यूपी बोर्ड का सख्त निर्देश: माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों का सत्यापन 10 दिसंबर तक अनिवार्य, फिर लगेगा दंड
यूपी बोर्ड ने माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों और कर्मियों के सत्यापन का निर्देश दिया है, जिसे 10 दिसंबर तक पूरा करना होगा। निर्धारित समय के बाद अनर्ह शिक्षणकर्मी पाए जाने पर संस्था पर दंड लगेगा और परीक्षा कार्यों में शामिल होने पर सख्त कार्रवाई होगी।

माध्यमिक शिक्षा परिषद् उत्तर प्रदेश, प्रयागराज। फाइल फोटो
HighLights
संस्थाएं सत्यापन डीआईओएस से कराके परिषद की वेबसाइट पर डॉटा अपलोड करेगी
निर्धारित समय के बाद यदि विद्यालय में अनर्ह शिक्षणकर्मी पाए गए तो संस्था पर दंड लगेगा
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। माध्यमिक शिक्षा परिषद् उत्तर प्रदेश ने बोर्ड परीक्षा की सुचिता को लेकर सजग है। इसके तहत प्रदेशभर के सभी माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों और शिक्षणेतर कार्मिकों के डाटा परीक्षण/ सत्यापन के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक यानी डीआईओएस को निर्देशित किया है।
यूपी बोर्ड सचिव का सख्त निर्देश
यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने कहा, इंटरमीडिएट शिक्षा अधिनियम, 1921 के तहत विनियमावली के अध्याय-सात के विनियम 11 (ख) में व्यवस्था है कि संस्था में अर्हताधारी शिक्षक नियुक्त होंगे और संस्था उनका सत्यापन जिला विद्यालय निरीक्षक से कराते हुए परिषद की वेबसाइट पर डाटा अपलोड करेगी।
दंड लगाने का भी प्रविधान
इसी संदर्भ में डीआईओएस की लागिन के माध्यम से विवरण अपलोड करना है। सत्यापन की प्रक्रिया 10 दिसंबर तक हर हाल में पूरी कर लेनी है। इसके बाद यदि किसी विद्यालय में अनर्ह शिक्षणकर्मी पाए जाते हैं तो संस्था पर दंड लगेगा।
अनर्ह शिक्षक परीक्षा कार्यों में नियुक्त होने पर कार्रवाई
डीआईओएस के जरिए यह भी निर्देशित किया गया है कि यदि किसी विद्यालय में कोई अनर्ह शिक्षक परीक्षा कार्यों में नियुक्त हो जाता है तो संस्था प्रधान/प्रबंधक के विरुद्ध उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 के तहत संबंधित का उत्तरदायित्व निर्धारित कर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।