MNNIT PhD Admissions : मैकेनिकल इंजीनियरिंग में पीएचडी की सबसे अधिक 20 सीटें, आवेदन की अंतिम तिथि निकट
एमएनएनआईटी इलाहाबाद में पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिसमें कुल 98 सीटों के लिए 17 नवंबर तक ऑनलाइन ...और पढ़ें

एमएनएनआईटी इलाहाबाद में पीएचडी में आवेदन प्रक्रिया शुरू है।
HighLights
एमएनएनआईटी इलाहाबाद में पीएचडी आवेदन प्रक्रिया जारी, कुल 98 सीट
17 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन, लिखित परीक्षा व साक्षात्कार 30 नवंबर से
अप्लाइड मैकेनिक्स और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग में 15-15 सीटें
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) में पीएचडी प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। संस्थान की ओर से जारी विभागवार सीटों के आंकड़ों के अनुसार, मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग में सबसे अधिक 20 सीटें उपलब्ध हैं।
ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज में कोई सीट नहीं
अप्लाइड मैकेनिक्स और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग में 15-15 सीटें हैं। संस्थान के विभिन्न विभागों और स्कूलों में कुल 98 सीटों पर पीएचडी में प्रवेश दिया जाएगा। ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज में फिलहाल कोई सीट उपलब्ध नहीं है।
किस वर्ग के लिए कितनी सीटें?
जारी सीट आवंटन विवरण के अनुसार मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग की 20 सीटों में सामान्य वर्ग के लिए आठ, ओबीसी-एनसीएल के लिए छह, एससी के लिए दो, एसटी के लिए दो और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए दो सीटें निर्धारित हैं। अप्लाइड मैकेनिक्स और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में 15-15 सीटें उपलब्ध हैं।
कोर्स के अनुसार सीटें उपलब्ध
इलेक्ट्रानिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में 14, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में 13 और केमिकल इंजीनियरिंग में आठ सीटें हैं। सिविल इंजीनियरिंग विभाग में छह सीटें उपलब्ध हैं, जबकि जीआईएस सेल में दो सीटें हैं। बायोटेक्नोलाजी, केमिस्ट्री, गणित, भौतिक विज्ञान और स्कूल ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज में एक-एक सीट निर्धारित की गई है।
परीक्षा को शार्टलिस्ट अभ्यर्थियों की सूची 25 नवंबर को
अभ्यर्थी 17 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र की प्रिंटेड और हस्ताक्षरित प्रति जमा करने की अंतिम तिथि 20 नवंबर निर्धारित की गई है। लिखित परीक्षा के लिए शार्टलिस्ट अभ्यर्थियों की सूची 25 नवंबर को जारी होगी। लिखित परीक्षा और साक्षात्कार 30 नवंबर से दो दिसंबर के बीच आयोजित किए जाएंगे।
प्रवेश परिणाम नौ दिसंबर को घोषित होगा
पीएचडी प्रवेश का परिणाम नौ दिसंबर को घोषित किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को 12 दिसंबर तक सीट स्वीकार कर संस्थान की फीस जमा करनी होगी। यदि सीटें रिक्त रहती हैं तो प्रतीक्षा सूची के अभ्यर्थियों के लिए 14 दिसंबर को आवंटन परिणाम जारी किया जाएगा। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों को 16 दिसंबर तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।