विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संविधान की किताब लेकर घूमने वाले बहरूपियों से जनता सावधान रहे, अनुप्रिया पटेल का विरोधियों पर तीखा हमला

By Birendra Dwivedi Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sun, 29 Nov 2026 04:19 PM (IST)

अनुप्रिया पटेल ने प्रयागराज में विजय संकल्प रैली में विरोधियों पर तीखा हमला बोला, उन्हें संविधान की किताब लेकर घूमने वाले बहरूपिये बताया। उन्होंने जनता को ऐसे लोगों से सावधान रहने की अपील की।

प्रयागराज के अलोपीबाग स्थित अखिल भारतीय सरदार पटेल सेवा संस्थान में आयोजित विजय संकल्प रैली में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल। जागरण

प्रयागराज के अलोपीबाग स्थित अखिल भारतीय सरदार पटेल सेवा संस्थान में आयोजित विजय संकल्प रैली में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल। जागरण

HighLights

  1. बोलीं- भ्रम फैलाकर सत्ता हासिल नहीं होती, जनता के बीच रहकर उनके हितों के लिए संघर्ष करना पड़ता है

  2. प्रयागराज में विजय संकल्प रैली में शामिल हुईं अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। संविधान को नहीं मानने वाले लोग संविधान की किताब लेकर घूम रहे हैं। ऐसे बहरूपियों से जनता को सावधान रहने की जरूरत है। चुनाव आते ही ये लोग जनता को गुमराह करने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाते हैं, लेकिन केवल भ्रम फैलाकर सत्ता हासिल नहीं की जा सकती। इसके लिए परिश्रम करना पड़ता है और जनता के बीच रहकर उनके हितों के लिए संघर्ष करना पड़ता है। यह बातें अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहीं।

अपना दल के झंडे को हमेशा बुलंद रखा है

रविवार को अलोपीबाग स्थित अखिल भारतीय सरदार पटेल सेवा संस्थान में आयोजित विजय संकल्प रैली में केंद्रीय मंत्री ने प्रयागराज की धरती पर पार्टी के प्रति उमड़े जनसमर्थन और कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना की। कहा कि यहां के लोगों ने अपना दल के झंडे को हमेशा बुलंद रखा है। पार्टी और कार्यकर्ताओं के प्रयासों को लगातार मजबूती दी है।

पहले विरोधी अपना दल को हल्के में लेते थे

उन्होंने कहा कि यह जनसैलाब केवल भीड़ नहीं, बल्कि उन कार्यकर्ताओं की तपस्या का परिणाम है। जिन्होंने दिन-रात मेहनत कर पिछड़े, दलित और वंचित समाज की आवाज उठाने का प्रयास किया है। कहा कि अपना दल (एस) को आप सभी ने खून-पसीने से सींचा है। इसी मेहनत के दम पर पार्टी प्रदेश की तीसरी बड़ी पार्टी बनी है। पहले विरोधी अपना दल को हल्के में लेते थे और तरह-तरह के नामों से पुकारते थे, लेकिन कार्यकर्ताओं के परिश्रम ने साबित कर दिया कि पार्टी जनता के हितों की लड़ाई लड़ती है। विचारों की लड़ाई में अपना दल सबसे आगे है। सड़क से संसद तक समाज और राष्ट्र के हितों के लिए संघर्ष किया जा रहा है।

चुनाव आया तो जनता को भ्रमित करने का प्रयास 

विरोधियों पर निशाना साधते हुए अनुप्रिया ने कहा कि कुछ दिन पहले एक पार्टी ने जो घोषणा पत्र जारी किया, वह जनता को गुमराह करने वाला है। सत्ता में रहने के दौरान न महिलाओं की सुरक्षा याद आती है और न ही युवाओं को नौकरी देते हैं। दंबंगई और अपराध कराने के अलावा कुछ नहीं कर सके और अब चुनाव आया तो जनता को फिर भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। जनता को सत्ता हासिल करने का माध्यम बना लिया गया है। समाजवादी पार्टी के शासनकाल में अपराध तेजी से बढ़े और अब सुशासन की बातें की जा रही हैं।

महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने का प्रयास

उन्होंने कहा कि अपना दल सत्ता में रहे या विपक्ष में, उसकी कथनी और करनी में अंतर नहीं है। महिलाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए उनकी राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में नया परिसीमन तैयार कर लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में प्रयास हो रहे हैं। इसी विषय पर सोमवार से संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है। कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल,पूर्व सांसद नागेंद्र प्रताप सिंह पटेल,विधायम वाचस्पति ने विचार रखे।

चांदी का मुकुट पहनाकर किया स्वागत

विजय संकल्प रैली के दौरान मुख्य अतिथि अपना दल एस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल को चांदी का मुकुट और चांदी का कप भेज किया गया। इसके अलावा तलवार और गदा भी जनसभा के दौरान दिया गया। पूर्व आइएएस अनुराग पटेल अपने समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण किया।

यह भी पढ़ें- PM Awas Yojana : प्रयागराज में 1875 लाभार्थियों की जियो टैगिंग अटकी, 4 जोन में सबसे ज्यादा सुस्ती; आवास निर्माण में देरी

यह भी पढ़ें- प्रयागराज व आसपास कड़ाके की ठंड दिसंबर के पहले सप्ताह में बढ़ेगी, रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचेगा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।