TGT Bharti 2026 : एकल विषय स्नातक अभ्यर्थियों की याचिका पर इलाहाबाद HC में सुनवाई, 18 नवंबर को अगली सुनवाई
इलाहाबाद हाई कोर्ट में टीजीटी भर्ती 2026 में एकल विषय स्नातक और 50% से कम अंक वाले अभ्यर्थियों को आवेदन ...और पढ़ें

टीजीटी 2026 में एकल विषय स्नातक योग्यता वाले अभ्यर्थियों ने इलाहाबाद HC में याचिका दायर की है।
HighLights
याचिका में मांग- एकल विषय से स्नातक करने वालों को टीजीटी आवेदन का अवसर दिया जाए
50% से कम अंक पाने वाले अभ्यर्थियों की समस्याओं पर भी सुनवाई की मांग भी की गई है
राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। टीजीटी भर्ती 2026 में एकल विषय व समकक्ष स्नातक डिग्रीधारियों को आवेदन का अवसर देने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों की ओर से दायर याचिका की सुनवाई शुक्रवार को इलाहाबाद हाई कोर्ट में हुई। याचिका न्यायमूर्ति मंजू रानी चौहान की अदालत में सूचीबद्ध थी, लेकिन उनके अवकाश पर होने के कारण इसे कोर्ट नंबर 32 में स्थानांतरित किया गया।
न्यायमूर्ति दिनेश पाठक ने सुनवाई की। सरकार की ओर से तीन अधिवक्ताओं ने केस के अध्ययन के लिए समय मांगा है। न्यायालय ने प्रतियोगी छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए केवल पांच दिन का समय दिया। अब मामले की अगली सुनवाई 18 नवंबर 2026 को नियमित कोर्ट नंबर 52 में न्यायमूर्ति मंजू रानी चौहान के समक्ष होगी।
याचिका में मांग की गई है कि एकल विषय से एक, दो एवं तीन वर्षीय स्नातक, एडिशनल विषय तथा विषय संयोजन वाले अभ्यर्थियों को टीजीटी आवेदन का अवसर दिया जाए। साथ ही 50 प्रतिशत से कम अंक वाले अभ्यर्थियों की समस्याओं पर भी सुनवाई की मांग की गई है।
इसके अतिरिक्त पोर्टल में लगातार संशोधन, तकनीकी खामियों एवं योग्यता संबंधी अस्पष्टता के कारण अभ्यर्थियों को हो रही परेशानी को देखते हुए आवेदन की अंतिम तिथि 10 दिन बढ़ाने तथा परीक्षा की तिथि कम से कम 30 दिन आगे बढ़ाने का भी आग्रह किया गया है। इस दौरान याची कौशल कुमार विश्वकर्मा, अमित, सुनील, चंद्रजीत, आनंद, सुभान पाल, रामसेवक, अमित यादव, प्रदीप आदि मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।