यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 के परीक्षा केंद्र निर्धारण में सौदेबाजी-घूसखोरी, कौन ले रहा 5-5 लाख रुपये? जांच की उठी मांग
यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 के केंद्र निर्धारण में 5-5 लाख रुपये घूस लेने का सनसनीखेज आरोप लगा है। इसकी शिकायत ...और पढ़ें

यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्र निर्धारण में सौदेबाजी और घूसखोरी का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की गई है।
HighLights
शहर पश्चिमी विधायक सिद्धार्थनाथ सिंह को पत्र देकर गंभीर आरोप लगाए
विधायक ने मंडलायुक्त को पत्र भेजकर जांच की आवश्यकता बताई है
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 की तैयारियों से पहले मोटी रकम लेकर परीक्षा केंद्र निर्धारण का सनसनीखेज आरोप लगा है। शहर पश्चिमी विधायक सिद्धार्थनाथ सिंह को पत्र देकर गंभीर आरोप लगाया गया है कि जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के एक कर्मचारी ने पांच-पांच लाख रुपये घूस लेकर केंद्र निर्धारण का सौदा किया है। कई स्कूल संचालकों से तीन लाख रुपये भी लिए गए।
विधायक ने मंडलायुक्त को जांच के लिए कहा
हालांकि शर्त के अनुसार अब तीन लाख रुपये देने वाले केंद्र संचालकों के पैसे वापस किए जा रहे हैं। मोबाइल पर बातचीत का रिकार्ड भी साक्ष्य के रूप में होने का शिकायतकर्ता ने दावा किया है। विधायक सिद्धार्थनाथ सिंह ने मंडलायुक्त को पत्र भेजकर जांच की आवश्यकता बताई है।
भाजपा यमुनापार जिला कार्यसमिति सदस्य की शिकायत
भाजपा यमुनापार के जिला कार्यसमिति सदस्य संतोष त्रिपाठी ने सिद्धार्थनाथ सिंह को दिए पत्र में बताया है कि माध्यमिक शिक्षा परिषद उप्र की परीक्षाओं के लिए केंद्र निर्धारण में सौदेबाजी हो रही है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के एक कर्मी ने किसी स्कूल संचालक ने पांच लाख रुपये तक की बोली लगवाई, किसी ने तीन लाख की। ऊंची बोली के रूप में जिनके पांच लाख मिले उनके स्कूलों को केंद्र बनाए जाने का सौदा हुआ।
पत्र में ये आरोप भी लगाए गए
पत्र में लिखा गया है कि जो विद्यालय हमेशा परीक्षा केंद्र बनते रहे हैं और छवि अच्छी है, उन्हें केंद्र न बनाकर ऐसे विद्यालयों को चयनित किया जा रहा है जहां न नियमित कक्षाएं चलती हैं न अध्यापक हैं। ऐसे स्कूल सुदूर जंगली क्षेत्रों में हैं जहां इंटरनेट भी ठीक से काम नहीं करता। सर्वर धीमा होने का बहाना बनाकर सीसीटीवी बंद करा दिए जाता है और बड़े आराम से नकल कराई जाती है। इस शिकायत के आधार पर सिद्धार्थनाथ सिंह ने मंडलायुक्त को पत्र भेजा है, आरोप की सत्यता पता लगाकर उचित कार्रवाई की आवश्यकता बताई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।