UP Board Practical Exam 2027 : हाईस्कूल-इंटरमीडिएट प्रायोगिक परीक्षाओं की तिथियां घोषित, जनगणना बनी देरी की वजह
UP Board Practical Exam 2027 यूपी बोर्ड की हाईस्कूल-इंटरमीडिएट प्रायोगिक परीक्षाएं 5 जनवरी 2027 से 24 फरवरी तक होंगी। जनगणना के कारण इस बार परीक्षाएं देरी से हो रही हैं।

UP Board Practical Exam 2027 : हाईस्कूल-इंटरमीडिएट की प्रायोगिक परीक्षाएं पांच जनवरी से शुरू होंगी।
HighLights
प्रायोगिक परीक्षाएं 5 जनवरी से 24 फरवरी तक
जनगणना की वजह से पिछड़ी प्रायोगिक परक्षाएं
परीक्षा से जुड़े सभी कर्मियों का बनेगा परिचयपत्र
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। UP Board Practical Exam 2027 देशभर में जनगणना शुरू हो चुकी है, इसकी वजह से यूपी बोर्ड की प्रायोगिक परीक्षाएं प्रभावित होने वाली हैं। आम तौर पर बोर्ड की प्रायोगिक परीक्षाएं दिसंबर से शुरू होकर 15 जनवरी तक चलती थीं। अब सभी विद्यालयों के शिक्षक जनगणना ड्यूटी में लगा दिए गए हैं।
छूटे स्कूलों में लिखित परीक्षा के बाद होंगी
ऐसे में परीक्षाओं को कराने के लिए शिक्षकों की कमी हो गई है। अब इन परीक्षाओं को पांच जनवरी 2027 से 15 जनवरी तक कराया जाएगा। यदि फिर भी कुछ विद्यालयों में प्रायोगिक परीक्षाएं बाकी रह जाएंगी तो लिखित परीक्षा के बाद उन्हें कराया जाएगा।
यूपी बोर्ड की लिखित परीक्षा पांच फरवरी से
यूपी बोर्ड की लिखित परीक्षा हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पांच फरवरी से शुरू हो रही है। यह 24 फरवरी तक चलेगी। इसके पहले बोर्ड प्रायोगिक परीक्षाओं को करा लेना चाहता है। इस बार ये परीक्षाएं विलंब से होंगी। इसके लिए समय भी बहुत सीमित है। प्रायोगिक परीक्षाओं की शुरुआत पांच जनवरी से होगी। इस बार हाई स्कूल और इंटरमीडिएट के लिए 52,11,570 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं जबकि पिछले सत्र में 53,37,432 परीक्षार्थी थे। बोर्ड ने प्रायोगिक परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी है।
यूपी बोर्ड के सचिव ने क्या कहा?
यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह के अनुसार दिसंबर में इस बार प्रायोगिक परीक्षा न होने की वजह जनगणना है। फिलहाल सभी जिलों में परीक्षा के लिए कापियों को पहुंचाने की प्रक्रिया चल रही है। उससे पहले बोर्ड परीक्षा 2027 से जुडे सभी कर्मियों का परिचयपत्र भी बनवाया जाएगा। यदि कोई कर्मचारी बिना परिचयपत्र के परीक्षा के दौरान डियूटी करते मिलेंगे तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पिछले वर्ष कई विद्यालयों में फर्जी ड्यूटी लगी थी
UP Board Practical Exam 2027 उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष परीक्षा के दौरान डीआईओएस कार्यालय के लिपिक और प्रबंधकों की मिलीभगत से कई विद्यालयों में शिक्षक और कर्मचारियों की फर्जी ड्यूटी लगी थी, जिससे परीक्षा के दौरान व्यापक स्तर पर गड़बड़ी की शिकायतें मिलीं थीं। उसे देखते हुए यह कदम उठाया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।