक स्टार्टअप का लगेगा एक्सपो
पूर्वांचल के युवाओं के नए व्यावसायिक विचारों और तकनीकी नवाचारों को मंच देने के लिए कार्यक्रम में 50 से अधिक स्टार्टअप एक्सपो लगाए जाएंगे। इनमें 100 से अधिक प्रतिनिधि अपने उत्पाद, तकनीक और नवाचार का प्रदर्शन करेंगे। पूर्वांचल के विश्वविद्यालयों से जुड़े 10 स्टार्टअप विशेष रूप से अपनी उपलब्धियों और कामकाज की जानकारी साझा करेंगे। इससे विद्यार्थियों को न केवल नए उद्यमों को करीब से देखने का मौका मिलेगा, बल्कि अपने विचारों को व्यावसायिक स्वरूप देने की प्रेरणा भी मिलेगी।
शिक्षक और विद्यार्थी भी शामिल होंगे
संवाद में 17 विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और छह प्रतिनिधियों सहित 100 से अधिक विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों की भागीदारी प्रस्तावित है। रज्जू भैया विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के 100 से अधिक प्राचार्य, शिक्षक और विद्यार्थी शामिल होंगे। विश्वविद्यालय के आवासीय परिसर से 100 से अधिक शिक्षक और 300 से अधिक विद्यार्थी भी कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। वहीं, एकेटीयू से संबद्ध महाविद्यालयों के 100 से अधिक शिक्षक और विद्यार्थी भी इसमें प्रतिभाग करेंगे।
तीन तकनीकी सत्रों में निकलेगी उद्यमिता की राह
कार्यक्रम केवल प्रदर्शनी तक सीमित नहीं रहेगा। इसमें तीन तकनीकी सत्र, एक पैनल डिस्कशन और एक गोलमेज बैठक आयोजित की जाएगी। इन सत्रों में स्टार्टअप शुरू करने के व्यावहारिक पहलुओं, नए व्यावसायिक विचारों, तकनीकी विकास, नवाचार और उद्यमियों के सामने आने वाली चुनौतियों पर चर्चा होगी। विशेषज्ञ युवाओं को बताएंगे कि किसी नए विचार को उत्पाद, सेवा और सफल कारोबार में कैसे बदला जा सकता है।
इन विषयों पर भी होगा मंथन
साथ ही स्टार्टअप के लिए संसाधन जुटाने, बाजार की जरूरत समझने और नई तकनीक के इस्तेमाल जैसे विषयों पर भी मंथन होगा। कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि इस संवाद का मुख्य उद्देश्य पूर्वांचल में उद्यमिता की संस्कृति विकसित करना और विश्वविद्यालयों को नवाचार का केंद्र बनाना है। विश्वविद्यालयों में प्रतिभाओं और नए विचारों की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें सही मार्गदर्शन और मंच देने की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस आयोजन से विद्यार्थियों, शिक्षकों, शोधकर्ताओं और उद्यमियों के बीच संवाद और सहयोग के नए रास्ते खुलेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।