रेलवे में आइसोलेटेड श्रेणियों के 195 पदों पर होगी भर्ती, RRB ने ऑनलाइन आवेदन की तिथि घोषित की
रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने आइसोलेटेड श्रेणियों में 195 पदों पर भर्ती के लिए संक्षिप्त विज्ञापन जारी किया है। इच्छुक ...और पढ़ें

रेलवे में 195 पदों पर भर्ती के लिए आरआरबी ने पांच नवंबर से ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं।
HighLights
पांच नवंबर से शुरू हो जाएगा ऑनलाइन आवेदन
आवेदन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि चार दिसंबर
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। भारतीय रेल में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। रेल मंत्रालय के अधीन रेल भर्ती बोर्ड (RRB) ने 'आइसोलेटेड श्रेणियों' के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए केंद्रीकृत रोजगार अधिसूचना (CEN 09/2026) का संक्षिप्त विज्ञापन जारी कर दिया है। भर्ती प्रक्रिया के तहत लगभग 195 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
rrbapply.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे
इच्छुक व योग्य अभ्यर्थी पांच नवंबर 2026 से आधिकारिक पोर्टल rrbapply.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 4 दिसंबर 2026 (रात 11:59 बजे तक) तय की गई है। 7वें वेतन आयोग के अनुसार, इन पदों के लिए पे-लेवल 2 से लेकर लेवल 7 तक का वेतनमान निर्धारित किया गया है।
इन पदों पर होगी भर्ती
रेलवे की आइसोलेटेड श्रेणी में सामान्य प्रशासनिक और तकनीकी संवर्ग से अलग विशिष्ट विशेषज्ञता वाले पद शामिल होते हैं।
जूनियर ट्रांसलेटर (हिंदी)
आधिकारिक दस्तावेजों, परिपत्रों और पत्राचार का अंग्रेजी से हिंदी तथा हिंदी से अंग्रेजी में अनुवाद और राजभाषा कार्यान्वयन का कार्य देखते हैं।
चीफ लॉ असिस्टेंट व पब्लिक प्रॉसिक्यूटर
रेलवे से जुड़े कानूनी मामलों, कोर्ट केस, विभागीय विवादों के निपटारे और विधिक सलाह देने की जिम्मेदारी संभालते हैं।
स्टाफ एवं वेलफेयर इंस्पेक्टर
रेल कर्मचारियों के कल्याण, सेवा से जुड़ी समस्याओं, शिकायतों के समाधान और श्रम कानूनों के अनुपालन की निगरानी करते हैं।
सीनियर पब्लिसिटी इंस्पेक्टर
रेलवे के जनसंपर्क, मीडिया समन्वय, प्रेस विज्ञप्तियां जारी करने और प्रचार अभियानों का प्रबंधन करते हैं।
लैब असिस्टेंट ग्रेड-3
रेलवे की प्रयोगशालाओं, वर्कशॉप तथा सामग्री परीक्षण इकाइयों में केमिकल्स व उपकरणों की जांच और टेस्टिंग में तकनीकी सहयोग देते हैं।
वैज्ञानिक सहायक/सुपरवाइजर (ट्रेनिंग)
शोध, मनोवैज्ञानिक परीक्षण और तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रमों के संचालन में सहयोग करते हैं।
आधार सत्यापन अनिवार्य, सावधानी से भरें फॉर्म
रेल भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सख्त हिदायत दी है कि वे आवेदन भरते समय अपने आधार कार्ड से प्राथमिक विवरण का सत्यापन अवश्य कराएं। आधार में दर्ज नाम व जन्मतिथि अभ्यर्थी के 10वीं कक्षा (मैट्रिक) के प्रमाण-पत्र से पूरी तरह मेल खानी चाहिए। साथ ही आधार में नवीनतम फोटो व बायोमेट्रिक्स (फिंगरप्रिंट एवं आइरिस) अपडेट होना आवश्यक है, जिससे परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन के समय किसी प्रकार की असुविधा न हो।
विस्तृत जानकारी वेबसाइट पर होगी उपलब्ध
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि विस्तृत पात्रता, आयु सीमा, शैक्षणिक योग्यता व चयन प्रक्रिया की पूरी जानकारी जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट rrb.indianrailways.gov.in पर उपलब्ध कराई जाएगी। रेलवे ने अभ्यर्थियों को दलालों व ठगों से सतर्क रहने की भी सलाह दी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।