UPTGT Bharti : बीपीएड डिग्रीधारी अभ्यर्थियों का सवाल- BEd करने वालों को छूट तो BPEd को क्यों नहीं?
टीजीटी भर्ती में बीपीएड डिग्रीधारी अभ्यर्थी बीएड की तरह न्यूनतम अंक प्रतिशत में छूट की मांग कर रहे हैं, खासकर ...और पढ़ें

टीजीटी भर्ती में बीपीएड अभ्यर्थियों ने बीएड के समान छूट दिए जाने की मांग की है।
HighLights
बीपीएड अभ्यर्थी टीजीटी भर्ती में बीएड समान छूट की मांग।
अभ्यर्थियों ने उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग में जाकर ज्ञापन भी सौंपा है
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। TGT Bharti टीजीटी भर्ती में स्नातक स्तर पर अंकों के न्यूनतम प्रतिशत की शर्त में उन अभ्यर्थियों को राहत मिली है जिन्होंने शिक्षा में स्नातक अथवा प्रारंभिक शिक्षा में स्नातक या समतुल्य पाठ्यक्रम में 29 जुलाई, 2011 से पहले प्रवेश लिया था। इसी के आधार पर बीपीएड डिग्रीधारी छूट चाहते हैं। उनका कहना है कि बीएड की तरह शारीरिक शिक्षा में बीपीएड की डिग्री होती है, इसके लिए छूट मिलनी चाहिए।
अभ्यर्थियों ने यह मांग की है
अभ्यर्थियों ने उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग में जाकर ज्ञापन भी दिया है। अभ्यर्थियों का कहना है कि जिन्होंने 29 जुलाई 2011 के पहले बीपीएड में प्रवेश ले लिया था या पास कर लिया था, उन्हें 50 प्रतिशत अंक की बाध्यता से मुक्त रखा जाए क्यों कि बीपीएड व बीएड डिग्री समकक्ष होती है। दोनों डिग्री समकक्ष होने पर भी अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन में बाधा आ रही है।
आवेदन की अंतिम तिथि 23 नवंबर है
TGT Bharti ज्ञापन देने वाले अनिल कुमार मौर्या आदि ने बताया कि उन्होंने 29 जुलाई 2011 के पहले ही बीपीएड में प्रवेश लिया था और डिग्री हासिल कर ली थी। उन लोगों के लिए प्रतिशत की कोई बाध्यता नहीं है, इसके बावजूद आवेदन करते समय ऐसे अभ्यर्थी अयोग्य बता दिए जा रहे हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 23 नवंबर है।
फार्म भरने के बाद प्रिंट में गलत डाटा निकल रहा
टीजीटी भर्ती के आवेदन के लिए पोर्टल पर 29 जुलाई से पहले बीएड करने वालों के लिए 12 नवंबर से एक कालम प्रवेश वर्ष बीएड के लिए जोड़ दिया गया। एक अन्य कालम बीएड उत्तीर्ण वर्ष को भी जोड़ा गया है। समस्या यह है कि अभ्यर्थी फार्म भरने के बाद जो प्रिंट ले रहे हैं, उसमें गलत डाटा निकल रहा है। जैसे यदि किसी अभ्यर्थी ने अपना बीएड प्रवेश वर्ष 2011 भरा और बीएड उत्तीर्ण वर्ष 2012 भरा है तो उसका प्रिंट आउट बीएड उत्तीर्ण वर्ष 2011 लिख कर आ रहा है। प्रवेश वर्ष प्रिंट आउट में अंकित नहीं हो रहा है।
अभ्यर्थियों को मिलेगा सुधार का मौका
इस प्रकरण में अभ्यर्थियों ने जब आयोग को ईमेल भेजा तो यूपीईएसएससी सपोर्ट टीम से जवाब आया कि अभ्यर्थियों को अपनी जानकारी में हुई गलती को ठीक करने का मौका दिया जाएगा। इस अवधि में बीएड में प्रवेश का वर्ष या उत्तीर्ण होने का वर्ष आवश्यकता के अनुसार अपडेट कर सकते हैं। घबराने की आवश्यकता नहीं है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।