विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों को ही मिलेगी पदोन्नति, बिना टीईटी वालों का पद रहेगा सुरक्षित

By Mritunjay Mishra Edited By: Brijesh Srivastava
Published: Fri, 13 Nov 2026 02:37 PM (IST)

बेसिक शिक्षा परिषद ने परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों की पदोन्नति को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। केवल टीईटी उत्तीर्ण शिक्षकों ...और पढ़ें

TET उत्तीर्ण शिक्षकों को ही प्रमोशन मिलेगा, बेसिक शिक्षा विभाग ने स्थिति स्पष्ट कर दी है।

TET उत्तीर्ण शिक्षकों को ही प्रमोशन मिलेगा, बेसिक शिक्षा विभाग ने स्थिति स्पष्ट कर दी है।

HighLights

  1. स्पेशल टीईटी का परिणाम आने के बाद ऐसे शिक्षकों के संबंध में होगी आगे की कार्रवाई

  2. बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव ने उत्तर प्रदेश के सभी बीएसए को जारी किए निर्देश

राज्य ब्यूरो, जागरण, प्रयागराज। परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों की पदोन्नति को लेकर बेसिक शिक्षा परिषद ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। पदोन्नति के लिए टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) की अर्हता पूरी करने वाले शिक्षकों को ही संबंधित पदों पर पदोन्नति का अवसर मिलेगा।

स्पेशल टीईटी के परिणाम के बाद आगे की कार्रवाई होगी

टीईटी उत्तीर्ण नहीं करने वाले ऐसे शिक्षकों का पद सुरक्षित रखा जाएगा, जिनके नाम जिला स्तर पर तैयार की जा रही वरिष्ठता सूची में शामिल हैं। उनके संबंध में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित स्पेशल टीईटी का परिणाम घोषित होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दिशा-निर्देश जारी कर स्थिति स्पष्ट की

दरअसल, कई जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों (बीएसए) ने टीईटी की अर्हता पूरी नहीं करने वाले शिक्षकों को पदोन्नति की पात्रता सूची में शामिल किए जाने और उन्हें पदोन्नति का अवसर देने के संबंध में बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेन्द्र कुमार तिवारी से मार्गदर्शन मांगा था। इस पर सचिव ने 12 नवंबर को दिशा-निर्देश जारी कर स्थिति स्पष्ट की।

ऐसे शिक्षकों के पद सुरक्षित रखे जाएंगे

उन्होंने कहा कि ऐसे शिक्षकों के पद सुरक्षित रखे जाएंगे। स्पेशल टीईटी का परिणाम आने के बाद तत्काल समिति के माध्यम से उनके संबंध में आगे की कार्यवाही की जाएगी। निर्देशों के अनुसार, प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत ऐसे सहायक अध्यापक जिन्होंने प्राथमिक स्तर की टीईटी उत्तीर्ण की है, उन्हें प्रधानाध्यापक प्राथमिक विद्यालय के पद पर पदोन्नति दी जाएगी।

इन्हें प्रधानाध्यापक पद पर पदोन्नति मिलेगी

प्राथमिक विद्यालय के जिन सहायक अध्यापकों ने प्राथमिक और उच्च प्राथमिक दोनों स्तर की टीईटी उत्तीर्ण की है, उन्हें प्रधानाध्यापक प्राथमिक विद्यालय अथवा सहायक अध्यापक उच्च प्राथमिक विद्यालय के पद पर पदोन्नति का अवसर मिलेगा। इसी तरह उच्च प्राथमिक स्तर की टीईटी उत्तीर्ण सहायक अध्यापकों (उच्च प्राथमिक स्तर) और प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक पद पर पदोन्नति दी जाएगी।

पदोन्नति पर असमंजस की स्थिति दूर होने की उम्मीद

परिषद के इन निर्देशों से प्रदेश के विभिन्न जिलों में पदोन्नति प्रक्रिया को लेकर बनी असमंजस की स्थिति दूर होने की उम्मीद है। साथ ही टीईटी उत्तीर्ण नहीं करने वाले शिक्षकों के हितों को ध्यान में रखते हुए उनके पद सुरक्षित रखने का प्रावधान किया गया है।

यह भी पढ़ें- PDA छह आवासीय योजनाओं में 236 भूखंडों की बिक्री करेगा, दिसंबर में शुरू हो सकता है रजिस्ट्रेशन

यह भी पढ़ें- Magh Mela 2027 : श्रद्धालुओं के लिए इस बार 9 पांटून पुल बनेंगे, निर्माण कार्य शुरू; दिसंबर तक पूरा होगा काम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।