उमेश पाल हत्याकांड के आरोपित अरमान से PCR पर होगी पूछताछ, बमबाज गुड्डू का खोल सकता है राज
उमेश पाल हत्याकांड के आरोपी शूटर अरमान को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। माना जा रहा है ...और पढ़ें

उमेश पाल के हत्यारोपित इनामी शूटर अरमान बिहारी को सोमवार को प्रयागराज की कोर्ट में पेशी के लिए ले जाते पुलिसकर्मी। जागरण आर्काइव
HighLights
फरारी के वक्त मददगारों के सामने आएंगे नाम
जेल में दर्ज किया जाएगा इनामी शूटर का बयान
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। विधायक राजू पाल हत्याकांड के गवाह उमेश पाल और दो सरकारी गनर की हत्या के मामले में अभियुक्त शूटर मो. अरमान बिहारी को पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसीआर) पर लेकर पूछताछ की जाएगी। इसके लिए पुलिस की ओर से तैयारी शुरू कर दी गई है।
गुड्डू मुस्लिम व शूटर साबिर के राज खोल सकता है
माना जा रहा है कि शूटर अरमान पूछताछ के दौरान पांच लाख के इनामी कुख्यात बमबाज गुड्डू मुस्लिम और शूटर साबिर से जुड़े राज खोल सकता है। प्रयागराज से बिहार तक भागने और फरारी के दौरान मदद करने वालों के नाम भी सामने आ सकते हैं। अरमान के बयान के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों को जांच के दायरे में लाकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अरमान की कोर्ट में अगली सुनवाई 14 दिन बाद
पुलिस का कहना है कि मामले को लेकर कोर्ट में अगली सुनवाई 14 दिन बाद है। ऐसे में अभियुक्त अरमान को पीसीआर पर लेने के लिए प्रपत्र तैयार करते हुए जल्द ही कोर्ट में अर्जी दाखिल की जाएगी। इसके साथ ही गया जेल में निरुद्ध शूटर अरमान का बयान भी दर्ज किया जाएगा। उसके द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी को पुलिस सत्यापित करते हुए आगे की कार्रवाई करेगी।
अरमान बाइक चला रहा था, बमबाज गुड्डू बैठा था
पीसीआर पर आरोपित से उमेश पाल हत्याकांड में भूमिका, घटना से पहले और बाद की गतिविधि सहित कई बिंदुओं पर पूछताछ किए जाने की तैयारी है। सीसीटीवी फुटेज से पता चला था कि हत्याकांड से पहले अरमान बाइक चलाते हुए दिखाई दिया, जिसके पीछे बमबाज गुड्डू बैठा था। अरमान ने हेलमेट लगाकर उमेश पाल की कार पर फायरिंग की थी। इन तथ्यों के आधार पर भी उससे घटना, गुड्डू और साबिर से सवाल किए जाएंगे।
क्या कहते हैं डीसीपी सिटी?
इस संबंध में डीसीपी सिटी सागर जैन का कहना है कि अभियुक्त अरमान को कोर्ट में पेश किया गया। अब प्रकरण में आगे की कार्यवाही विधिक प्रक्रिया के तहत की जाएगी।
तीन एसीपी समेत 185 सुरक्षाकर्मी रहे तैनात
माफिया अतीक के बेटे अली की पेशी के दौरान कुछ अपराधी अधिवक्ता के भेष में कचहरी पहुंच गए थे। ऐसे में अरमान की सुरक्षा को देखते हुए कचहरी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। शूटर अरमान की सुरक्षा के लिए 185 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे। इसमें तीन एसीपी, पांच इंस्पेक्टर, नौ दारोगा के अलावा दीवान, सिपाही, पीएसी के जवानों को ड्यूटी पर लगाया गया था।
