विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीवाली के बाद ट्रेनों में भीड़ का रेला, दिल्ली-मुंबई, राजस्थान, गुजरात व कोलकाता रूट पर पैर रखने की जगह नहीं

By Rajendra Yadav Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Thu, 12 Nov 2026 07:36 PM (IST)

दीपावली के बाद दिल्ली, मुंबई, राजस्थान, गुजरात और कोलकाता जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ उमड़ रही है। प्रयागराज जंक्शन ...और पढ़ें

प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर पांच पर गुजरात जाने के लिए ट्रेन का इंतजार करते यात्री। जागरण

प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर पांच पर गुजरात जाने के लिए ट्रेन का इंतजार करते यात्री। जागरण

HighLights

  1. ट्रेनों में ठसाठस भीड़ लेकिन प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफार्मों पर स्थिति नियंत्रित

  2. छठ पूजा के बाद यात्रियों की भीड़ बढ़ने के मद्देनजर रेलवे ने तैयारियां तेज की

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। दीपावली का त्योहार बीतने के बाद अब दूसरे शहरों की ओर लौटने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। दिल्ली, मुंबई, राजस्थान, गुजरात और कोलकाता जाने वाली ट्रेनों में जबरदस्त भीड़ उमड़ रही है। प्रयागराज जंक्शन और प्रयागराज छिवकी से गुजरने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में हालात ऐसे हैं कि यात्रियों को पैर रखने तक की जगह नहीं मिल रही है।

स्लीपर से लेकर एसी श्रेणी तक में सीटों की मारामारी

स्लीपर से लेकर एसी श्रेणी तक में सीटों की मारामारी है। जिन यात्रियों के पास कंफर्म टिकट हैं, उन्हें भी कोच तक पहुंचने और अपनी सीट पर बैठने में मशक्कत करनी पड़ रही है। दूसरी ओर, जंक्शन समेत अन्य रेलवे स्टेशनों के प्लेटफार्मों पर अपेक्षाकृत भीड़ नजर नहीं आ रही है। गिने-चुने यात्री ही ट्रेनों का इंतजार करते दिखाई दे रहे हैं।

दीवाली के बाद वापस लौटने की भीड़

दीवाली पर घर आए नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और दूसरे शहरों में रहने वाले परिवारों की अब वापसी शुरू हो गई है। इसके चलते प्रमुख महानगरों की ओर जाने वाली ट्रेनों में अचानक दबाव बढ़ गया है। नियमित ट्रेनों में पहले से ही लंबी प्रतीक्षा सूची होने के कारण यात्रियों को तत्काल टिकट का भी सहारा लेना पड़ रहा है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में लोगों को अपनी मनचाही ट्रेन में जगह नहीं मिल पा रही है। कई यात्री विवशता में दूसरी ट्रेनों और वैकल्पिक मार्गों से यात्रा करने की कोशिश कर रहे हैं।

भीड़ ट्रेनों में, प्लेटफार्मों पर कम यात्री

रेलवे स्टेशनों पर इन दिनों एक अलग ही तस्वीर देखने को मिल रही है। प्रयागराज जंक्शन, सूबेदारगंज, छिवकी रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म पर ट्रेन आने से पहले यात्रियों की संख्या बहुत अधिक नहीं दिखती, लेकिन जैसे ही दिल्ली, मुंबई और अन्य महानगरों की ओर जाने वाली ट्रेन पहुंचती है, उसमें चढ़ने के लिए अफरातफरी जैसी स्थिति बन जाती है। जनरल कोच में सबसे ज्यादा दबाव है। स्लीपर कोच के दरवाजों पर भी यात्रियों की भीड़ जमा रहती है। कई यात्री सामान लेकर कोच के गेट पर खड़े रहते हैं और अंदर जाने के लिए जगह तलाशते रहते हैं।

ट्रेन पर चढ़ने-उतरने में हो रही परेशानी

प्रयागराज जंक्शन, छिवकी और आसपास के स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों के सामने सबसे बड़ी समस्या यह है कि उनकी पसंद की ट्रेन में जगह उपलब्ध नहीं है। परिवार के साथ सफर करने वाले लोगों को विशेष रूप से परेशानी हो रही है। बच्चों और बुजुर्गों के साथ यात्रा करने वालों को भीड़ के बीच ट्रेन में चढ़ने और उतरने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

एक से तीन घंटे तक विलंब से चल रहीं ट्रेनें

त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ी संख्या का असर ट्रेनों के संचालन पर भी दिखाई दे रहा है। लंबी दूरी की कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से एक से तीन घंटे तक विलंब से चल रही हैं। इससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है।

16 नवंबर के बाद और बढ़ेगा दबाव

16 नवंबर को छठ पूजा समाप्त होने के साथ ही ट्रेनों में यात्रियों का दबाव और तेजी से बढ़ने की संभावना है। छठ पर्व के बाद बिहार और पूर्वांचल से दिल्ली, मुंबई, गुजरात, राजस्थान, कोलकाता समेत दूसरे राज्यों में काम करने वाले लोग वापस लौटेंगे। ऐसे में प्रयागराज से होकर गुजरने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में भीड़ बढ़ना तय माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें- PDA की अधिग्रहीत जमीनों की प्रयागराज में अवैध खरीद-बिक्री हो रही, राजस्व अभिलेखों में नहीं हुई दर्ज

यह भी पढ़ें- MNNIT PhD Admissions : मैकेनिकल इंजीनियरिंग में पीएचडी की सबसे अधिक 20 सीटें, आवेदन की अंतिम तिथि निकट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।