विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज व आसपास कड़ाके की ठंड दिसंबर के पहले सप्ताह में बढ़ेगी, रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंचेगा

By Mritunjay Mishra Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Sun, 29 Nov 2026 01:51 PM (IST)Updated: Sun, 29 Nov 2026 01:56 PM (IST)

प्रयागराज में दिसंबर के पहले सप्ताह से कड़ाके की ठंड और ठिठुरन बढ़ेगी, रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जाने का अनुमान है। सुबह कोहरे और धुंध का असर दिखेगा, जिससे दिन में भी सर्दी का प्रकोप बढ़ेगा।

प्रयागराज में कमला नेहरू रोड पर धुंध के बीच गुजरते वाहन। जागरण

प्रयागराज में कमला नेहरू रोड पर धुंध के बीच गुजरते वाहन। जागरण

HighLights

  1. सुबह कोहरे और धुंध का दिखेगा असर, दिन में भी बढ़ेगी सर्दी

  2. तेजी से बदल रहा संगम नगरी और आसपास के जिलों का मौसम

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। संगम नगरी में सर्दी अब तेजी से असर दिखाने लगी है। नवंबर के अंतिम दिनों में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम के बदलते मिजाज के बीच दिसंबर की शुरुआत से रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। इससे सुबह और रात की ठंड में तेजी से इजाफा होगा। वहीं, दिसंबर के पहले सप्ताह में सुबह के समय कोहरा और धुंध छाए रहने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में लोगों को ठंड के साथ कोहरे का भी सामना करना पड़ेगा।

6 दिनों से न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा

रविवार यानी 29 नवंबर को प्रयागराज का न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 0.5 डिग्री कम रहा। नमी 93 प्रतिशत दर्ज की गई। वातावरण में नमी की अधिकता के कारण सुबह के समय धुंध की स्थिति रही। मौसम में बदलाव का सबसे अधिक असर रात के तापमान पर दिखाई दे रहा है। पिछले छह दिनों से न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट का रुख बना हुआ है। रोजाना करीब आधा डिग्री तापमान कम होने से रात की ठंड बढ़ रही है।

रात के साथ दिन में भी बढ़ेगी सर्दी 

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 30 नवंबर को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। एक दिसंबर को भी न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान 25 डिग्री तक पहुंच सकता है। दो दिसंबर को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और तीन से पांच दिसंबर तक भी 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, पांच दिसंबर तक अधिकतम तापमान घटकर 24 डिग्री तक पहुंच सकता है। इससे साफ है कि दिसंबर के पहले सप्ताह में रात के साथ दिन के तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी।

सुबह कोहरे से बढ़ सकती है परेशानी

मौसम विभाग ने पांच दिसंबर तक लगातार सुबह के समय धुंध छाए रहने का पूर्वानुमान जताया है। खासकर सुबह जल्दी घर से निकलने वाले लोगों, वाहन चालकों और सड़कों पर सफर करने वालों को सतर्क रहने की जरूरत होगी।

यह भी पढ़ें- UP अंडर-23 क्रिकेट टीम में प्रयागराज के कार्तिक यादव का चयन, ओडिशा के कटक में फिरकी गेंदबाजी से बल्लेबाजों को छकाएंगे

यह भी पढ़ें- Indian Railways : ट्रेनों की बोगियां दिखेंगी चकाचक, साफ-सफाई बेहतर होगी; यात्रियों को स्लीपर कोच में मिलेगा लिक्विड साबुन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।