Prayagraj News: अस्पतालों में स्वस्थ नारी स्वस्थ परिवार अभियान की शुरुआत
प्रयागराज के अस्पतालों में स्वस्थ नारी स्वस्थ परिवार अभियान की शुरुआत हुई। यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा। टीबी सप्रू चिकित्सालय बेली अस्पताल मोतीलाल नेहरू मंडलीय चिकित्सालय काल्विन और स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में महिलाओं के लिए विशेष ओपीडी का संचालन किया जा रहा है। विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टर महिलाओं को प्राथमिकता देते हुए उपचार और दवाई दे रहे हैं।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। नारी स्वस्थ रहेगी तो परिवार, और परिवार स्वस्थ रहेगा तो समाज स्वस्थ रहेगा। इसी धारणा के साथ आज यानी 17 सितंबर से विभिन्न अस्पतालों में 'स्वस्थ नारी स्वस्थ परिवार' अभियान की शुरुआत हुई है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सपने को पूरा करने के लिए डॉक्टरों की उपस्थिति में तमाम जनप्रतिनिधि इस अभियान में पहुंचे। सामान्य रूप से चलने वाली ओपीडी के अलावा एक कक्ष में सभी विभागों की अतिरिक्त ओपीडी का संचालन हुआ है। यह दो अक्टूबर तक चलेगा।
टीबी सप्रू चिकित्सालय बेली अस्पताल, मोतीलाल नेहरू मंडलीय चिकित्सालय काल्विन और स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में इस अभियान के तहत महिलाओं के लिए एक अलग ओपीडी का संचालन हुआ है।
बेली अस्पताल के रैन बसेरा वाले कक्ष में मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति रोग, हड्डी रोग, त्वचा रोग, मानसिक रोग, सर्जरी समेत अन्य बीमारियों के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टेबिल लगाई गई है।
इसमें केवल महिलाओं को प्राथमिकता देते हुए उपचार और दवाई देने की व्यवस्था रखी गई है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर भावना शर्मा और अधीक्षक डॉक्टर एमके अख़ोरी ने महिलाओं को बताया कि वह स्वस्थ रहेंगी तो परिवार खुशहाल होगा।
किसी भी बीमारी के लिए इलाज में लेटलतीफी न करने और फौरन डॉक्टर से संपर्क कर उचित उपचार लेने का परामर्श दिया। वहीं काल्विन हॉस्पिटल में फूलपुर के सांसद प्रवीण पटेल ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। वहां भी सभी विभागों की एक अलग ओपीडी का संचालन किया गया है।
अस्पतालों में महिला मरीजों की भीड़ पहुंची है। महिलाओं का कहना है कि सामान्य रूप से ओपीडी में आने पर काफी ज्यादा इंतजार करना पड़ता है। यहां पर्चा बनवाने के बाद डॉक्टर से मिलने के लिए अधिकतम दो मिनट लगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।